फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: ठाणे में पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार; मुंबई में इमारत से कूदकर युवती ने की आत्महत्या

Wed, 02 Apr 2025 01:34 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ठाणे जिले के काशीमीरा इलाके में पत्नी की हत्या के आरोप में एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पप्पू राठौड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने सोमवार शाम को घर में अपनी पत्नी नसरीन राठौड़ (28) की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। एक पड़ोसी ने शिकायत की, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन


मुंबई में युवती ने 14 मंजिला इमारत से कूदकर की आत्महत्या
मुंबई के दादर इलाके में एक 20 वर्षीय युवती ने 14 मंजिला इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान जाना सेठिया के रूप में हुई है। वह बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। उसने मंगलवार शाम हिंदू कॉलोनी में टेक्नो हाइट्स इमारत की छत से कथित तौर पर छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि वह उसी इमारत की आठवीं मंजिल पर अपने माता-पिता के साथ रहती थी। एक अधिकारी ने बताया कि सेठिया और उसके दो दोस्त मंगलवार शाम छत पर गए थे। इस दौरान उसने अचानक इमारत से छलांग लगा दी। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन पुलिस को उसकी डायरी मिली, जिसमें उसने आत्महत्या के बारे में संकेत दिया था। उसके दोस्तों के अनुसार, वह प्रेम संबंध विफल होने के बाद अवसाद से ग्रस्त थी।

कुणाल कामरा को तीसरा समन जारी, पुलिस ने पांच अप्रैल को पेश होने को कहा
कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र पुलिस ने तीसरा समन जारी किया है। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कामरा को पांच अप्रैल को पेश होने को कहा गया है। पुलिस ने बताया कि 36 साल के कामरा को उपनगरीय मुंबई के खार थाने में अधिकारियों के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है। पिछले महीने यहां उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे पहले पुलिस ने दो बार तलब किया था। हालांकि, कामरा पुलिस के समक्ष अब तक उपस्थित नहीं हुए हैं। बता दें कि एकनाथ शिंदे ने 2022 में शिवसेना से बगावत कर पार्टी दो फाड़ करने में अहम भूमिका निभाई थी।  इस घटना पर कामरा ने पैरोडी गीत बनाया, जिसमें नाम लिए बिना शिंदे को गद्दार बताया। उनकी इस टिप्पणी से बौखलाए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की मेजबानी करने वाले स्टूडियो में तोड़पोड़ की थी। कामरा के खिलाफ मुंबई और शिंदे के राजनीतिक गढ़ ठाणे के अन्य पुलिस थानों में भी अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं।

बुच को हाईकोर्ट से मिली राहत, एफआईआर पर रोक की अवधि फिर बढ़ाई
बॉम्बे हाईकोर्ट ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की पूर्व अध्यक्ष माधबी पुरी बुच और पांच अन्य अधिकारियों के खिलाफ विशेष अदालत के आदेश पर रोक की अवधि बढ़ा दी है। इनपर शेयर बाजार में धोखाधड़ी और विनियामक उल्लंघन के लिए विशेष अदालत ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। न्यायमूर्ति शिवकुमार डिगे ने मंगलवार को कहा कि मामले में मूल शिकायतकर्ता ने हलफनामा दायर किया है और बुच व अन्य को इसे पढ़ने के लिए समय दिया गया है। हाईकोर्ट ने पिछले महीने विशेष अदालत के आदेश पर अंतरिम रोक लगाते हुए कहा था कि यह आदेश यंत्रवत पारित किया गया था और इसमें आरोपी की कोई विशेष भूमिका नहीं बताई गई थी। न्यायमूर्ति डिगे ने कहा कि पहले दी गई अंतरिम राहत अगले आदेश तक जारी रहेगी और इस मामले में सात मई को सुनवाई होगी। पिछले महीने बुच समेत सेबी के तीन वर्तमान पूर्णकालिक निदेशकों ने विशेष अदालत के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था। 

मुंबई में बूंदाबांदी, IMD का येलो-ऑरेंज अलर्ट
मुंबई में मंगलवार शाम हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार शाम मुंबई के चेंबूर, माटुंगा और वडाला में हल्की बारिश के बाद लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की कोलाबा इकाई और सांताक्रूज मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आज यानी बुधवार को सोलापुर को छोड़कर लगभग पूरे राज्य के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। मौसम विभाग ने आंधी, तूफान, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। जिन 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनके नाम पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ - सतारा, नासिक, पुणे, अहिल्यानगर (पुराना नाम अहमदनगर), बीड, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, अमरावती, अकोला, यवतमाल, भंडारा, चंद्रपुर और गोंदिया है। इसके अलावा मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। येलो अलर्ट का मतबल मौसम की गंभीर स्थिति, जबकि ऑरेंज अलर्ट का अर्थ कार्रवाई के लिए हर समय तैयार रहना है।
 

वक्फ विधेयक मामला: सीएम फडणवीस ने उद्धव से पूछा तीखा सवाल
संसद में वक्फ विधेयक पेश किए जाने की तैयारियों के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे से तीखा सवाल किया। उन्होंने एक्स पर मराठी भाषा में लिखे एक पोस्ट में कहा, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की विचारधारा को कायम रखते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। उन्होंने कहा, जब संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा, उस समय  उद्धव बालासाहेब ठाकरे हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को कायम रखेंगे या तुष्टीकरण की राजनीति में राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चलने का फैसला करेंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। बता दें कि विपक्षी दल इस विधेयक का कड़ा विरोध कर रहे हैं। इसे असंवैधानिक तथा मुस्लिम समुदाय के हितों के विरुद्ध बताते हुए कई प्रमुख मुस्लिम संगठन इस विधेयक के खिलाफ समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी तरफ केंद्र सरकार ने कहा है कि वह बिल के सभी प्रावधानों पर जवाब देने और इसे कानून बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन

महिला की हत्या के आरोप में किशोर हिरासत में 
जालना पुलिस ने 41 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में 13 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, जालना तहसील के अंतरवाली टेंभी गांव में मीरा उर्फ संध्या बोंडारे की 25 मार्च को उसके खेतों में पत्थर मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पता चला कि महिला ने पड़ोस के एक लड़के को डांटा था, क्योंकि वह नहर से पानी को उसके खेतों तक पहुंचने से रोक रहा था। एक बार गुस्से में उसने उसका मोबाइल फोन पानी में फेंक दिया। 25 मार्च की दोपहर को जब वह अपने खेतों में सो रही थी, तो कथित तौर पर लड़के ने रंजिश रखते हुए पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, किशोर ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें