फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: नवी मुंबई में युवक ने पूर्व प्रेमी की हत्या की, खुद का काटा गला; IPS के पति के खिलाफ केस दर्ज

Sat, 01 Feb 2025 10:59 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

फीस जमा न करने पर पांच साल के बच्चे को बंधक बनाने पर एक स्कूल के दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत पर एनआरआई सागरी पुलिस थाने में दो व्यक्तियों के खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बच्चे को 28 जनवरी को स्कूल परिसर में रोका गया था और पूछताछ करने पर उन्होंने फीस का भुगतान न करना हिरासत में लेने का कारण बताया। मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

विज्ञापन


ठाणे के जंगल में मृत मिला मोर
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक जंगल में मोर मरा हुआ मिला है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कल्याण  तालुका के दाहगांव के जंगल में मोर का शव देखा और 29 जनवरी को पुलिस और अधिकारियों को जानकारी दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी संजय छाणे ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संभावना है ग्रामीणों ने छोटे जानवरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया होगा और गलती से इसमें मोर फंस गया होगा। 

राज्य में जीबीएस से अब तक चार की मौत
महाराष्ट्र में 'गुइलेन-बैरे सिंड्रोम' (जीबीएस) के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को चार हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब तक जीबीएस के संदिग्ध 140 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 98 में जीबीएस की पुष्टि हो चुकी है। इनमें पुणे से 36 मरीज हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पिंपरी चिंचवाड़ के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल में एक 36 वर्षीय व्यक्ति की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उनके शरीर में निमोनिया के कारण श्वसन तंत्र पर असर पड़ा था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुणे के धायरी इलाके के 60 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हुई। उन्हें दस्त और कमजोरी के कारण 27 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। इसके अलावा, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पुणे शहर के विभिन्न हिस्सों से 160 पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनमें से आठ नमूने दूषित पाए गए। सिंहगढ़ रोड के कुछ बोरवेल से मिले नमूनों में ई.कोली बैक्टीरिया पाया गया है। उन्होंने बताया कि ई.कोली का पानी में होना मल या पशु अपशिष्ट के प्रदूषण का संकेत है, और यह जीबीएस संक्रमण का कारण बन सकता है। इस बीच, झारखंड सरकार ने भी जीबीएस के मामलों को लेकर सतर्कता बरतने का फैसला किया है और स्वास्थ्य संस्थानों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन

मुंबई में संपत्ति पंजीकरण जनवरी में सालाना 12% बढ़ा
बृहन्मुंबई नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति पंजीकरण जनवरी में सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़कर 12,249 इकाई पर पहुंच गया। नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल जनवरी में इस क्षेत्र में 10,967 इकाइयों का पंजीकरण हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, यह संख्या पिछले 13 वर्षों में जनवरी के महीने में सबसे अधिक है। नाइट फ्रैंक इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि मुंबई का आवासीय बाजार 2025 में मजबूत गति से बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने बताया कि इस महीने पंजीकरण की मात्रा रिकॉर्ड स्तर पर थी, लेकिन पंजीकरण और राजस्व संग्रह में पहले के महीने की तुलना में कमी देखी गई। बैजल ने कहा कि यह चिंताजनक नहीं है, क्योंकि महीने-दर-महीने गिरावट आमतौर पर होती है। लेकिन हमें इस क्षेत्र पर ध्यान देना चाहिए। विशेष रूप से, प्रीमियम सेगमेंट में लगातार मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। दिसंबर में, इस क्षेत्र में 12,418 इकाइयां पंजीकृत की गई थीं।

छगन भुजबल बोले- मैं राज्यपाल नहीं बनना चाहता
वरिष्ठ एनसीपी नेता छगन भुजबल ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें राज्यपाल बनाना 'मेरे मुंह पर ताला लगाने जैसा होगा' और उनका असली काम समाज के गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लड़ना है। उन्होंने तेलगी स्टांप पेपर घोटाले में कुछ आरोपों के बाद शरद पवार द्वारा 'जल्दबाजी में' इस्तीफा मांगने की भी आलोचना की। भुजबल ने पुणे में एक कार्यक्रम में कहा, 'राज्यपाल के तौर पर मैं क्या कर पाऊंगा? मेरा काम गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ना है। अगर मैं राज्यपाल बन गया, तो मैं उस लड़ाई को नहीं जारी रख पाऊंगा।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह राज्यपाल के पद का अपमान नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह बताना चाह रहे हैं कि इस पद को स्वीकार करने से वह ओबीसी और अन्य हाशिए पर पड़े समुदायों के अधिकारों और आरक्षण के लिए काम करने से वंचित हो जाएंगे। 

शिक्षिका से दुष्कर्म में शैक्षणिक संस्थान का संस्थापक गिरफ्तार
ठाणे शहर के एक शैक्षणिक संस्थान के संस्थापक रमेशचंद्र शोभनाथ मिश्रा (54) को एक शिक्षिका से बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। श्री नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि आरोपी को बृहस्पतिवार रात हिरासत में ले लिया गया था बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अपनी शिकायत में 42 वर्षीय शिक्षिका ने कहा कि मिश्रा ने उसे नौकरी देने के लिए उससे 6 लाख रुपये और उसे अपने शिक्षा संस्थान में नौकरी जारी रखने के एवज में 2015 से उसका यौन उत्पीड़न कर रहा है। 

आईपीएस अधिकारी के पति के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक आईपीएस अधिकारी के पति के खिलाफ सरकारी कोटे के फ्लैटों को रियायती दरों पर बेचने का लालच देकर कई लोगों से 25 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कोलाबा पुलिस स्टेशन में पुरुषोत्तम चव्हाण और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आईपीएस अधिकारी से विवाहित चव्हाण पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें एक अन्य मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मौजूदा मामले में, उन पर सरकारी कार्यालयों में अपने संपर्कों का उपयोग करके रियायती दरों पर ठाणे और पुणे के अलावा प्रभादेवी, दादर और परेल जैसे मुंबई के प्रमुख स्थानों में 'सरकारी कोटे के फ्लैट' और भूखंड देने का वादा करके पैसे इकट्ठा करने का आरोप है। अक्सर, निजी बिल्डर कई बकाया चुकाने के लिए सरकार को कुछ फ्लैट सौंप देते हैं। ये फ्लैट सरकार की तरफ से कई योजनाओं के तहत आवंटित किए जाते हैं।

MPSC परीक्षा के पेपर को 40 लाख रुपये में बेचने की ऑडियो क्लिप: भंडारा से दो गिरफ्तार
एक वायरल फोन कॉल रिकॉर्डिंग के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक अभ्यर्थी से एमपीएससी की तरफ से आयोजित की जा रही ग्रुप बी (गैर-राजपत्रित) संयुक्त परीक्षा 2024 के प्रश्नपत्र के बदले में 40 लाख रुपये देने के लिए कहा जा रहा है। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परीक्षा रविवार को होनी है। उन्होंने बताया कि नागपुर अपराध शाखा ने पड़ोसी मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी दीपक सखारे (25) और भंडारा निवासी योगेश वाघमारे (28) को गिरफ्तार किया है।

नागपुर क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने कहा, 'साखरे और वाघमारे को भंडारा से पकड़ा गया। आशीष और प्रदीप कुलपे नाम के दो लोग फरार हैं। मामले में मूल शिकायत पुणे में दर्ज की गई थी। पुणे पुलिस द्वारा हमें सूचित किए जाने के बाद गिरफ्तारियां हुईं। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुणे पुलिस को सौंप दिया गया है।' गुरुवार को जारी एक अधिसूचना में, एमपीएससी ने कहा कि उसने वायरल ऑडियो क्लिप के बारे में जानने के बाद जांच के लिए पुणे पुलिस से संपर्क किया था। महाराष्ट्र ग्रुप-बी (गैर-राजपत्रित) सेवा संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2024 एक अत्यधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षा है, जिसमें रविवार को राज्य भर में 2,86,000 उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

नवी मुंबई में शख्स ने पूर्व प्रेमी की हत्या की, आत्महत्या के प्रयास में गंभीर रूप से घायल
नवी मुंबई की एक 22 वर्षीय महिला की शनिवार को उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसने आत्महत्या करने के प्रयास में खुद को चाकू मार लिया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, जागृति सातवे और आरोपी निकेश शिंदे एक रिश्ते में थे, लेकिन तीन महीने पहले उनका ब्रेकअप हो गया था। अधिकारी ने कहा कि निकेश शिंदे को शक था कि जागृति सात्वे किसी और को डेट कर रही है। शनिवार को निकेश शिंदे न्यू पनवेल इलाके में महिला के घर गया, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि इस दौरान निकेश शिंदे ने चाकू निकाला और जागृति सात्वे की गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने फिर अपनी गर्दन पर चाकू से वार किया। उसे गंभीर चोटें आईं और उसे कामोठे के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। खांडेश्वर पुलिस ने निकेश शिंदे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें