महाराष्ट्र के ठाणे में अपनी पत्नी को तीन तलाक देने के आरोप में 31 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मुंब्रा इलाके का रहने वाला है। महिला अकेले घूमने जाती थी, इसलिए उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। पत्नी की शिकायत पर व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) और मुस्लिम महिला अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
रेत से लदे ट्रक और मालवाहक वाहन की टक्कर में चालक घायल
ठाणे में शुक्रवार को तड़के रेत से लदे एक ट्रक के दूसरे मालवाहक वाहन से टकरा जाने से चालक को मामूली चोटें आईं। यह घटना सुबह के 4.45 बजे की है। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक गुजरात से रायगढ़ जा रहा था, उसमें 28 किलो रेत था। 28 वर्षीय ट्रक चालक रियाज अहमद ने वाहन पर से कंट्रोल खो दिया, जिसके बाद ट्रक एक दूसरे वाहन से टकरा गया। इस हादसे में अहमद वाहन के अंदर ही बुरी तरह से फंस गया, जिसे में अधिकारियों ने बाहर निकाला। उसे सिर और पैर में मामूली चोटें आई है।
दक्षिण मुंबई में चार मंजिला खाली इमारत ढह गई
दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार इलाके में चार मंजिला खाली इमारत आंशिक रूप से ढह गई। यह घटना आधी रात 12.30 बजे घटी। एक अधिकारी ने बताया कि इमारत जर्जर अवस्था में होने के कारण खाली था। घटना की जानकारी पाकर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इमारत के पास जमा हो गए थे। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत
नागपुर में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यशोधरा नगर में सड़क किनारे सीमेंट के पाइप से बाइक टकराने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक मार्टिन नगर के लॉरेंस समन (32) और मनकापुर के शंकर पंधारी गुडाधे (36) ऑटोमोटिव स्क्वायर जा रहे थे। दोनों निजी सुरक्षा गार्ड थे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 22 वर्षीय आंचल टेकचंद राहंगडाले की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी। जब वह जरीपटका इलाके में ट्यूशन से घर लौट रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।