जमीन का सौदा रद्द होने पर रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या, 21 साल का युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में जमीन का सौदा पूरा नहीं होने और टोकन के पैसे लौटाने के विवाद में 62 वर्षीय रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजय शामराव ब्रह्मंकर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मृतक चंद्रशेखर भास्कर दहिकर आमगांव तहसील के बोथली गांव के रहने वाले थे। वह अकेले रहते थे। मंगलवार को उनका शव खेत में मिला। उनके सिर और सीने पर ईंट से हमला किया गया था।
जांच में पता चला कि दहिकर ने सितंबर में अजय के माध्यम से आमगांव में एक जमीन बेचने का समझौता किया था। इसके लिए उन्हें पांच लाख रुपये टोकन के तौर पर मिले थे। इसमें से चार लाख रुपये अजय के पास और एक लाख रुपये दहिकर के पास थे। जमीन का सौदा पूरा नहीं हो सका, जिसके बाद खरीदार ने टोकन राशि वापस मांगी। दहिकर को 27 अक्टूबर तक पैसे लौटाने थे। वह अजय से अपने पास रखे चार लाख रुपये मांग रहे थे। पुलिस के अनुसार, अजय ने इंट्राडे शेयर ट्रेडिंग में 3.5 लाख रुपये गंवा दिए थे। वह पैसे लौटाने में असमर्थ था। आरोप है कि इसी वजह से उसने सोमवार रात दहिकर की ईंट से हमला कर हत्या कर दी और शव खेत में फेंक दिया। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी के अपराध स्वीकार करने की बात कही है। स्थानीय अपराध शाखा ने उसे आगे की जांच के लिए आमगांव पुलिस को सौंप दिया है।