सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि रेलवे मंत्रालय ने ठाणे और मुलुंड के बीच नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन बनाने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह स्टेशन सरकारी मानसिक अस्पताल की जमीन पर विकसित किया जाएगा। लंबे समय से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की यह मांग थी कि इस इलाके में नया स्टेशन बनाया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र साझा करते हुए कहा कि इस फैसले से मुंबई महानगर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को इससे राहत मिलेगी और ठाणे-मुलुंड के बीच बढ़ती भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। फडणवीस ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया। माना जा रहा है कि नया स्टेशन बनने से आसपास के इलाकों का विकास भी तेज होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
पुणे-बंगलूरू हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दंपती की मौके पर मौत
पुणे-बंगलूरू हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हादसा पुणे जिले के खेड शिवापुर टोल प्लाजा के पास हुआ, जब एक गैस टैंकर ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान राजेंद्र बाबन मोरे और उनकी पत्नी सविता मोरे के रूप में हुई है। दोनों पुणे शहर के वारजे मालवाड़ी इलाके के रहने वाले थे और सतारा की ओर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों टैंकर के नीचे घसीटते चले गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टैंकर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी। बाद में पुलिस ने हालात पर काबू पाया। इस घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने टैंकर चालक राज किशन बी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुंबई में आधुनिक पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन, सिंधिया बोले- बदल रही डाक विभाग की कार्यशैली
मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पोस्ट ऑफिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया रूप दिया गया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को इस ‘फ्यूचर-रेडी’ पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पोस्ट ऑफिस डाक विभाग की नई कार्य संस्कृति को दिखाता है, जहां तकनीक, पारदर्शिता और लोगों की सुविधा को सबसे ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। यह पोस्ट ऑफिस 1932-33 में शुरू हुआ था, जिसे अब ‘जन सेवा कनेक्ट’ परियोजना के तहत आधुनिक सेवा केंद्र में बदला गया है। यहां डिजिटल सुविधाएं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिकों के लिए आसान सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में मौजूद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि डाक विभाग लंबे समय से लोगों की भावनाओं को जोड़ने का काम करता आया है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और ईमेल के दौर में भी डाक विभाग ने खुद को समय के अनुसार बदला है। डाक विभाग के अनुसार देशभर में 1.5 लाख से ज्यादा पोस्ट ऑफिस हैं और विभाग की आय में 2025-26 के दौरान 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इंद्राणी मुखर्जी की विदेश यात्रा की अर्जी खारिज
मुंबई की विशेष अदालत ने शुक्रवार को शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी को विदेश जाने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। विशेष न्यायाधीश जेपी दारेकर ने अभियोजन पक्ष की इस दलील को स्वीकार किया कि उनके वापस न आने (फ्लाइट रिस्क) की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि ट्रायल अपने अंतिम चरण में है, ऐसे में यात्रा की अनुमति नहीं दी जा सकती।इंद्राणी ने अपने वकील के माध्यम से दायर याचिका में गंभीर आर्थिक तंगी का हवाला दिया था।
टेक कंपनी केपीआईटी के सह संस्थापक रवि पंडित का निधन
केपीआईटी टेक्नोलॉजीज के सह-संस्थापक और चेयरमैन रवि पंडित का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे। कंपनी ने एक बयान में कहा, रवि पंडित ने तीन दशक से अधिक लंबे कॅरिअर में मोबिलिटी टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और अमेरिका के एमआईटी सोन स्कूल ऑफ मैनेजमैंट के पूर्व छात्र रहे। उन्होंने पुणे अंतरराष्ट्रीय केंद्र और जनवानी जैसी संस्थाओं की सह-स्थापना की थी। वह नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के सशक्त समूह में निजी क्षेत्र के एकमात्र सदस्य भी थे। रवि पंडित ने नवाचार और सतत विकास पर आधारित पुस्तक लिप-फ्रॉगिंग से पोल वॉल्टिंग तक का सह-लेखन भी किया था।
सेलिना ने शोषण के खिलाफ पति पर दर्ज कराई एफआईआर
अभिनेत्री सेलिना जेटली ने उनके पति और ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सेलिना ने अपनी याचिका में पति पर शारीरिक नुकसान, मानसिक प्रताड़ना, आपराधिक धमकी और वित्तीय शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच में सहयोग न करने के कारण पुलिस ने हाग के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है। अभिनेत्री का आरोप है कि पति ने उन्हें काम करने से रोका और उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की। सेलिना ने 50 करोड़ रुपये के हर्जाने और बच्चों तक पहुंच की मांग की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रश्मि सलूजा को ईएसओपी आवंटन गड़बड़ी मामले में मिली जमानत
मुंबई की एक अदालत ने रेलिगेयर एंटरप्राइजेज की पूर्व चेयरपर्सन रश्मि सलूजा को केयर हेल्थ इंश्योरेंस लिमिटेड में कथित ईएसओपी आवंटन गड़बड़ी मामले में जमानत दे दी है। यह फैसला 7 मई को मुंबई के एस्प्लेनेड कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिजीत आर सोलापुरे ने सुनाया। अदालत ने सलूजा को 3 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की एक या अधिक जमानतें जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही कोर्ट ने कहा कि वह अदालत की अनुमति के बिना भारत से बाहर नहीं जा सकेंगी।
इससे पहले 30 अप्रैल 2026 को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने मामले की जानकारी होने के बावजूद पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। यह मामला मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120(बी) के तहत दर्ज किया था। फिलहाल मामला आरोप तय करने की प्रक्रिया में है। अपनी जमानत याचिका में सलूजा ने कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया और जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी नहीं किया गया। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला देते हुए उन्हें राहत दी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि वह सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेंगी और हर सुनवाई में मौजूद रहेंगी।
महाराष्ट्र पुलिस ने अवैध लिंग जांच और गर्भपात रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की महाराष्ट्र शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ रवींद्र कुटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें बुधवार को राहता से पकड़ा और अब वह पुलिस हिरासत में हैं। जांच में सामने आया है कि डॉ कुटे कई महिलाओं का अवैध गर्भपात करने में शामिल थे।
यह पूरा रैकेट अहिल्यानगर और पुणे के बीच फैला हुआ था। पुलिस अब तक इस मामले में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें दो डॉक्टर, तीन एजेंट और उन महिलाओं के रिश्तेदार शामिल हैं, जो लिंग जांच और गर्भपात के लिए आए थे। एडिशनल एसपी सोमनाथ वाघचौरे की टीम इस पूरे ऑपरेशन को लीड कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क लिंग चयन रोकने वाले कानून (PCPNDT Act) का सरेआम उल्लंघन कर रहा था।
इस बीच, IMA महाराष्ट्र ने साफ किया है कि वह कानून तोड़ने वाले किसी भी सदस्य का बचाव नहीं करेगा। संस्था के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुलकर्णी और सचिव डॉ विक्रांत देसाई ने कहा कि डॉ.कुटे के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। IMA ने उनके खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए नेशनल प्रेसिडेंट को प्रस्ताव भी भेज दिया है। संस्था ने कहा कि वे हमेशा से 'बेटी बचाओ' अभियान और लिंग जांच रोकने वाले सरकारी नियमों का समर्थन करते आए हैं।
गडकरी बोले- मुझे चुनाव प्रचार की जरूरत नहीं है, क्योंकि मेरी राजनीति ज्यादातर सामाजिक कार्यों से जुड़ी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि उन्हें चुनाव प्रचार करने की जरूरत महसूस नहीं होती क्योंकि हालांकि वह एक राजनेता हैं, लेकिन उनके काम का "90 प्रतिशत" हिस्सा सामाजिक कार्य है। वह एक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे, जहां पुणे के प्रतिष्ठित नागरिकों को सम्मानित करने के लिए पुण्य भूषण फाउंडेशन द्वारा स्थापित 'पुण्य भूषण' पुरस्कार उद्योगपति अभय फिरोदिया को प्रदान किया गया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, "हालांकि मैं एक राजनीतिज्ञ हूं, लेकिन मैं 90 प्रतिशत सामाजिक कार्य करता हूं। इसलिए मुझे चुनाव के दौरान प्रचार करने की आवश्यकता महसूस नहीं होती।" गडकरी ने कहा कि फिरोदिया न केवल एक उद्योगपति हैं बल्कि एक सामाजिक रूप से संवेदनशील व्यक्ति भी हैं जो व्यापार में नैतिकता का पालन करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने ऑटोमोबाइल उद्योग के बारे में बात करते हुए कहा कि यह युवाओं को रोजगार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए खरीदारों को अधिक इंतजार करना पड़ता है।