फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: पालघर में 250 से अधिक छात्र खाना खाने के बाद बीमार; DCP-SP रैंक के 16 पुलिस अधिकारियों का तबादला

Wed, 07 Aug 2024 03:02 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Maharashtra: महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू तालुका के लगभग 20 आश्रम विद्यालयों के 250 छात्र मंगलवार सुबह संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गए। वहीं, राज्य में 16 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। 
विज्ञापन
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दत्ता नलावडे सहित 16 उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारियों का तबादला किया। नलवाडे को मुंबई में पुलिस उपायुक्त (सरकारी रेलवे पुलिस) के रूप में स्थानांतरित किया गया है। तबादले के आदेश गृह विभाग ने जारी किया है। 

विज्ञापन


आदेश के मुताबिक, वर्तमान में नवी मुंबई में तैनात पुलिस उपायुक्त विवेक पनसारे और राज्य विधानसभा सचिवालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रदीप चव्हाण का मुंबई पुलिस में तबादल किया गया है। जबकि, उपायुक्त रश्मि नांदेडकर को नवी मुंबई और मीना मकवाना को ठाणे शहर भेजा गया है। वहीं, संदीप भाजीबाकरे नागपुर में राज्य खुफिया विभाग में इसी रैंक पर काम करेंगे। आदेश में कहा गया है कि कि विधानसभा सचिवालय में चव्हाण की जगह उपायुक्त राजू भुजबल मुख्य सतर्कता अधिकारी होंगे। 
  
वरिष्ठ अधिकारी विश्वास देशमुख का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक (राजमार्ग) बनाया गया है। जबकि संदीप पालवे को मध्य महाराष्ट्र के नांदेड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
विज्ञापन


पालघर: 20 आश्रम विद्यालयों के 250 से अधिक छात्र रात का खाना खाने के बाद बीमार
महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू तालुका के लगभग 20 आश्रम विद्यालयों के कम से कम 250 छात्र मंगलवार सुबह संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आश्रम स्कूल आदिवासी छात्रों के लिए आवासीय विद्यालय होते हैं। पालघर के जिलाधिकारी गोविंद बोडके ने बताया, “एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना (आईटीडीपी) के दहानू परियोजना के तहत विभिन्न आश्रम विद्यालयों के 250 से अधिक छात्रों ने जी मिचलाने, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की जिसके बाद उन्हें जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।”

जिलाधिकारी ने बताया कि उनमें से 150 का अभी भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और कासा, तलासरी, वानगांव, पालघर और मनोर के ग्रामीण अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 

नागपुर: कारखाने में बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत, सात घायल
नागपुर जिले में मंगलवार को सीमेंट की एक निर्माण कारखाने में बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

घटना नागपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर मौदा तालुका के जुल्लर गांव में स्थित श्रीजी ब्लॉक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुई। मौदा पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि क्रेन चालक और जुल्लर निवासी नंदकिशोर रामकृष्ण (40 वर्षीय) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राणा मंगली गांव के ब्रह्मानंद मानेगुर्डे (45 वर्षीय) ने नागपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। 
 
पुलिस ने बताया कि सात अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि कारखाने के पास छह मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में तीन बकरियां भी मारी गईं। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम घटना स्थल पर पहुंची। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। पुलिस के मुताबिक, घायल मजबूर जुल्र, वडोदा और रणमंगली गांव के रहने वाले हैं। 

नागपुर: सरकारी अधिकारी ने इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या की
पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) में सेवारत एक वरिष्ठ अधिकारी ने सरकारी कार्यालय की सात मंजिला इमारत की छत से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या की। पुलिस ने बताया कि पीईएसओ में उप नियंत्रक निशांत मृदुल (44 वर्षीय) सोमवार को इमारत से कूदे। जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिट्टीखादन पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय या घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया। छत पर पड़ा उनका मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एम.टेक. की डिग्री रखने वाले मृदुल बिहार के रहने वाले थे। अधिकारियों ने कहा कि उनके काम में पेट्रोलियम और विस्फोटक उद्योगों के लिए विशेष उपकरणों की मंजूरी देना और संबंधित दुर्घटनाओं की जांच करना शामिल है। 

मुंबई: जहर खाने से बिल्ली की मौत, मामला दर्ज
दादर इलाके में एक बिल्ली को जहर खिलाकर उसकी हत्या करने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

बिल्ली की मालकिन ने 26 जुलाई को अपने घर के प्रवेश द्वार पर बिल्ली को बेहोश पाया। बिल्ली के मुंह से काला तरल पदार्थ निकल रहा था। महिला उसे परेल के पशु चिकिस्ता अस्पताल ले गई। लेकिन अगले दिन बिल्ली की मौत हो गई। महिला ने सोमवार को दादर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और दावा किया था कि किसी ने उनके पालतू जानवर को जहर खिलाया है। भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।  

पुणे: नदी किनारे बने 29 बंगलों को ध्वस्त किया जाएगा
उच्चतम न्यायालय द्वारा अपील खारिज किए जाने के बाद पुणे जिले के पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम (पीसीएमसी) ने मंगलवार को कहा कि वह इंद्रायणी नदी के किनारे अवैध रूप से बनाए गए 29 बंगलों को ध्वस्त करने के राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश को लागू करेगा।

स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ता तानाजी गंभीरे ने 'रिवर विला' परियोजना के खिलाफ एनजीटी में याचिका दायर की थी। याचिका में दावा किया गया था कि बंगलों का निर्माण 'ब्लू लाइन' क्षेत्र में किया गया है जो नदी के किनारे है और यहां विकास गतिविधियों की अनुमति नहीं है।

एक जुलाई, 2024 को एनजीटी ने पीसीएमसी को इन अवैध संरचनाओं को ध्वस्त करने और बंगला मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों से पर्यावरणीय क्षति मुआवजे के रूप में पांच करोड़ रुपये वसूलने का आदेश दिया था।

पीसीएमसी के एक अधिकारी ने बताया, "हाल ही में उच्चतम न्यायालय द्वारा आवेदन खारिज किए जाने के बाद पीसीएमसी, एनजीटी के आदेश के अनुसार कार्रवाई शुरू करेगी।"

मुंबई: वीडियो बनाकर 45 लाख रुपये ऐंठने का आरोप, तीन पर मामला दर्ज
मुंबई में मॉडलिंग के बहाने अश्लील वीडियो बनाकर एक महिला से 45 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भांडुप पुलिस ने बताया कि उसने तीन आरोपियों राहुल चव्हाण, श्रेयश पाटिल और हार्दिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश शुरू कर दी दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें