पुणे की एक विशेष अदालत ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर पर उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दायर मानहानि मामले में मंगलवार को पेशी से स्थायी छूट दे दी। मानहानि मामले में गांधी की तरफ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता मिलिंद पवार ने अदालत के समक्ष पिछले माह एक अर्जी दायर की थी जिसमें कांग्रेस नेता को पेशी से स्थायी छूट देने का अनुरोध किया गया था
बता दें कि यह मामला सावरकर के एक रिश्तेदार द्वारा दायर किया गया था और इस मामले में राहुल गांधी को पहले ही जमानत दी जा चुकी है। सांसद/विधायक अदालत के न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) अमोल शिंदे ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और उन्हें कई बैठकों में भाग लेना है।
कोर्ट का बयान
राहुल गांधी को ‘जेड-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिले होने को ध्यान में रखते हुए अदालत ने आदेश में कहा कि सुरक्षा पर होने वाले खर्च तथा सुनवाई में शामिल होने पर कानून-व्यवस्था के मसले को ध्यान में रखते हुए उन्हें मामले में पेश होने से स्थायी छूट प्रदान की जाती है। अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी दंपति बेटे समेत गिरफ्तार
नवी मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी दंपति और उनके बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 24 नवंबर, 2024 को मानव तस्करी विरोधी सेल (एएचटीसी) के अधिकारियों ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई के वाशी के जुहूगांव में एक फ्लैट में रह रहे शारो अबताब शेख (48) और उनकी पत्नी सलमा सारो शेख (39) को गिरफ्तार किया था। उनके दस्तावेजों की जांच की गई। आरोपियों ने अपने फ्लैट के कागजात, आधार, पैन, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड, राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र दिए थे। जन्म प्रमाण पत्र पश्चिम बंगाल के जयनगर के एक अस्पताल से जारी किए गए थे। इसके बाद दंपति को छोड़ दिया गया। पुलिस ने जन्म प्रमाण पत्र की जांच के लिए दो फरवरी को पश्चिम बंगाल के अस्पताल में टीम भेजी। यहां पता लगा कि जन्म प्रमाण पत्र फर्जी थे। एक सूत्र ने पुलिस को दंपति का बांग्लादेश की राष्ट्रीयता का कार्ड भेजा। पुलिस ने रविवार को दंपति और उनके 22 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दंपति बोगना बॉर्डर चेक पोस्ट से भारत में दाखिल हुए थे। उन्होंने अवैध रूप से प्रमाण पत्र हासिल किए। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रेमिका की हत्या करने वाला युवक पकड़ा
पुलिस ने पालघर में विवाद के बाद प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मनोर गांव के निवासी आरोपी ने अपनी पत्नी को तलाक देने के बाद दूसरी युवती से संबंध बना लिए थे। रविवार दोपहर को युवती ने आरोपी से दूसरी महिला से संबंधों को लेकर पूछताछ की। उसने आरोपी को पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी। इस पर दोनों में विवाद हुआ। आरोपी ने युवती पर टाइल्स से हमला कर दिया। इससे युवती की मौत हो गई। उसके शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
एकनाथ शिंदे ने बनाया चिकित्सा सहायता प्रकोष्ठ
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) प्रकोष्ठ से इतर एक चिकित्सा सहायता प्रकोष्ठ की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ ‘किसी बात को लेकर तकरार’ से इनकार कर दिया है। राज्य में अपनी तरह का यह संभवत: पहला मामला है और यह ऐसे वक्त में हुआ है जब देवेंद्र फडणवीस नीत सरकार में महायुति सहयोगियों के बीच प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर खींचतान मची हुई है। शिंदे ने कहा, इस प्रकोष्ठ की स्थापना नागरिकों की सहायता करने के हमारे सामूहिक प्रयासों में एक कदम आगे है।