नागपुर में सरेआम 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या
महाराष्ट्र के नागपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक 35 वर्षीय व्यक्ति की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हत्याकांड मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आपोरी अभी भी फरार चल रहे है।
पांच हमलावरों ने किया हमला
साथ ही एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रात करीब 10.15 बजे झिंगाबाई टाकली बाजार इलाके में हुई, जब करीब पांच हमलावरों के एक समूह ने सोहेल खान पर हमला किया और उस पर कई बार चाकू से वार किया।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
मुंबई पुलिस ने चार तेल टैंकर और 100 ड्रम ईंधन जब्त किए
मुंबई पुलिस ने गुरुवार रात को सेवरी-चेंबूर रोड पर चार तेल टैंकर और 100 ड्रम ईंधन जब्त किए और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। वडाला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के बाद की गई थी। सूचना मिली थी कि कुछ टैंकर चालक और क्लीनर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के परिसर के पास तेल टैंकरों से ईंधन चुरा रहे थे।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि चार टैंकरों की सील टूटी हुई थी और उनमें 20 लीटर क्षमता वाले 100 ड्रम ईंधन से भरे हुए थे। राशनिंग विभाग की मदद से पुलिस ने इन चार टैंकरों और 2000 लीटर ईंधन से भरे ड्रमों को जब्त कर लिया। इस मामले में इरफान नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने मंत्रालय में पत्रकारों के प्रवेश पर नया नियम लागू किया
महाराष्ट्र सरकार ने मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मंत्रालय और राज्य सचिवालय में दोपहर 2 बजे के बाद ही प्रवेश की अनुमति देने का फैसला लिया है। गृह विभाग के एक परिपत्र के अनुसार, पुलिस को आदेश दिया गया है कि वह पत्रकारों को सभी सुरक्षा जांच के बाद दोपहर 2 बजे के बाद परिसर में प्रवेश करने की अनुमति दें। इसके साथ ही, राज्य सरकार ने चेहरा पहचानने की प्रणाली और 'डिजी प्रवेश' ऐप के जरिए भवन में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि भीड़ प्रबंधन में सुधार हो सके।
महिला से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.67 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
मुंबई से एक बार फिर ऑनलाइन जालसाजों द्वारा महिला के साथ धोखाधड़ी की खबर सामने आ रही है। मुंबई पुलिस ने गुरुवार को बताया कि ऑनलाइन जालसाजों ने कांदिवली ईस्ट के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में रहने वाली 50 वर्षीय महिला से 1.67 करोड़ रुपये ठग लिए। जालसाजों ने महिला को शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ सब्सक्रिप्शन से उच्च रिटर्न का वादा किया था।