वन विभाग ने पुणे हवाई अड्डे के परिसर में छिपे तेंदुए की तलाश की तेज
वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को दूसरे दिन पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में छिपे तेंदुए को पकड़ने के लिए अपना तलाशी अभियान तेज कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को एक कैमरा ट्रैप में तेंदुए के कैद होने के बाद पिंजरे लगा दिए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हवाई अड्डे के परिसर में अतिरिक्त पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए हैं। एक अलग घटना में, पुणे जिले के दौंड इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब एक महिला ने दावा किया कि उसके 11 महीने के बेटे अन्वित भिसे को बुधवार सुबह खेत में सोते समय एक तेंदुआ उठा ले गया। वन विभाग की टीमों और वन्यजीव एसओएस स्वयंसेवकों द्वारा पूरे दिन बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, अभियान के दौरान तेंदुए की मौजूदगी के कोई सबूत नहीं मिले।
ठाणे में अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
ठाणे पुलिस ने उत्तर प्रदेश में संचालित एक मेथमफेटामाइन (एमडी) ड्रग निर्माण गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर 1.14 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसकी कीमत 2.30 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस उपायुक्त (अपराध), अमरसिंह जाधव ने कहा कि यह सफलता 17 अप्रैल को मिली, जब ठाणे के दो पुलिस कांस्टेबलों को मुंब्रा इलाके की एक इमारत में एमडी रखने वाले एक व्यक्ति के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर छापा मारा और मथुरा निवासी देवेश कुमार रामकिसन शर्मा (32) को गिरफ्तार कर 67.2 लाख रुपये की 336 ग्राम एमडी जब्त की। शर्मा से पूछताछ के दौरान पता चला कि नशीले पदार्थ की आपूर्ति अयोध्या के सोहावल के कपड़ा व्यापारी मोहम्मद कय्यूम यूनुस हाशमी (45) ने की थी। ठाणे पुलिस की एक टीम ने 27 अप्रैल को लखनऊ के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की मदद से हाशमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अहमदाबाद के एक बेरोजगार व्यक्ति बिचपिन बाबूलाल पटेल (49) को भी गिरफ्तार किया, जो एमएससी (रसायन विज्ञान) है और ड्रग उत्पादन के पीछे तकनीकी विशेषज्ञ है।