भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक सरकारी योजना की 30 वर्षीय महिला वार्ड समन्वय अधिकारी को एक व्यक्ति से कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। पालघर एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक दादाराम करांडे ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक इकाई को 32 वर्षीय एक महिला से शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि यहां वाडा क्षेत्र में यूएमईडी (महाराष्ट्र राज्य आजीविका मिशन) कार्यालय का एक लोक सेवक उसके मानदेय का चेक जारी करने के लिए पैसे की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता को राज्य ग्रामीण आजीविका सुधार मिशन की उमेद अभियान योजना के तहत काम के लिए 19,800 रुपये मिलने थे, लेकिन आरोपी ने चेक जारी करने के लिए कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी। एसीबी ने सोमवार को जाल बिछाया और आरोपी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
भिवंडी में 31.8 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त, दो लोग गिरफ्तार
ठाणे शहर की पुलिस ने भिवंडी में दो वाहनों से 15 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन (नशीला पदार्थ) जब्त किया है जिसकी अनुमानित कीमत 31.8 करोड़ रुपये है। यह नशीला पदार्थ ठाणे से मुंबई ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर ड्रग्स के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने बताया कि ठाणे शहर पुलिस की अपराध शाखा को भिवंडी बाईपास रोड पर पुलिस की एक टीम ने नौ अगस्त को नासिक-ठाणे राजमार्ग पर रंजनोली के पास जाल बिछाया और दो वाहनों को रोका। कार में मुंब्रा निवासी तनवीर अहमद कमर अहमद अंसारी (23) निवासी मुंब्रा और विट्ठलवाड़ी निवासी महेश हिंदूराव देसाई (35) सवार थे। इन दोनों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। अंसारी की कार से करीब 11.7 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया, जबकि देसाई की बीएमडब्ल्यू कार से 4.161 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया गया।
बीएमडब्ल्यू कार के पीछे ठाणे महानगरपालिका का लोगो लगा था। पुलिस स्टिकर की जांच कर रही है, जबकि अंसारी चोरी की कार चला रहा था। पुलिस के अनुसार, अंसारी भिवंडी में दर्ज कई आपराधिक मामलों में संलिप्त है, जबकि कोल्हापुर के निवासी देसाई के खिलाफ वहां एनडीपीएस अधिनियम और मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध निवारण अधिनियम) के तहत कई मामले दर्ज हैं।
कैबिनेट ने दी 15000 पुलिस कर्मियों की भर्ती को मंजूरी
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को राज्य में 15,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दे दी। इसके अलावा कैबिनेट ने सोलापुर-पुणे-मुंबई मार्ग के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण को भी मंजूरी दी। वहीं कैबिनेट ने सामाजिक न्याय विभाग के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत ऋण के गारंटर के लिए मानदंडों में ढील दी।
11 सितंबर से बेमियादी हड़ताल करेंगे राज्य के ट्रांसपोर्टर
महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर 11 सितंबर से बेमियादी हड़ताल कर सकते हैं। राज्य के ट्रांसपोर्टरों ने सरकार को चेतावनी दी है। स्कूल बस संचालकों समेत ट्रांसपोर्टरों ने दो महीने पहले भी उन्होंने इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया था। अब यातायात उल्लंघन के लिए ई-चालान प्रणाली और अन्य अनसुलझे मांगों के विरोध में 11 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का एलान किया गया है। सोमवार को स्कूल बस मालिक संघ के नेता अनिल गर्ग ने कहा, वाशी में 500 से अधिक वाहन मालिकों की एक बैठक हुई। हमने 11 सितंबर को चक्का जाम करने का फ़ैसला किया है। स्कूल बस संचालकों समेत सभी ट्रांसपोर्टर इसमें हिस्सा लेंगे।" ट्रांसपोर्टरों ने सोमवार को दावा किया कि सरकारी समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनके मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं। पुणे के ट्रांसपोर्टरों के नेता बाबा शिंदे ने कहा, राज्य सरकार ट्रांसपोर्टरों द्वारा उठाई गई वैध मांगों के संबंध में अपना वादा निभाने में विफल रही है। अब हम हम अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, जद्दोजहद कर रहे दमकलकर्मी
वाशिम में एक कपड़े की दुकान में सोमवार देर रात आग लग गई। फायर स्टेशन में सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन अधिकारी कमलेश कोहली ने बताया कि एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही हम पहुंच गए। दो गाड़ियां पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। जरूरत के मुताबिक हमने वाशिम जिले से और गाड़ियां मंगवाई हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।