महाराष्ट्र में ताडोबा अंधारी बाघ अभयारण्य (टीएटीआर) के मोहरली में प्रकृति व्याख्या केंद्र का नाम दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के नाम पर रखा जाएगा। इसका उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने यह जानकारी दी। रतन टाटा का बुधवार रात को मुंबई में निधन हो गया था। राज्य के वन मंत्री मुनगंटीवार ने मोहरली में प्रकृति व्याख्या केंद्र और अन्य सुविधाओं के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चंद्रपुर में टाटा के लिए एक स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, चंद्रपुर में टाटा ट्रस्ट की ओर से स्थापित एक कैंसर अस्पताल संचालित किया जा रहा है। परियोजना के लिए टाटा ट्रस्ट ने 100 करोड़ रुपये दान किए हैं। टाटा ने बांस अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र के वास्तुकार के लिए भी तीन करोड़ रुपये का भुगतान किया है। रतन टाटा ने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए यहां 90 गांव को गोद लिया है।
नासिक के तपोवन में भगवान राम की 70 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण
दशहरे से एक दिन पहले शुक्रवार को नासिक में भगवान राम की 70 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया गया। पंचवटी क्षेत्र में तपोवन के रामसृष्टि गार्डन में इस्कॉन के गौरांग दास प्रभु और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. विनायक गोविलकर ने प्रतिमा का अनावरण किया। माना जाता है कि भगवान राम ने अपने 14 वर्ष के वनवास का एक बड़ा हिस्सा तपोवन में बिताया था। 26 अगस्त को सिंधुदुर्ग के मालवन में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा के ढहने के मद्देनजर अधिकारियों ने कहा कि प्रतिमा की सुरक्षा और स्थिरता का विशेष ध्यान रखा गया है। गौरांग दास ने कहा, फाइबर रीइन्फोर्स्ड पॉलिमर से बनी इस प्रतिमा को आरसीसी संरचना पर खड़ा किया गया है। इसका स्लैब 15 फुट ऊंचा है। यहां 108 फुट ऊंचा ध्वज स्तंभ भी बनाया गया है। प्रतिमा के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले नासिक पूर्व के विधायक राहुल ढिकले ने कहा कि इससे शहर में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
मंधाना इंडस्ट्रीज के प्रमोटर ने बैंकों के कर्ज में की हेराफेरी : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंधाना इंडस्ट्रीज के प्रवर्तक पुरुषोत्तम मंधाना के खिलाफ दायर आरोपपत्र में कहा कि व्यावसायिक कर्जों का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया, जिससे बैंक ऑफ बड़ौदा के नेतृत्व वाले कर्जदाता समूह को 975 करोड़ का नुकसान हुआ। ईडी ने आरोपपत्र में पुरुषोत्तम मंधाना, उनकी पत्नी प्रेमा और बेटे प्रियव्रत सहित 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है। धनशोधन निवारक अधिनियम से जुड़े मामलों की विशेष अदालत ने मंधाना और अन्य के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला देखते हुए आरोपियों को 21 नवंबर को अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। विशेष न्यायाधीश एसी डागा ने हाल ही में आरोपपत्र का संज्ञान लेते हुए कहा पीएमएलए के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है।
नवनीत राणा नहीं लड़ेंगी विधानसभा चुनाव, भाजपा ने राज्यसभा भेजने का दिया आश्वासन: रवि राणा
अमरावती जिले के बडनेरा से निर्दलीय विधायक रवि राणा ने शुक्रवार को बताया कि उनकी पत्नी नवनीत राणा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा की सदस्यता देने का आश्वासन दिया है। राणा ने कहा कि उनकी पत्नी व अमरावती से पूर्व लोकसभा सांसद नवनीत राणा विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगी। नवनीत राणा को 2024 के लोकसभा चुनाव में अमरावती (एससी) सीट से कांग्रेस के बलवंत वानखड़े ने हराया था। उन्होंने 2019 के आम चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर सीट जीती थी और 2024 में भाजपा में शामिल हो गई थीं।
नवी मुंबई हवाईअड्डे पर पहली बार उतरा विमान, परीक्षण सफल
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शुक्रवार को आईएएफ सी-295 विमान के उतरने के साथ ही रनवे परीक्षण सफल रहा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू की मौजूदगी में हुए रनवे परीक्षण के दौरान विमान को पानी की बौछार कर सलामी दी गई। इस एयरपोर्ट का निर्माण अदाणी ग्रुप ने किया है। मार्च 2025 तक घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। सिडको के चेयरमैन संजय शिरसाट ने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित इस हवाईअड्डे पर जून, 2025 तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू किए जाने की उम्मीद है। इस हवाईअड्डे पर चार टर्मिनल, दो समानांतर रनवे और 350 विमानों के पार्किंग की जगह होगी। शिरसाट ने कहा कि इससे मुंबई के मौजूदा हवाईअड्डे का बोझ कम करने में मदद मिलेगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 16,700 करोड़ रुपये है।
बच्चों के संरक्षण को लेकर पत्नी की चाकू मारकर हत्या की
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 41 वर्षीय एक व्यक्ति को बच्चों की कस्टडी को लेकर अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड के रहने वाले दंपती नदीम खान और उनकी 36 वर्षीय पत्नी अमरीन के दो और 10 साल के दो बच्चे हैं और उनके बच्चों के संरक्षण को लेकर विवाद चल रहा था।
महिला शुक्रवार को कुछ मदद लेने के लिए पुलिस स्टेशन गई थी। हालांकि पुलिस व्यस्त थी, इसलिए उसने उन्हें कुछ समय रुकने को कहा। इस पर वह अपने बच्चे से मिलने के लिए पास के स्कूल में चली गई थीं। मीरा रोड पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल जाते समय खान ने अमरीन के साथ झगड़ा किया और उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि खान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
ठाणे में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
ठाणे शहर के 29 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि सिद्धेश्वर तलाओ इलाके के निवासी भास्कर नारायण सदावर्ते ने नौ अक्तूबर को अपनी पत्नी प्रमिला (27) की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस प्रवक्ता शैलेश साल्वी ने बताया कि सदावर्ते नांदेड़ भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उनका पता लगा लिया और ठाणे जिले के कसारा से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सदावर्ते ने उसकी हत्या कर दी क्योंकि उसे संदेह था कि वह उसके प्रति वफादार नहीं थी।
करीब 727 करोड़ रुपये से बनेगा ठाणे नगर निकाय का नया 32 मंजिला प्रशासनिक भवन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे के नगर निकाय ने अनुमानित 727 करोड़ रुपये की लागत से अपने नए प्रशासनिक भवन के निर्माण की घोषणा की है। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि कार्यालय ब्लॉक में 32 मंजिला संरचना और पांच मंजिला 'महासभा' इमारत के अलावा दो बेसमेंट पार्किंग स्तर होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में शहर की अपनी यात्रा के दौरान परियोजना का भूमिपूजन किया था। अधिकारी ने कहा कि एक बार तैयार होने के बाद, यह सुविधा एक छत के नीचे विभिन्न नगरपालिका कार्यालयों को केंद्रीकृत करके ठाणे के नागरिकों को अधिकतम लाभ प्रदान करने की उम्मीद है।
रत्नागिरी में आरएसएस के जुलूस के दौरान तनाव ,दो मामले दर्ज
महाराष्ट्र के रत्नागिरी शहर में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर नारेबाजी करने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक जुलूस के दौरान तनाव पैदा हो गया। रत्नागिरी शहर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार रात कोंकण नगर इलाके में हुई घटना के बाद दो मामले दर्ज किए हैं।
उन्होंने कहा, 'हमने शिकायतों के आधार पर दो मामले दर्ज किए हैं। पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई है और हमने उन्हें नोटिस जारी किए हैं। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।'
अधिकारी ने बताया कि दशहरा उत्सव की पूर्व संध्या पर जब आरएसएस ने इलाके में एक जुलूस निकाला तो अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले नारे लगाए। उन्होंने कहा कि कोई हिंसा नहीं हुई लेकिन कल देर रात कई लोग थाने के बाहर जमा हो गए और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
MACT मोटरसाइकिल दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को देगा 24.54 लाख रुपये का मुआवजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने 2013 में मोटरसाइकिल दुर्घटना में मारे गए एक व्यक्ति के परिवार को 23.54 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। एमएसीटी के अध्यक्ष और प्रधान जिला न्यायाधीश एस बी अग्रवाल ने प्रतिवादियों (एक टेंपो और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस) के मालिक को सालाना 7.5 फीसदी ब्याज के साथ मुआवजा देने का आदेश दिया।
चार अक्तूबर के आदेश की प्रति शनिवार को उपलब्ध हुई। मृतक व्यक्ति के परिवार की ओर से अधिवक्ता पीवी राव पेश हुए, जबकि वाहन का मालिक पेश नहीं हुआ और उसके खिलाफ मामले का एकपक्षीय फैसला किया गया। वकील राव ने ट्रिब्यूनल को बताया कि मृतक साबिर हारून सलदुर्कर (30) मेटिटो (ओवरसीज) कतर डब्ल्यूएलएल के साथ काम करता था और प्रति माह 50,000 रुपये कमाता था।
सलदुर्कर 28 नवंबर 2013 को मोटरसाइकिल से दापोली से हारने की तरफ जा रहे थे कि एक टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी और घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई। ट्रिब्यूनल ने परिवार को 23.54 लाख रुपये के मुआवजे का आदेश दिया। इसने मृतक की पत्नी के नाम पर सावधि जमा में 13 लाख रुपये और उसकी बेटी के नाम पर 10 लाख रुपये रखने का भी आदेश दिया।
ठाणे: पांच माह के बच्चे के अपहरण के मामले में तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे शहर की पुलिस ने एक पांच माह के बच्चे को उसके अपहरण के कुछ घंटे बाद ही बचा लिया है और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चा शुक्रवार की रात अपनी मां के साथ रबोड़ी पुल के नीचे सो रहा था, तभी उसका अपरहण किया गया। ठाणे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारियों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया और चार घंटे के भीतर बच्चे को बचा लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जावेद अजमत अली (35 वर्षीय), जयश्री याकूब नाइक (45 वर्षीय) और सुरेखा राजेश खंडागले (34 वर्षीय) के रूप में हुई है।
महाराष्ट्र: कांग्रेस ने विधायक सुल्भा खोड़के को छह साल के लिए किया निलंबित
महाराष्ट्र कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले अमरावती से विधायक सुल्भा खोड़के को छह वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। सुल्भा खोड़के उन सात विधायकों में से एक थीं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में विधान परिषद के चुनावों में क्रॉस-वोटिंग की थी। इस क्रॉस वोटिंग के चलते विपक्ष के महाविकास अघाड़ी गठबंधन के नेता जयंत पाटिल को हार का सामना करना पड़ा था। राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने एक बयान में कहा कि खोड़के के खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं। उन्हें पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला के निर्देश पर निलंबित किया गया है।
यातायात के शोर से घबराकर बैल ने कार को मारी टक्कर, वाहन क्षतिग्रस्त
ठाणे में शनिवार शाम एक पूजा समारोह के दौरान एक बैल ने एक वाहन को टक्कर मार दी। यह घटना तब हुई, जब बैल यातायात के शोर के कारण घबरा गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी यासिन तडवी के मुताबिक, बैल और वाहन के बीच टक्कर में कार क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बेल को केवल हल्की चोटें आईं। यह घटना शाम साढ़े बजे चाराई में अहिल्यादेवी बाग के पास हुई। तडवी ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन के मालिक को बताया कि बैल को भीड़ से दूर ले जाएं, ताकि कोई अनहोनी न हो।