महाराष्ट्र में आज राजनीतिक सरगर्मी, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी की खबरें छाई हुई हैं। एक तरफ जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है, वहीं नागपुर जैसी घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और कानून के डर पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर,मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां आर्थिक अपराधों और तस्करी के खिलाफ कड़े कदम उठा रही हैं। पढ़ें सभी बड़ी खबरें...
सुषमा अंधारे का झुकने से इनकार, कहा-गाना गाया पर अपमान नहीं किया
विज्ञापन
शिवसेना यूबीटी नेता सुषमा अंधारे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करने वाले एक पैरोडी गाने को लेकर माफी मांगने से साफ मना कर दिया है। विधानमंडल की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होकर उन्होंने कहा कि उन्होंने कॉमेडियन कुणाल कामरा का गाना जरूर गाया था, लेकिन उसमें उपमुख्यमंत्री या किसी सदन के सदस्य का नाम नहीं था। अंधारे का कहना है कि उनका गुस्सा उन लोगों पर था जिन्होंने स्टूडियो में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी कीमत पर माफी नहीं मांगेंगी।
नागपुर में रोड रेज, मामूली बात पर युवक की हत्या
नागपुर के धरमपेठ इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज पैर से गाड़ी टच होने के विवाद में 20 साल के तुषार चुटे की जान ले ली गई। रात के समय अलंकार चौक पर हुई इस मामूली बहस ने इतना तूल पकड़ा कि कार सवारों ने तुषार को चाकू मार दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
दुबई से सोना लेकर आ रहा फाइनेंस प्रोफेशनल गिरफ्तार, मुंबई एयरपोर्ट पर ₹3 करोड़ की जब्ती
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के दो बड़े मामलों का पर्दाफाश किया है। पहले मामले में एक फाइनेंस प्रोफेशनल को पकड़ा गया, जिसने खाड़ी देशों के तनावपूर्ण माहौल के कारण अपनी संपत्ति को सोने में बदलकर भारत लाने की कोशिश की थी। दूसरे मामले में सिगरेट के पैकेट के अंदर 'गोल्ड डस्ट' छिपाकर लाया जा रहा था। अधिकारियों ने कुल 3.15 करोड़ रुपये का सोना जब्त कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मुंबई में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़: 100 करोड़ की एमडी बनाने का सामान जब्त, 13 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में कच्चा माल और रसायन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए 4 लाख रुपये के रसायनों से करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन (MD) तैयार की जा सकती थी। इस कार्रवाई से बाजार में सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करने वाले तस्करों की बड़ी योजना नाकाम हो गई है।
मीरा भयंदर-वसई विरार (MBVV) क्राइम यूनिट ने मुंबई के मालवणी (समान नगरी, आजमी नगर) और गोराई (मौजे मनोरी) इलाकों में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। पुलिस अब तक कुल 13.65 करोड़ रुपये का सामान जब्त कर चुकी है, जिसमें 13.61 करोड़ रुपये की 6.773 किलो तैयार एमडी शामिल है। इस मामले में अब तक दो महिलाओं समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरी जांच 4 अप्रैल को ठाणे के मीरा रोड इलाके से शुरू हुई थी। वहां फिरदौस अरबाज कुरैशी नाम की महिला से 2.66 करोड़ रुपये की एमडी मिली थी। फिरदौस और उसके पति अरबाज वकील कुरैशी से पूछताछ के बाद इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ। जब्त सामान में 255 लीटर औषधीय रसायन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, क्लोरोफॉर्म और प्रयोगशाला के उपकरण जैसे हीटिंग मेंटल और फ्लास्क शामिल हैं। आरोपियों पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बायखला में गैंगस्टर आसिफ दाढ़ी के बेटे पर फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी
मध्य मुंबई के बायखला इलाके में मंगलवार शाम को एक अज्ञात हमलावर ने गैंगस्टर आसिफ दाढ़ी के 38 वर्षीय बेटे समीर शेख पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना डॉकयार्ड रोड के पास शाम करीब 6:15 बजे हुई। हमलावर ने समीर के पैर में गोली मारी और मौके से फरार हो गया। घायल समीर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब वह खतरे से बाहर है। पुलिस अब इस गोलीबारी में अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गौरतलब है कि आसिफ दाढ़ी पर भी पहले हमले हो चुके हैं।
बोस्टन के पास अंधाधुंध फायरिंग, दो घायल, जवाबी कार्रवाई में हमलावर को लगी गोली
अमेरिका में बोस्टन के बाहर कैम्ब्रिज इलाके में सोमवार दोपहर एक 46 वर्षीय व्यक्ति ने गुजरती कारों पर असॉल्ट राइफल से अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस भयानक हमले में दो लोग घायल हो गए। हमलावर ने करीब 60 राउंड फायरिंग की, जिससे वहां भारी अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख एक स्टेट ट्रूपर और एक पूर्व मरीन ने बहादुरी दिखाते हुए हमलावर पर जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। आरोपी की पहचान टायलर ब्राउन के रूप में हुई है और उस पर हत्या के प्रयास का मामला चलेगा। पुलिस के अनुसार, हमलावर और पीड़ितों के बीच कोई संबंध नहीं था।