मुंबई से FCI अधिकारी और तीन अन्य रिश्वत मामले में गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 20 लाख रुपये की रिश्वत के एक मामले में मुंबई से भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अधिकारी श्रीनिवास राव मायलापल्ली समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि तीन अन्य लोगों में एक व्यवसायी, उसका बेटा और एक सहयोगी शामिल है। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने मायलापल्ली के कथित तौर पर भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिलने के बाद छापेमारी की। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने 9 मई को छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें एफसीआई के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय के दो सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), तीन निजी व्यक्ति, औरंगाबाद स्थित एक निजी कंपनी और अन्य शामिल हैं। आरोप है कि मायलापल्ली ने औरंगाबाद स्थित कंपनी में भागीदार एक व्यवसायी के साथ मिलकर साजिश रची और एफसीआई मुंबई कार्यालय के टेंडर देने के लिए अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए रिश्वत मांगी। उन्होंने बताया कि जाल बिछाकर मायलापल्ली को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि मुंबई, हैदराबाद और औरंगाबाद में विभिन्न स्थानों पर आरोपियों के आवासीय और आधिकारिक परिसरों में सीबीआई द्वारा तलाशी ली गई, जिसमें कई डिजिटल डिवाइस, नकदी और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।
टाटा मेमोरियल अस्पताल को मिली बम से उड़ाने की धमकी
टाटा मेमोरियल अस्पताल को शुक्रवार सुबह परिसर में बम होने की धमकी मिली थी, हालांकि जांच के बाद ईमेल पर मिली यह धमकी फर्जी निकली। भोईवाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए मेल में परिसर में बम होने और मरीजों को वहां से हटाने को कहा गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस तुरंत हरकत में आई और परिसर की तलाशी ली। हालांकि,कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
सुरक्षा कारणों से सिद्धिविनायक मंदिर में नारियल, माला और प्रसाद पर प्रतिबंध
मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में सुरक्षा कारणों से श्रद्धालु रविवार से नारियल, मालाएं और प्रसाद नहीं चढ़ा पाएंगे। मंदिर ट्रस्ट पर इन पर प्रतिबंध की घोषणा की है। दक्षिण मुंबई के प्रभादेवी इलाके में स्थित यह मंदिर भगवान गणेश को समर्पित है और यहां हर दिन हजारों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवणकर ने बताया कि मंदिर आतंकियों के निशाने पर है और हाल ही में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ट्रस्ट के साथ बैठक की थी। उन्होंने कहा, हमें सरकार और पुलिस की ओर से सलाह मिली हैं। सुरक्षा उपायों के तहत उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को चढ़ाए जाने वाले नारियल सुरक्षा जांच में पकड़ में नहीं आते और इससे खतरा हो सकता है।
पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच पालघर तट पर मछुआरों को सुरक्षा निर्देश जारी किए
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने पालघर तट पर मछुआरों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि देश की समुद्री सीमा को सुरक्षित रखा जा सके। सरकारी अधिकारी के अनुसार, यह निर्देश भारतीय नौसेना के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद जारी किए गए हैं, जिनमें तटीय निगरानी बढ़ाने पर चर्चा की गई थी। इसके साथ ही राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि अधिकतर मछली पकड़ने वाली नौकाओं में ट्रांसपोंडर लगाए जाएं, ताकि उनकी लोकेशन ट्रैक की जा सके।