मुंबई : कलश यात्रा से लौटते समय भगवा झंडा लहराने पर दो युवकों पर हमला, तनाव
मुंबई के मलाड पूर्व इलाके में रविवार को गुढ़ी पाड़वा के दिन शाम को कलश यात्रा से घर लौट रहे दो लड़कों की भगवा झंडा लहराने पर पिटाई कर दी गई जिससे इलाके में तनाव फैल गया है। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनो पर एक विशेष समुदाय के लोगों ने हमला बोल दिया। इस मामले में पुलिस ने 9 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा फैलाने और धार्मिक भावना आहत करने का मामला दर्ज किया है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
शिवसेना प्रवक्ता संजय निरूपम ने दावा किया कि विशेष समुदाय के लोगों ने लड़कों से पिटाई के बाद भगवा झंडा छीन लिया। पुलिस ने जिहादी प्रवृत्ति के हमलावरों को पकड़ने की बजाए लड़कों को थाने ले गए। उसके बाद पीड़ित युवक को जोगेश्वरी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है लेकिन तीन-चार लोगों को हिरासत में लिया है।
मुंबई पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंचीं हैं। वे यहां भारतीय रिजर्व बैंक के 90वें वर्ष के समापन समारोह में शामिल होंगी। मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, पर्यटन और खान मंत्री शंभुराज देसाई, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक और डीजीपी रश्मि शुक्ला ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।
दिशा सालियान केस में दो पूर्व एसीपी ने वकील को सौंपे सबूत
बॉलीवुड अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में दो पूर्व पुलिस अधिकारियों ने उनके पिता और वकील को एक पेन ड्राइव सौंपी है जिसमें हत्या के कुछ सबूत सामने आ सकते हैं।
पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ए.पी. निपुंगे और भीमराज घाडगे सोमवार को दिशा के पिता सतीश सालियान के साथ उनके अधिवक्ता नीलेश ओझा के कार्यालय गए और अतिसंवेदनशील महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर उन्हें पेन ड्राइव सौंपा। इस पेन ड्राइव में साक्ष्य के रूप में दिशा सालियान के साथ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या और उसके बाद मामले को कवर-अप करने के मामले में विशेष सामग्री है जिससे इस मामले में नया खुलासा हो सकता है।