महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे चल रहे छह लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे धुले-सोलापुर रोड पर नमलगांव फाटा पर हुई। कंटेनर ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक ने छह पैदल यात्रियों को कुचल दिया। पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय आकाश कोलसे, विशाल काकड़े और अनिकेत शिंदे, 21 वर्षीय दिनेश पवार और किशोर तौर और 30 वर्षीय पवन जगताप के रूप में हुई है।
मकोका अदालत ने मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड की जमानत याचिका खारिज की
बीड जिले की विशेष अदालत ने सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड को शनिवार को जमानत देने से इनकार कर दिया और कहा कि साक्ष्य प्रथम दृष्टया अपराध में उसकी सक्रिय संलिप्तता दर्शाते हैं। बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच देशमुख का पिछले साल नौ दिसंबर को अपहरण कर लिया गया और उन्हें प्रताड़ित करके मार डाला गया। कराड समेत आठ लोगों को मकोका, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार किया गया था। उनकी याचिका को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के विशेष न्यायाधीश (बीड कोर्ट) वीएच पटवाडकर ने खारिज कर दिया। अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि कराड और सह-आरोपियों द्वारा कथित रूप से किए गए अपराधों की आपराधिकता और प्रतिशोध इतना गंभीर था कि यदि उन्हें जमानत पर रिहा किया जाता है, तो उनके द्वारा इसी तरह के या इससे बड़े अपराध को दोहराने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
महिला को परेशान करने आरोप में व्यवसायी गिरफ्तार
पालघर के वाडा में शनिवार को एक व्यवसायी को 24 वर्षीय एक महिला का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वाडा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान ट्रैवल व्यवसायी देवेंद्र पाटिल (30) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर शुक्रवार को दर्ज मामले के अनुसार पाटिल ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम अकाउंट से उसे अश्लील संदेश और अश्लील तस्वीरें भेजी थीं। उसे महिला का पीछा करने और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
लातूर के निवासियों ने तेज आवाज और जमीनी कंपन की शिकायत की
महाराष्ट्र के लातूर के निवासियों ने शनिवार को बताया कि दोपहर 1:45 से दो बजे के बीच उन्हें तेज आवाज सुनाई दी और उसके बाद जमीन में कंपन हुआ। हालांकि लातूर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूकंप की अटकलों का खंडन करते हुए कहा कि दिन के दौरान क्षेत्र में कोई भूकंपीय गतिविधि दर्ज नहीं की गई। डीडीएमए ने नागरिकों से शांत रहने और अफवाहों पर विश्वास न करने या उन्हें न फैलाने को कहा। हालांकि ऐसी असामान्य ध्वनियां या कंपन कभी-कभी गैर-भूकंपीय कारणों से भी हो सकती हैं, लेकिन शनिवार को कोई भूकंपीय घटना दर्ज नहीं की गई।
भाजपा नेता विनोद तावड़े ने मुंबई में अमित शाह से की मुलाकात
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने इस बारे में बताया। बता दें कि अमित शाह शुक्रवार रात शहर पहुंचे थे, जहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया।
पार्टी सूत्र के अनुसार, तावड़े की शाह से मुलाकात के दौरान उन्होंने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की। इसके अलावा मराठा आरक्षण आंदोलन पर भी शाह ने जानकारी ली। वहीं, शाह मुख्यमंत्री फडणवीस और मंत्री आशीष शेलार, जो मराठा आरक्षण पर कैबिनेट उप-समिति के सदस्य हैं, से अधिक जानकारी लेंगे।
शाह मुंबई में आज लालबागचा राजा के करेंगे दर्शन
सूत्रों के अनुसार, शाह शनिवार सुबह लोकप्रिय लालबागचा राजा गणपति के दर्शन करेंगे। कुछ अन्य गणेश मंडलों का भी दौरा कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री शाह सीएम फडणवीस से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे।
विरार इमारत ढहने के मामले में चार और गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में इमारत ढहने के मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हादसे में इस सप्ताह की शुरुआत में 17 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे की जाँच मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
गौरतलब है कि मुंबई से सटे पालघर के विरार इलाके के विजय नगर में बुधवार रात करीब 12.05 बजे एक अनधिकृत चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट बगल के एक खाली पड़े मकान पर गिर गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई।