नई फिल्म नीति समिति की अध्यक्ष बनीं स्मिता ठाकरे
महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को एक 22 सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसका नेतृत्व निर्माता स्मिता ठाकरे करेंगी। यह समिति राज्य की नई फिल्म नीति बनाएगी। संस्कृति मंत्री सुधीर मुंगुंटीवार ने यह घोषणा की। स्मिता ठाकरे, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की भाभी हैं। इस समिति के सदस्यों में अभिनेता-निर्माता प्रवीण तरडे भी शामिल हैं, जिन्होंने दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे पर आधारित धर्मवीर फिल्म का निर्देशन और निर्माण किया है। दिघे, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के राजनीतिक गुरु हैं।
कालूराम दोधाड़े का निधन
महाराष्ट्र के पालघर जिले के सबसे चर्चित चेहरा माने जाने वाले कालूराम दोधाडे का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 86 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। जानकारी के लिए बता दें कि कालूराम दोधाड़े ने आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी थी।
कालूराम दोधड़े के देहांत के बाद आदिवासी समाज में शोक का महौल है। बता दें कि दोधड़े को आदिवासी समाज प्यार से 'कालूराम काका' बुलाया करते थे। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक आदिवासी भूमि को गैर-आदिवासियों को हस्तांतरित करने सहित विभिन्न कारणों से कई आंदोलनों में भाग लिया था। इसके साथ ही वो आदिवासी समाज की मांग को लेकर जेल भी जाना पड़ा था।
चालक की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मुंबई के ठाणे में ऑटो चालक की हत्या मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुरानी दुश्मनी के कारण एक साथी चालक की हत्या करने के आरोप में 35 वर्षीय ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। बता दें कि गुरुवार शाम भिवंडी इलाके में एक ऑटो चालक गणपत भोईर का शव ऑटो पर मिला था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की।
आरोपी साथी चालक की गिरफ्तारी के बाद भिवंडी के कोनगांव पुलिस स्टेशन के अधिकारी नेतराम म्हस्के ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि उसने गुरुवार को भोईर की गर्दन पर चाकू मारकर हत्या कर दी थी और भाग गया। जिसके बाद से पुलिस आरोपी की खोज में लगी हुई थी।
500 रुपये उधारी के लिए कबाड़ी की हत्या, एक गिरफ्तार
ठाणे पुलिस ने गुरुवार को एक कबाड़ी (28 वर्षीय) को गिरफ्तार किया है, जिसने उसी काम में लगे एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके शव को जला दिया। कबाड़ी ने पांच सौ रुपये की उधारी के लिए कथित तौर पर यह हत्या की।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुरेश मनोरे ने बताया कि 3 अक्तूबर को गंगारामपाड़ा निवासी सुरेश तारा सिंह जाधव (35 वर्षीय) का अधजला शव वाडपे गांव के इलाके में मिला था। पुलिस ने पहले हत्या और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया। बाद में अपराध शाखा ने सूचनाओं और सुरागों के आधार पर आरोपी बर्कु मारुति पडवले को गिरफ्तार कर लिया। पडवले से पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने एक अन्य व्यक्ति देवा के साथ मिलकर जाधव की हत्या की थी। देवा अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। तीनों कबाड़ी का काम करते थे। जाधव ने देवा से 500 रुपये उधार लिए थे, जिसे वह बार-बार याद दिलाने के बावजूद वापस नहीं कर रहा था।
हत्या के दिन पडवले और देवा ने जाधव को वाडपे गांव ले जाकर पैसे की मांग की। उधारी को लेकर बहस बढ़ी तो दोनों ने जाधव पर लोहे की छड़ से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सबूतों को नष्ट करने के लिए उन्होंने शव को एक कूड़ेदान में डालकर आग लगाई।
पुणे में 30 छात्र बीमार पड़े, भोजन विषाक्तता का संदेह
इनपुट टैक्स क्रेडिट: पालघर से एक व्यक्ति को किया गया गिरफ्तार
पालघर से एक व्यवसायी को कथित तौर पर 70 फर्जी फर्म चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने व्यापक जीएसटी धोखाधड़ी के तहत 320 करोड़ रुपये के फर्जी चालान जारी किए। मामले में सीजीएसटी मुंबई जोन के अधिकारी ने बताया कि अशोक हरिलाल ओझा को 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और उसे 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया, उसने बिना किसी वस्तु या सेवा की वास्तविक आपूर्ति के 70 फर्जी फर्मों के माध्यम से 320 करोड़ रुपये के फर्जी चालान बनाए। उसने 22 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया और 26 करोड़ रुपये का आईटीसी धोखाधड़ी से पास किया।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई विभाग के 'फर्जी पंजीकरण के खिलाफ दूसरे विशेष अखिल भारतीय अभियान' के तहत की गई।
साइबर कमांड और कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन
इंजीनियरिंग, डिजिटल और आरएंडडी सेवाओं में वैश्विक अग्रणी एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज लिमिटेड और महाराष्ट्र राज्य साइबर विभाग ने एक सुरक्षित और लचीला डिजिटल वातावरण बनाने के लिए भारत का पहला एकीकृत राज्य स्तरीय साइबर कमांड और कंट्रोल सेंटर लॉन्च किया, जिससे नागरिकों, व्यवसायों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को साइबर अपराधों से बचाने के लिए आवश्यक विश्व स्तरीय तकनीक और विशेषज्ञता के साथ सशक्त बनाया जा सके।
महापे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन किया। यह परियोजना साइबर अपराध की जांच को सुविधाजनक बनाने और उसे तेज करने, सजा दर में सुधार करने, पुलिस बल के भीतर क्षमता निर्माण करने और साइबर अपराधों के बारे में नागरिकों की जागरूकता बढ़ाने के लिए साइबर सुरक्षा के मामले में महाराष्ट्र को अग्रणी स्थान पर रखती है।
दशहरा रैली के जरिए चुनावी माहौल बनाएंगे दोनों शिवसेना गुट
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और प्रतिद्वंद्वी उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) शनिवार को मुंबई में अपनी-अपनी दशहरा रैलियां करेंगे, ताकि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले एक-दूसरे पर हमला करके ताकत का प्रदर्शन किया जा सके। शिवसेना (यूबीटी) दादर के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में अपनी रैली करेगी, जबकि शिंदे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में अपने धड़े को संबोधित करेंगे। संयोग से, गुरुवार रात को हुई भारी बारिश के कारण दोनों जगहों पर कीचड़ हो गया है। हालांकि, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा कि इससे माहौल खराब नहीं होगा। शिवसेना नेता और पूर्व सांसद राहुल शेवाले ने कहा कि सीएम को सुनने के लिए आजाद मैदान में होने वाली रैली में करीब 2 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। परिवहन सूत्रों ने बताया कि शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने अपने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए 3,000 निजी बसें बुक की हैं। वहीं इस रैलियों से पहले दोनों पक्षों ने टीजर जारी किए हैं।