महाराष्ट्र सरकार ने पिछले दो वर्षों में 10 नए डिप्टी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) शुरू किए हैं, लेकिन इस फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। आलोचकों का कहना है कि जब 77% सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, तब इतनी बड़ी भौतिक विस्तार की जरूरत नहीं थी।
बता दें कि 2018 में सरकार ने एक स्पष्ट आदेश (जीआर) जारी किया था कि जब तक कोई जिला विभाजित न हो, तब तक नए आरटीओ नहीं खोले जाएंगे। इसके बदले वाहन परीक्षण केंद्र या अस्थायी कार्यालय खोलने की बात कही गई थी। बावजूद इसके, मई 2023 से लेकर अब तक इचलकरंजी, फाल्टन, भडगांव, जाट, मीरा-भायंदर और पालघर सहित 10 जगहों पर डिप्टी आरटीओ शुरू किए गए हैं। अब राज्य में कुल 60 आरटीओ ऑफिस हो गए हैं, जिसमें (24 आरटीए और 36 डिप्टी आरटीओ) है।
मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे का बड़ा ऐलान, 27 अगस्त से राज्यव्यापी मार्च करेंगे शुरू
मराठा आरक्षण के लिए लंबे समय से आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे ने रविवार को मराठा समाज से एक बड़ी अपील की है। उन्होंने कहा कि अब आरक्षण की अंतिम लड़ाई का वक्त आ गया है। इसके तहत वे 27 अगस्त से महाराष्ट्र भर में एक विशाल मार्च शुरू करेंगे, जो जलना जिले के अंंतरवाली सराठी गांव से शुरू होकर 29 अगस्त को मुंबई पहुंचेगा।
जरांगे ने जलना के अंतरवाली सराठी गांव में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हमें ओबीसी श्रेणी में आरक्षण नहीं मिलता, हम वापस नहीं लौटेंगे। ये हमारी आखिरी लड़ाई है, और अब हम पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने नेताओं पर आरोप लगाया कि वे केवल वोट लेने के लिए मराठा समाज का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हक देने की बारी आती है तो पीछे हट जाते हैं।
क्या है जरांगे की मांग?
मनोज जरांगे की मांग है कि सभी मराठाओं को 'कुणबी' के रूप में मान्यता दी जाए। 'कुणबी' एक खेती करने वाली जाति है, जिसे ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) में रखा गया है। जरांगे का कहना है कि पुराने ऐतिहासिक दस्तावेज जैसे बॉम्बे गजेटियर, सातारा गजेट, और हैदराबाद गजेट यह साबित करते हैं कि मराठा समाज को पहले 'कुणबी' जाति में गिना जाता था।
मुंबई में 26 करोड़ के गांजे के साथ तीन को पुलिस ने पकड़ा
शहर के दो अलग-अलग स्थानों से हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। इसका बाजार मूल्य 26 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। इस संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को जोगेश्वरी में दो इंडोनेशियाई नागरिकों बूदी वियोनो (44) और रखमत अर्दी हिदायत (39) को रोका। उनके पास 21.55 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 21.55 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों को एनडीपीएस कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। इसी बीच, सीमा शुल्क अधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय यात्री से 5.11 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। इसकी कीमत 5.11 करोड़ रुपये आंकी गई। यह यात्री बैंकॉक से मुंबई आया था और उसे एनडीपीएस कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
यौन उत्पीड़न के आरोपी को भागने में मदद करने पर रिश्तेदार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बीड जिले में कोचिंग क्लास में यौन उत्पीड़न मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इसे मामले के आरोपी को भागने में मदद करने के आरोप में पकड़ा गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बृहस्पतिवार को शिवाजीनगर पुलिस ने एक कोचिंग सेंटर के दो पुरुष शिक्षकों के खिलाफ 17 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं। एक आरोपी के 34 वर्षीय रिश्तेदार को उसे भागने में मदद करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
मुंबई हवाई अड्डे पर 16 जीवित सांपों के साथ यात्री गिरफ्तार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को एक यात्री को केन्याई सैंड बोआ और होंडुरन मिल्क स्नेक समेत 16 जीवित सांपों के साथ पकड़ा गया। यात्री को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से शहर पहुंचने पर कस्टम कर्मचारियों ने रोक लिया। एक अधिकारी ने बताया कि यात्री के सामान में सूती बैग थे, जिनमें 16 जीवित सांप थे। इनमें दो केन्याई सैंड बोआ, तीन एल्बिनो सांप, दो होंडुरन मिल्क स्नेक, एक कैलिफोर्निया किंगस्नेक, दो गार्टर स्नेक और एक एल्बिनो रैट स्नेक शामिल थे।
महाराष्ट्रः एप के जरिये फंसाकर यौन कर्म कराने वाला बाबा गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस ने एक ऐसे स्वयंभू बाबा को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल एप के जरिये लोगों को फंसाकर उनसे यौन कर्म करता था। आरोपी पहचान प्रसाद भीमराव तामदार (29) के रूप में हुई है। वह पिंपरी चिंचवड़ जिले के बावधन क्षेत्र में आश्रम चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि तामदार समस्याओं के समाधान का झांसा देकर एयर ड्राइड किड नामक एप के जरिये लोगों तक पहुंच बनाता था और फिर उन्हें यौनकर्मियों समेत महिलाओं के साथ संबंध बनाने को कहता था। इतना ही नहीं, इन गतिविधियों को वह गुप्त रूप से अपने मोबाइल पर देखता था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को अब तक तामदार के खिलाफ चार शिकायतें मिली हैं। उस पर काला जादू कर लोगों को धोखा देने और अपने आश्रम के लिए पैसे मांगने के आरोप हैं। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में नेपाली व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में शनिवार को 20 वर्षीय नेपाली युवक का सड़ी-गली हालत में शव बरामद किया गया। उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। मालवण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जिले के कट्टा गांव में एक होटल में काम करने वाले व्यक्ति ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान शव के पास मिले मोबाइल फोन से हुई। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
महाराष्ट्र : पत्थर से सिर कूचकर 50 वर्षीय साध्वी की हत्या
महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में एक अज्ञात हमलावर ने पत्थर से सिर कूचकर 50 वर्षीय साध्वी की हत्या कर दी और फरार हो गया। पीड़िता की पहचान साध्वी संगीता पवार के रूप में हुई है, जो चिंचड़गांव इलाके में सद्गुरु नारायणगिरी महाराज कन्या आश्रम में रहती थीं। एक अधिकारी ने बताया कि एक मंदिर के पुजारी ने शनिवार सुबह आश्रम में उनका शव का पड़ा देखा और पुलिस को सूचित किया। पुजारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे वह पूजा पाठ के लिए आश्रम पहुंचे और साध्वी को फोन किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। खोजबीन की तो वह उस अस्थायी शेड में खून से लथपथ पड़ी मिलीं, जहां वह रहती थीं।
15 पुलिसकर्मियों की हत्या में 6 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर कवडे गांव में सुरक्षा बलों ने दुर्दांत नक्सली मन्नू सुलगे पल्लो (28) उर्फ अंकल को गिरफ्तार किया। इसके सिर पर महाराष्ट्र सरकार ने 6 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पल्लो पर एक मई, 2019 को कुर्खेड़ा उपमंडल के जामबुलखेड़ा जंगल में आईईडी धमाके कर बड़े नक्सली हमलों का आरोप है। इसमें 15 पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी। खोब्रामेड़ा जंगल में 29 मार्च, 2021 को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में भी उसकी भूमिका थी। पुराड़ा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर उसे कुर्खेड़ा के जेएमएफसी कोर्ट में पेश किया गया। उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
बुजुर्ग महिला से तीन करोड़ की ठगी में मामले में तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक बुजुर्ग महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी गिरोह से कथित तौर पर जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय महिला को 13 अगस्त, 2024 को फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को कुरियर कंपनी का एक कर्मचारी बताया था। साथ ही पुलिस ने बताया कि जालसाज ने दावा किया कि उसने महिला का एक पार्सल जब्त किया है, जिसमें एक लैपटॉप, 140 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) पाउडर, थाइलैंड का एक पासपोर्ट, तीन क्रेडिट कार्ड और चार किलोग्राम कपड़े हैं।
तीन-भाषा फॉर्मूले पर बोले अजित पवार
महाराष्ट्र में एक जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पहले हिंदी भाषा को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य सरकार के तीन-भाषा फॉर्मूले के तहत कक्षा एक से हिंदी पढ़ाने के फैसले का विपक्ष विरोध कर रहा है। इस मुद्दे पर 5 जुलाई को मुंबई में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे की एमएनएस द्वारा संयुक्त मोर्चा निकाले जाने की घोषणा की गई है। इस बीच, डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि ऐसी स्थिति न आए कि मोर्चा निकालना पड़े, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी की पढ़ाई कक्षा 5 से शुरू होनी चाहिए, जबकि प्राथमिक कक्षाओं में मराठी और अंग्रेजी अनिवार्य होनी चाहिए। विपक्ष का आरोप है कि सरकार हिंदी थोप रही है, जबकि सरकार ने सफाई दी है कि हिंदी अनिवार्य नहीं है। केवल तभी तीसरी भाषा होगी जब 20 से ज्यादा छात्र किसी और भाषा का विकल्प न चुनें।
नागपुर: सीजेआई गवई ने कानून विवि में प्रशासनिक, पुस्तकालय भवन का किया उद्घाटन
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस भूषण गवई ने रविवार को महाराष्ट्र राष्ट्रीय कानून विश्वविद्यालय (एमएनएलयू) के प्रशासनिक भवन और केंद्रीय पुस्तकालय भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे।
एमएनएलयू के कुलाधिपति गवई ने संकाय और छात्रों से विश्वविद्यालय को इसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में से एक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान के एक दशक लंबे सफर को याद किया और फडणवीस व गडकरी के समर्थन की सराहना की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विकास में योगदान देने वालों को भी धन्यवाद दिया गया।
शिंदे गुट में शामिल हुए यूबीटी के कई नेता
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शिवसेना (यूबीटी) के कई नेता उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।