फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: अलीबाग तट पर नौका में आग, सभी सुरक्षित; बेटियों से दुष्कर्म-पत्नी को प्रताड़ित करने वाला गिरफ्तार

Fri, 28 Feb 2025 07:37 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
Maharashtra News - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

रायगढ़ जिले में अलीबाग तट के पास शुक्रवार तड़के मछली पकड़ने वाली एक नाव में आग लगने के बाद 18 लोगों को बचाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग सुबह करीब चार बजे लगी जब नौका अलीबाग के अक्षी तट से करीब सात समुद्री मील दूर थी। राकेश गण नामक व्यक्ति के स्वामित्व वाली एक नौका से आपात संदेश मिला, जिसके बाद भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और रायगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि नौका पर सवार कम से कम 18 लोगों को बचा लिया गया और उन्हें सुरक्षित तट पर लाया गया।

विज्ञापन


पालघर पुलिस महाराष्ट्र में अव्वल
पालघर पुलिस को महाराष्ट्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस विभाग के रूप में चिन्हित किया गया है। पालघर पुलिस ने 100-दिवसीय शासन सुधार अभियान के तहत पहला स्थान हासिल किया है। पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, शासन सुधार अभियान के तहत 50 दिनों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई जिसमें पालघर शीर्ष स्थान पर रहा। यह अभियान सात जनवरी से शुरु किया गया था और 16 अप्रैल को संपन्न होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवर को पुलिस अधीक्षक (एसपी) बालासाहेब पाटिल को प्रशंसा पत्र प्रदान किया और पालघर पुलिस विभाग की नेतृत्व क्षमता और संचालन में उत्कृष्टता की सराहना की।

पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में सिंधुदुर्ग से गिरफ्तारी
पालघर जिले में अपनी बेटियों से दुष्कर्म करने और पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में 56 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस ने छोटा राजन गिरोह से जुड़े आरोपी को गुरुवार को सिंधुदुर्ग जिले से गिरफ्तार किया। वरिष्ठ निरीक्षक अविराज कुर्हाड़े ने बताया कि आरोपी ने 2018 से फरवरी 2025 के बीच कई बार अपनी दो बड़ी बेटियों का यौन उत्पीड़न किया और उनमें से एक को गर्भपात के लिए मजबूर किया। उन्होंने बताया कि उसने पत्नी को भी पीटा और उसे प्रताड़ित किया तथा अपनी 16 एवं 12 साल की दो नाबालिग बेटियों से छेड़छाड़ की। जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ पालघर, कर्जत, कणकवली और सायन के थाने में छह मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन


मंगेतर पर हमला करने के आरोप में एक गिरफ्तार
पालघर जिले में कार्यस्थल पर अपनी मंगेतर पर हमला करके उसे घायल करने के आरोप में 29 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी अक्षय पाटिल को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की 23 वर्षीय महिला से सगाई हुई थी, लेकिन शादी एक साल तक टाल दी गई और उन्हें इस दौरान बाहर घूमने जाने से मना किया गया था।

आपले सरकार सेवा केंद्रों का होगा विस्तार
महाराष्ट्र सरकार ने बृहस्पतिवार को 'आपले सरकार सेवा केंद्रों' के विस्तार की घोषणा की। ये केंद्र विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए वन-स्टॉप सेंटर के रूप में काम करेंगे। यह कदम केंद्र सरकार की सीएससी 2.0 पहल के तहत राज्य के डिजिटल गवर्नेंस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। राज्य सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हर ग्राम पंचायत में 'आपले सरकार सेवा केंद्र' स्थापित किए जाएंगे। 5,000 से अधिक आबादी वाले गांवों में कम से कम दो ऐसे केंद्र होंगे। शहरी क्षेत्रों में केंद्रों की संख्या जनसंख्या घनत्व के आधार पर निर्धारित की जाएगी, ताकि सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। महा ई-सेवा केंद्र, जिला और तालुका स्तर के सेतु केंद्र, और नगरपालिका नागरिक सेवा केंद्रों को एकरूपता बनाए रखने के लिए 'आपले सरकार' ब्रांड के तहत लाया जाएगा। महाराष्ट्र सूचना प्रौद्योगिकी निगम (MITC) को इन केंद्रों के कार्यान्वयन और पर्यवेक्षण का प्रबंधन सौंपा गया है। ये केंद्र आधार से संबंधित सुविधाएं, बैंकिंग, बीमा, उपयोगिता बिल भुगतान, भूमि रिकॉर्ड, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करेंगे।

पुणे बस दुष्कर्म का आरोपी शिरुर से हिरासत में लिया
पुणे के स्वारगेट बस स्टेशन पर बस के अंदर 26 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने शुक्रवार को शिरुर तहसील से हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान दत्तात्रेय गाडे के रूप में हुई है। महिला के साथ कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर गाडे (37) ने मंगलवार की सुबह एसटी बस के अंदर दुष्कर्म किया था। पुणे और अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन-स्नेचिंग के आधा दर्जन मामलों में गाडे का नाम है। वह इनमें से एक अपराध में 2019 से जमानत पर बाहर है।

सीएसएमटी पर प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए लगेगा दो दिन का ब्लॉक, कई ट्रेनें प्रभावित होंगी
मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर 24 कोच वाली ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए शुक्रवार रात से दो दिन का विशेष ब्लॉक लगाने की घोषणा की है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, इस काम के कारण कई उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। नीला ने बताया कि यह विशेष ब्लॉक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों से पहले और बाद में किया जाएगा। पहले चरण का काम शुक्रवार रात 11:30 बजे शुरू होगा और सुबह 4:30 बजे खत्म होगा। दूसरा चरण शनिवार रात 11:15 बजे शुरू होकर रविवार सुबह 9:15 बजे तक चलेगा। 

यूपी से लापता युवती की मुंबई में मिली लाश, प्रेमी गिरफ्तार
गोरखपुर से लापता प्रिया सिंह की दो माह पूर्व हुई हत्या का खुलासा हो गया है। उसकी लाश पालघर जिले के नायगांव क्षेत्र के एक नाले से मिली थी। प्रिया के प्रेमी अमित पर  हत्या करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच टीम ने प्रिया का मोबाइल फोन दिल्ली से बरामद कर प्रेमी अमित को गिरफ्तार किया है।

2027 में नासिक कुंभ होगा अविस्मरणीय : फडणवीस
प्रयागराज महाकुंभ का समापन हो गया। इसके साथ ही नासिक कुंभ 2027 की तैयारियां शुरू हो गई है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 38 अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ की पूर्णाहुति के बाद अब नासिक कुंभ अविस्मरणीय होगा, जहां हम इस अपने गौरवशाली परंपरा की दिव्य अनुभूति को महसूस करने के लिए एकत्रित होंगे। 

26/11 हमले में बरी आरोपी अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए हाईकोर्ट पहुंचा
26/11 आतंकी हमले मामले में बरी फहीम अंसारी ने आजीविका के लिए ऑटोरिक्शा चलाने के लिए पुलिस अनापत्ति प्रमाणपत्र की मांग करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। मई 2010 में विशेष अदालत ने इस मामले में एकमात्र पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को दोषी ठहराया था और दो भारतीय आरोपियों फहीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। फहीम और सबाउद्दीन पर 26/11 हमले की साजिश रचने में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की मदद का आरोप था। 

महाराष्ट्र के विकास की नींव बनेगी तकनीक: फडणवीस
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार फिनटेक और एआई स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही है। हमारा लक्ष्य महाराष्ट्र को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि तकनीक राज्य के आर्थिक विकास की नींव बनेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसमें मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने एनपीसीआई के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। सरकार की आपले सरकार पहले के तहत व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित करने के लिए राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी और मेटा के बीच समझौता हुआ। कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग ने एआई हब स्थापित करने के लिए एक एमओयू किया। वहीं सरकार ने उद्यमी संग्रहालय की स्थापना का एलान किया। सीएम ने कहा कि नवी मुंबई, न्यू ठाणे और वधावन में नए शहर विकसित किए जाएंगे।
विज्ञापन

पुणे बस दुष्कर्म मामले में पुणे के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें