फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: मुंबई की बहुमंजिला इमारत में लगी आग, एक की मौत; रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे से टकराया इंजन; जांच शुरू

Tue, 07 Jan 2025 10:59 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जान से मारने की धमकी मिली है। ठाणे पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपी हितेश धेंडे (26) के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वर्ली पाडा निवासी धेंडे ने सोशल मीडिया पर उपमुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक कार्यकर्ता ने इस संबंध में शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन


धाराशिव में खेत में पानी आपूर्ति को लेकर झड़प, तीन की मौत
धाराशिव जिले के एक गांव में खेत के लिए कुएं से पानी बांटने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस सिलसिले में 10 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस के अधिकारी ने बताया कि रविवार रात बावी गांव में हुई इस घटना में शामिल लोग दूर के रिश्तेदार थे, जो साझा कुएं से पानी की आपूर्ति को लेकर विवाद में उलझे हुए थे। दोनों समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर लकड़ी के डंडों, दरांती और चाकुओं से हमला किया, जिससे अप्पा काले, परमेशर काले और सुनील काले की मौत हो गई।

अंधेरी हाईराइज की 11वीं मंजिल के फ्लैट में लगी आग
मुंबई के अंधेरी पश्चिम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सोमवार को एक 13 मंजिला आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल के फ्लैट में भीषण आग लग गई, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मामले में अधिकारियों ने बताया कि आग रात 10 बजे ओबेरॉय कॉम्प्लेक्स में स्काई पैन बिल्डिंग में लगी। एक अधिकारी ने बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मुंबई फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियां और अन्य उपकरण तैनात किए गए हैं। पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, बिजली और उपयोगिता कर्मचारियों के साथ दमकलकर्मी मौके पर हैं। आग बुझाने का अभियान जारी है।

दक्षिण मुंबई में एक ही नंबर प्लेट वाली दो कार मिलीं
दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित ताज महल पैलेस होटल के पास सोमवार को एक ही नंबर प्लेट वाली दो कारें खड़ी मिलने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि चालक प्रसाद चंद्रकांत कदम (38) ने यह सुनिश्चित करने के लिए नंबर प्लेट में हेरफेर की थी कि उसका वाहन उस वित्तीय कंपनी द्वारा जब्त न किया जाए, जिससे उसने ऋण लिया था। कदम ने बताया कि किश्तों का भुगतान न करने पर फाइनेंस कंपनी ने पहले भी दो बार उसकी कार को जब्त कर लिया था।

मामले में शिकायतकर्ता साकिर अली के मुताबिक, उनकी कार को नियमित रूप से यातायात नियम उल्लंघन के ई-चालान मिल रहे हैं। उन्हें एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है, उन्होंने मामले की पड़ताल की और आज दोपहर उन्हें अपनी गाड़ी के समान नंबर प्लेट वाली एक कार मिली। साथ ही अधिकारी ने बताया कि उसने कदम से पूछताछ की, जो फर्जी नंबर प्लेट वाली कार में था और फिर पुलिस दोनों वाहनों को कोलाबा पुलिस थाने ले आई। अली की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया और कदम को गिरफ्तार कर लिया गया।

एवियन फ्लू से तीन बाघों, एक तेंदुए की मौत, अलर्ट
महाराष्ट्र के नागपुर में एक पशु बचाव केंद्र में एवियन इन्फ्लूएंजा से तीन बाघों और एक तेंदुए की मौत हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने चिड़ियाघरों को अलर्ट जारी कर दिया है। गोरेवाड़ा परियोजना के मंडल प्रबंधक शतानिक भागवत ने सोमवार को  बताया कि बीते साल दिसंबर के आखिर में  केंद्र में हुईं इन मौतों के बाद केंद्र सरकार ने चिड़ियाघरों को एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। मानव-पशु संघर्ष की घटनाओं के बाद जानवरों को चंद्रपुर से गोरेवाड़ा बचाव केंद्र भेजा गया था।

मुंबई : 13.48 करोड़ की धोखाधड़ी में फर्म, प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
जमा राशि पर मोटे मुनाफे का वादा कर निवेशकों से 13.48 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में फर्म प्लेटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों पर केस दर्ज किया गया। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि आरोपियों की पहचान प्लेटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सर्वेश अशोक सुर्वे, विक्टोरिया कोवलेंको, सीईओ तौफीक रियाज उर्फ जॉन कार्टर, महाप्रबंधक तानिया कोसाटोवा और कंपनी के स्टोर प्रभारी वेलेंटीना कुमार एवं अन्य के रूप में हुई है। 'टोरेस' ब्रांड संचालित करने वाली कंपनी ने कई निवेशकों से धोखाधड़ी के बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में कई शाखाएं बंद कर दीं। ठगी का अहसास होने के बाद कई निवेशकों ने पुलिस से संपर्क किया। निवेशकों की ओर से पुलिस को दी शिकायत में कहा कि फर्म ने निवेश पर 6 प्रतिशत साप्ताहिक रिटर्न का वादा किया था। निवेशकों को अपने रिटर्न का कुछ हिस्सा 30 दिसंबर तक प्राप्त होता रहा। इसके बाद कंपनी ने भुगतान रोक दिया। फर्म और उसके प्रबंधन के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य अपराधों की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

भंडारा जिले में बाघिन की मौत करंट लगने की आशंका, एक हिरासत में
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के जंगल में सोमवार को एक बाघिन मृत पाई गई, जिसके बाद पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उप वन संरक्षक राहुल गवई ने कहा, बाघिन की उम्र 3 साल थी। उसका शव तुमसर वन रेंज के झांझरिया में पाया गया। शरीर पर जलने के निशान हैं, इससे पता चलता है कि आरोपी ने इसे जलाने की कोशिश की। इसके अन्य अंग बरकरार हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि बाघिन की मौत बिजली के झटके से हुई होगी। उन्होंने कहा कि तुमसर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि तुमसर में पिछले कुछ दिनों में यह बाघ के मौत की यह दूसरी घटना है। इसके पहले 30 दिसंबर को देवनारा-कुरमुडा गांव के पास एक बाघ मृत पाया गया था।

गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल, हमलावर कीमती सामान लेकर भागा
मुंबई पुलिस ने अंगड़िया व्यापारी पर गोलीबारी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में तीन और संदिग्धों की तलाश कर रही है। मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अंगड़िया व्यापारी पर गोलीबारी कर सोने के गहने लूट लिए थे। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एमआरए मार्ग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि क्राइम ब्रांच ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है  पुलिस ने इन गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का 90 प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित के परिचितों ने गोलीबारी कर चोरी की साजिश रची थी। जैसे ही पता चला कि इस साजिश में पांच आरोपी हैं, उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी 50 लाख रुपये के कीमती सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।

बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से एक की मौत
मुंबई के अंधेरी इलाके में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लग जाने से एक वरिष्ठ नागरिक की दम घुटने से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आग सोमवार रात 10 बजे 'ओबेरॉय कॉम्प्लेक्स' स्थित 13 मंजिले 'स्काई पैन' इमारत की 11वीं मंजिल पर एक फ्लैट में लगी। उन्होंने बताया कि करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के बाद धुएं के कारण दो लोगों का दम घुट गया और उन्हें निकटवर्ती कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से एक की पहचान 75 वर्षीय राहुल मिश्रा के रूप में हुई है, जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरे व्यक्ति रौनक मिश्रा (38) का इलाज हो रहा है।

महाराष्ट्र सरकार जल्द लागू करेगी ई-कैबिनेट प्रणाली

महाराष्ट्र सरकार जल्द ही एक ई-कैबिनेट प्रणाली लागू करेगी। इसका उद्देश्य कैबिनेट बैठकों में कागज के उपयोग को कम करना और पारंपरिक दस्तावेजीकरण को स्मार्ट टैबलेट से बदलना है। राज्य सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा  कि मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्य सचिव सुजाता सौनिक द्वारा प्रस्तुत इलेक्ट्रॉनिक-संचालित पहल का उद्देश्य सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ बनाना है। बता दें कि कैबिनेट बैठकों में कागज का उपयोग कम कर दिया जाएगा और स्मार्ट टैबलेट पारंपरिक दस्तावेजीकरण की जगह ले लेंगे। यह प्रणाली बैठक के रिकॉर्ड को भी सुरक्षित रखेगा और संदर्भों या पिछले निर्णयों को पुनः प्राप्त करना आसान बना देगा।

रेलवे ट्रैक के पास रखे लोहे के टुकड़े से टकरा गया लोकोमोटिव

ठाणे में अटगांव और थानसिट स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के पास रखे एक फुट लंबे लोहे के टुकड़े से एक लोकोमोटिव टकरा गया। इस घटना के बाद सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने जांच शुरू की। यह घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सेंट्रल रेलवे लाइन पर घटी। एक जीआरपी अधिकारी ने कहा, एक ओवरहेड वायर इंजन कसारा स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी वह रेलवे ट्रैक के पास रखे एक फुट लंबे लोहे के टुकड़े से टकरा गया।। उन्होंने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह शरारत थी या तोड़फोड़ का प्रयास। एक कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 
विज्ञापन

विधि परीक्षा में शामिल होने के लिए एक आरोपी को अंतरिम जमानत
मुंबई में विशेष राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अदालत ने मंगलवार को एल्गार परिषद-माओवादी से संबंध मामले के एक आरोपी महेश राउत को कानूनी शिक्षा के लिए डिग्री परीक्षा में शामिल होने के लिए 18 दिनों की अंतरिम जमानत दे दी। सात साल पुराने मामले में कथित भूमिका के लिए 2018 में गिरफ्तार राउत वर्तमान में नवी मुंबई के तलोजा जेल में बंद है। विशेष न्यायाधीश चकोर बाविस्कर ने राउत को मुंबई में विधि स्नातक (एलएलबी) की परीक्षा में शामिल होने के लिए 13 से 30 जनवरी तक अस्थायी जमानत प्रदान की। अदालत ने आरोपी को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर अस्थायी राहत प्रदान की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें