नासिक में एकनाथ शिंदे के विमान के हेलीपैड पर ड्रोन देखा गया
नासिक में आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विमान के उतरने वाले हेलीपैड पर एक ड्रोन देखा गया। इस घटना के बाद, एकनाथ शिंदे ने कहा, "पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया है और वे इसकी जांच करेंगे।" पुलिस अब ड्रोन के संचालन और इसके पीछे के उद्देश्य की जांच कर रही है।
सीएम फडणवीस ने त्रिवेणी संगम में परिवार के साथ लगाई डुबकी
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि मैं आज अपने परिवार के साथ महाकुंभ में शामिल हो सका। मैं योगी जी को यहां की शानदार व्यवस्थाओं के लिए बधाई देता हूं। महाकुंभ में आने वाला हर व्यक्ति खुश है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बन रहा है। महाकुंभ का प्रबंधन और यहां आने वाले लोगों की संख्या देखकर दुनिया हैरान है।
सीएम की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी जाहिर की खुशी
साथ ही सीएम फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी महाकुंभ में अपनी उपस्थिति पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमें बेहद खुशी है कि हम उन 50 करोड़ लोगों में शामिल हैं जिन्होंने महाकुंभ के दौरान भक्ति की इस पवित्र डुबकी लगाई है। मैं योगी जी को धन्यवाद देना चाहती हूं। हम प्रयास कर रहे हैं कि नासिक में होने वाला अगला कुंभ भी भव्य हो और इसकी अच्छी व्यवस्था हो।