DRI ने ₹115 करोड़ के निर्यात घोटाले का भंडाफोड़ किया
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने ₹115 करोड़ के निर्यात प्रोत्साहन घोटाले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मुंबई का एक व्यक्ति, जिसे इस घोटाले का 'मास्टरमाइंड' बताया जा रहा है, और एक कस्टम ब्रोकर शामिल हैं। DRI को खास जानकारी मिली थी कि एक सिंडिकेट अफ्रीकी देशों में नकली और अधिक मूल्य दिखाकर कपड़ों का निर्यात कर रहा है, ताकि सरकार से ड्यूटी ड्रॉबैक और RoSCTL स्कीम के तहत प्रोत्साहन राशि ली जा सके। ये कपड़े पुणे के तालेगांव ICD से कई फर्जी आयात-निर्यात कोड (IEC) के जरिए भेजे जा रहे थे।
मराठा आरक्षण पर सरकार का रुख साफ– चंद्रशेखर बावनकुले
महाराष्ट्र सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि मराठा समुदाय को आरक्षण दिया जाएगा, लेकिन OBC (अन्य पिछड़ा वर्ग) के कोटे में कोई कटौती नहीं होगी। यह बात राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को नागपुर में कही। उनका यह बयान मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे की उस मांग के बाद आया है जिसमें उन्होंने मराठा समाज को OBC वर्ग के तहत 10% आरक्षण देने की मांग की है।
बावनकुले ने कहा कि सरकार का स्पष्ट रुख है कि मराठाओं को आरक्षण दिया जाए, लेकिन OBC कोटा प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसी दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ जरांगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र फडणवीस का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। राज्य की जनता जरांगे को जवाब देगी।”
बावनकुले ने कहा कि आंदोलन करने का सबको अधिकार है, लेकिन गणेशोत्सव जैसे बड़े त्योहार के समय आंदोलन नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इससे त्योहार की शांति प्रभावित हो सकती है। इस बीच मनोज जरांगे अपने समर्थकों के साथ मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां वे आरक्षण को लेकर आंदोलन करेंगे।
लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचे गडकरी
गणेश चतुर्थी के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी लालबाहगचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं कई वर्षों बाद लालबागचा राजा के दर्शन करने आया हूं। मैंने भगवान गणेश से देश की भलाई और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है।