मुंबई में गणेश उत्सव के लिए 2500 से अधिक मंडलों को मिली मंजूरी
भगवान गणेश के स्वागत के लिए मुंबई पूरी तरह से तैयार है। 2500 से अधिक गणेश मंडल और लाखों परिवार शनिवार से दस दिवसीय गणेश उत्सव मनाएंगे। इस दौरान विधि-विधान के साथ घरों और पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। बृहन्मुंबई नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को गणेश मंडलों, सार्वजनिक स्थानों पर त्योहार मनाने वाले समूह से 3358 आवेदन प्राप्त हुए थे और शुक्रवार तक 2635 मंडलों को पंडाल लगाने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कहा कि अन्य 300 आवेदन अनुमोदन के लिए लंबित हैं। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगभग 15000 पुलिसकर्मी अगले दस दिनों तक सड़कों पर रहेंगे।
पुलिसकर्मियों के वर्दी पहनकर डांस करने पर रोक
मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर ने वर्दी में पुलिसकर्मियों के नाचने पर प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। उन्होंने कहा, गणपति उत्सव के लिए सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर नाचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्दी का सम्मान बनाए रखना चाहिए।
इको-फ्रेंडली तरीके से मनाएं गणेश उत्सव: सीएम शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को लोगों को शुभकामनाएं देते हुए गणेश उत्सव को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का आग्रह किया। दस दिवसीय उत्सव की शुरुआत की पूर्व संध्या पर एक बयान में शिंदे ने उम्मीद जताई कि हाथी के सिर वाले भगवान सभी पर आशीर्वाद बरसाएंगे। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के दौरान महाराष्ट्र की विरासत और संस्कृति का प्रदर्शन किया जाता है और लोगों से इसकी विरासत को संरक्षित करने की अपील की जाती है। उन्होंने गणेश भक्तों से समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सहायता करने को भी कहा।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने सीबीआई को शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर की हत्या की जांच करने का निर्देश दिया। अभिषेक घोसालकर की फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हाई कोर्ट ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की शुरुआती जांच में कई खामियां पाईं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शिवसेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर की विधवा तेजस्वी की याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें उन्होंने जांच को स्थानांतरित करने की मांग की थी। अदालत ने निर्देश दिया कि जांच के कागजात तुरंत सीबीआई को सौंप दिए जाएं।
महाराष्ट्र में 60 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी से परेशान एक व्यक्ति ने नागपुर के एक होटल में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को बताया कि अक्षय बाहेकर इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बतौर फार्मसिस्ट कार्यरत थे। दो दिन पहले वे गणेशपेठ इलाके में स्थित होटल राजधानी में बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होटल स्टाफ के मुताबिक, मंगलवार की शाम उन्होंने होटल में चेक-इन किया था, लेकिन उसके बाद वे कमरे से बाहर नहीं निकले। एक अधिकारी ने बताया कि उनके कमरे में एक नोट मिला है, जिसमें 60 लाख की साइबर धोखाधड़ी का जिक्र किया गया है। आशंका है कि उन्हें जहर खा लिया हो, फिलहाल मामले की जांच जारी है।