मुंबई कोर्ट ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार ईडी अधिकारी को किया रिहा
मुंबई की एक विशेष अदालत ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार ईडी अधिकारी को रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत ने चंडीगढ़ में दर्ज कथित भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक अधिकारी की ट्रांजिट रिमांड के लिए सीबीआई की याचिका को बुधवार को खारिज कर दिया। गौरतलब है कि सीबीआई की चंडीगढ़ इकाई ने हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की जांच से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोप में ईडी (शिमला) के सहायक निदेशक विशाल दीप को मंगलवार को मुंबई से गिरफ्तार किया था।
जिसके बाद, केंद्रीय जांच एजेंसी ने उसे चंडीगढ़ ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड के लिए मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया। जहां सीबीआई ने दावा किया कि दीप ने ईडी द्वारा जांच किए जा रहे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार नहीं करने के लिए हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन रजनीश बंसल से 1.10 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लेकिन ये बात 60 लाख रुपये पर तय हुई हुई थी।
मामले में दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने सीबीआई की ट्रांजिट रिमांड याचिका खारिज कर दी और निर्देश दिया कि आरोपी (दीप) को 50,000 रुपये के पीआर (व्यक्तिगत पहचान) बांड पर रिहा किया जाए।
राकांपा पदाधिकारी हत्या मामले में पांचवां आरोपी मुंबई में गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने राकांपा पदाधिकारी सचिन कुर्मी की हत्या के मामले में बुधवार को बायकुला से पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के बाद बायकुला निवासी दिलीप वागस्कर (58) को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया जिसने उसे 16 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बायकुला डिवीजन के पदाधिकारी कुर्मी की पिछले अक्टूबर में मध्य मुंबई में तीन अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
रायगढ़ में एक व्यक्ति से उसकी संपत्ति के रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एक ग्राम सर्कल अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति ने कर्जत इलाके के दहीगांव में एक जमीन के सिलसिले में आरोपियों से संपर्क किया था। 40 वर्षीय ग्राम सर्कल अधिकारी ने उससे एक लाख की मांग की। व्यक्ति ने रायगढ़ एसीबी यूनिट में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को एक जाल बिछाकर सर्कल अधिकारी को गिरफ्तार किया।