फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: हादसे में हाथ गंवाने वाले व्यक्ति को 1.39 करोड़ का मुआवजा; दो बच्चों के साथ मां ने की आत्महत्या

Thu, 13 Mar 2025 02:40 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ठाणे के मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने 2019 में एक बस दुर्घटना में अपना एक हाथ गंवाने वाले व्यक्ति को 1.39 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। न्यायाधिकरण के अध्यक्ष एस. बी. अग्रवाल ने 10 मार्च को अपने आदेश में बस चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण बताया। उन्होंने कहा कि वाहन का बीमाकर्ता मुआवजे के लिए जिम्मेदार होगा, लेकिन बीमाकर्ता को बस मालिक से निर्धारित राशि वसूलने की अनुमति दी गई है।

बता दें कि यह मामला महेश लालचंद मखीजा का है, जो एक मादक पेय कंपनी में बिक्री प्रबंधक के तौर पर काम करते थे। मखीजा ने एमएसीटी में बताया कि 16 दिसंबर 2019 को वह एक निजी लक्जरी बस में यात्रा कर रहे थे। तेज गति से चल रही बस का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण बस महाराष्ट्र के कल्याण-नगर राजमार्ग पर मुरबाद क्षेत्र के सावरने गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मखीजा को गंभीर चोटें आईं, और उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में अपना बायां हाथ कटवाना पड़ा।

विज्ञापन


दो बच्चों के साथ मां ने कुएं में कुदकर की आत्महत्या
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चे भी डूब गए। महिला के सात और डेढ़ साल के दो बेटे दिव्यांग थे, जिसके कारण वह अवसादग्रस्त थी। मामल में पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह वांगी गांव में परिवार के खेत के पास हुई। महिला और एक बच्चे के शव उसी दिन निकाल लिए गए, जबकि दूसरे बच्चे का शव गुरुवार सुबह बरामद किया गया।

पालघर में शादी समारोह में लाखों की चोरी
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक शादी समारोह के दौरान 8 लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषणों से भरे बैग की चोरी का मामला सामने आया था। पुलिस ने जांच करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और इसके एक प्रमुख सदस्य को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

बता दें कि यह घटना पालघर के विरार इलाके में हुई थी, जहां दुल्हन के परिवार का बैग चोरी हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से जांच शुरू की और पाया कि चोरी करने वाले गिरोह में बच्चों का भी इस्तेमाल किया जाता था।

विज्ञापन


पुलिस ने दी जानकारी
मामले में पुलिस ने बताया कि यह गिरोह मध्य प्रदेश के राजगढ़ इलाके के कुछ गांवों से है। इसके बाद एक विशेष टीम को राजगढ़ भेजा गया, जो 11 दिनों तक वहां रहकर जांच करती रही। पुलिस ने गिरोह के सदस्य विलासकुमार रामजीलाल सिसोदिया (34), जिसे सती के नाम से भी जाना जाता है, को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.9 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

मुंबई में ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले में दो RTO अधिकारी निलंबित
मुंबई के पश्चिम क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के दो अधिकारियों को फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले के मामले में निलंबित कर दिया गया है। इस घोटाले में 2023-24 के दौरान अमान्य वाहनों पर संदिग्ध ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए गए थे। निलंबित अधिकारियों में सहायक आरटीओ रावसाहेब रागड़े और मोटर वाहन निरीक्षक उमेश देवरे शामिल हैं। इन दोनों को परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा की गई जांच के बाद निलंबित किया गया। 10 मार्च को जारी निलंबन आदेश के अनुसार, महाराष्ट्र महालेखाकार (ऑडिट) ने मुंबई पश्चिम आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने में अनियमितताओं को चिह्नित किया था।  ऑडिट रिपोर्ट में फर्जी ड्राइविंग टेस्ट के आधार पर जारी लाइसेंसों के बारे में चिंता जताई गई, जिसके बाद आंतरिक जांच की गई। अंधेरी आरटीओ के नेतृत्व में हुई जांच में लाइसेंस जारी करने की प्रक्रियाओं में खामियों की पुष्टि हुई। निलंबन के दौरान, रागड़े को आरटीओ मुंबई (पूर्व) में तैनात किया जाएगा, जबकि देवरे आरटीओ मुंबई (मध्य) को रिपोर्ट करेंगे। 

शिवसेना सांसद ने कहा-नष्ट की जाए औरंगजेब की कब्र
नई दिल्ली। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने महाराष्ट्र के खुल्दाबाद स्थित मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को नष्ट करने की मांग की। लोकसभा में शून्यकाल के दौरान म्हस्के ने कहा कि औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी की हत्या की और हिंदू मंदिरों को नष्ट किया। नौवें और दसवें सिख गुरुओं की हत्या करने वाले औरंगजेब की खुल्दाबाद स्थित कब्र में का संरक्षण एएसआई कर रहा है। औरंगजेब समेत देश के खिलाफ काम करने वाले सभी लोगों की याद को नष्ट कर देना चाहिए।

POP की मूर्तियों के विसर्जन से जल प्रदूषण की जांच के लिए अध्ययन समूह का गठन: पंकजा मुंडे
महाराष्ट्र की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आयोग ने यह पता लगाने के लिए एक अध्ययन समूह का गठन किया है कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की मूर्तियों के जल निकायों में विसर्जन से प्रदूषण होता है या नहीं। पंकजा ने राज्य विधानसभा में बताया कि इस अध्ययन समूह का नेतृत्व परमाणु भौतिक विज्ञानी डॉ. अनिल काकोडकर कर रहे हैं। मुंडे ने कहा कि राज्य सरकार प्रदूषण मानदंडों का पालन करने के लिए कदम उठा रही है, लेकिन मूर्तियों के निर्माण में पीओपी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने से व्यवसाय और उत्सवों पर असर नहीं होने देगी। भगवान गणेश की बड़ी मूर्तियां आमतौर पर पीओपी से बनाई जाती हैं, जिन्हें महाराष्ट्र में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान स्थापित किया जाता है। 

ठाणे में पथराव की जांच में लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मी निलंबित
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आरएसएस के बच्चों के प्रशिक्षण शिविर पर पथराव की घटना की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में तिलकनगर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक जगन्नाथ शिंदे को निलंबित किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने पाया कि वह संदिग्धों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में विफल रहे और अपनी जांच में लापरवाही बरती। पुलिस के अनुसार, रविवार रात को ठाणे जिले के डोंबिवली के कचोरे गांव में बच्चों के लिए आयोजित आरएसएस के शिविर पर पथराव किया गया था। बुधवार को हिंदू संगठनों, आरएसएस स्वयंसेवकों और नागरिकों ने इस घटना की निंदा करने के लिए डोंबिवली के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'हिंदू एकता' के नारे लिखी तख्तियां लहराईं। एक स्थानीय आरएसएस नेता ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर पर दो दिनों में दो बार पत्थर फेंके गए। इस पथराव में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक विवाद पैदा करने और भय फैलाने का प्रयास करने का मामला दर्ज किया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अपराधियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।

मुंबई में राज्य परिवहन की बस ने दोपहिया वाहन को मारी टक्कर, एक की मौत  
मुंबईं में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। तीनों दोस्त होली के त्योहार की तैयारी के लिए फूल खरीदने के लिए जा रहे थे, तभी राज्य परिवहन की एक बस ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसा मध्य मुंबई के प्रभादेवी पुल के पास दोपहर ढाई बजे हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रणय बोडके (29 वर्षीय) के रूप में हुई हैं, जबकि करण शिंदे और दुर्वेश गोरडे घायल हुए हैं। तीनों कालाचौकी से दार फूल बाजार जा रहे ते। घटना के समय परिवहन निगम की शिवनेरी बस पुणे जा रही थी और उसने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बोडके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिंदे और गोरडे को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोहर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। 
 

महाराष्ट्र सरकार ने पानीपत की तीसरी लड़ाई की याद में स्मारक बनाने का दिया आदेश
महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को हरियाणा के पानीपत में एक स्मारक बनाने का आदेश जारी किया, जो मराठा साम्राज्य से जुड़ी ऐतिहासिक लड़ाई को चिह्नित करेगा। यह स्मारक 1761 में अफगानिस्तान के आक्रमणकारी अहमद शाह अब्दाली और मराठों के बीच हुई तीसरी पानीपत की लड़ाई के महत्व को दर्शाएगा। स्मारक हरियाणा के काला अंब में बनेगा, जहां यह ऐतिहासिक युद्ध हुआ था। 

नवी मुंबई: पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक व्हाट्सएप्प स्टेटस रखने पर व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपने व्हाट्सएप्प स्टेटस पर कथित अपमानजनक पोस्ट लगाने के आरोप नवी मुंबई के तलोजा के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। व्यक्ति ने बाद में अपनी पोस्ट हटा ली, लेकिन उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (धार्मिक विश्वास को अपमानित करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किया गया कृत्य), 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मकसद से शब्दों का उच्चारण) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि एक पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर सीबीडी बेलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच जारी है। 

मुंब्रा-पनवेल रोड पर दो गोदामों में लगी आग, 12 बकरियां मरीं
ठाणे में मुंब्रा-पनवेल रोड पर दो गोदामों में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई, हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। एक अधिकारी ने कहा, आग सुबह 5:45 बजे लगी और 7:35 बजे तक बुझा दी गई। एक गोदाम में रखे कार्डबोर्ड, रबर और स्क्रैप जलकर राख हो गए, जबकि दूसरे गोदाम में 35 बकरियों में से 12 की घने धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र : भंडारा आयुध फैक्टरी धमाके में चार अधिकारियों पर केस दर्ज, 9 लोगों की हुई थी मौत
24 जनवरी को भंडारा स्थित आयुध फैक्टरी में हुए भीषण धमाके को लकेर चार अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने बताया कि मशीनों की मरम्मत में लापरवाही और संवेदनशील जोन में प्रशिक्षुओं की तैनाती हादसे के प्रमुख कारण रहे। देवेंद्र मीणा (सुरक्षा विभाग प्रभारी), आदिल फारूकी (रखरखाव प्रबंधक), आनंदराव फये (प्रशासन अधिकारी) और संजय धापड़े (सामान्य प्रशासन) समेत कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद गठित जांच समिति ने पाया कि फैक्टरी के भवन नंबर 23 के एलटीपीई (कम तापमान प्लास्टिक विस्फोटक) सेक्शन में लगी एक्सट्रूमिक्स मशीन और अन्य उपकरण जर्जर अवस्था में थे, लेकिन इनकी मरम्मत नहीं की गई थी। जांच में यह भी पता चला कि फैक्ट्री प्रबंधन ने प्रशिक्षुओं को उच्च जोखिम वाले जोन में काम पर लगाया था, जो सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। घटना में 9 की मौत के अलावा 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

महाराष्ट्रः बेटी को 29वीं मंजिल से धक्का देकर कूदी महिला, दोनों की मौत
महाराष्ट्र के पनवेल में एक महिला ने अपनी आठ साल की बेटी को आवासीय इमारत की 29वीं मंजिल से धक्का देकर मार डाला और फिर नीचे कूद खुदकुशी कर ली। घटना बुधवार सुबह पलासपे में हुई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ मैथिली दुआ (37) ने अपनी बेटी को धक्का देकर मार डाला और फिर खुद भी नीचे से कूद गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

महाराष्ट्रः आठ लाख की रेलवे की पटरियां चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के जालना में आठ लाख रुपये की रेलवे की पटरियां चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को एक ट्रक को 12 टन चोरी की सामग्री के साथ पकड़ा गया था। इसमें सवार शेख मोइन और शेख अमजद ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने जालना में स्टेशनों के पास से ये पटरियां चुराई। उन्होंने बताया कि इसके बाद रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह के अन्य सदस्यों की पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें