बीड में दो बच्चों को बस में छोड़ प्रेमी संग फरार हुई महिला
महाराष्ट्र के बीड जिले में एक महिला अपने दो बच्चों को बस में छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला यवतमाल की रहने वाली है। वह रविवार को बच्चों के साथ तुलजापुर-संभाजीनगर बस में सवार हुई थी। रास्ते में उसने बच्चों को बस में छोड़ दिया और प्रेमी के साथ स्कूटर पर चली गई। महिला बच्चों की जेब में एक नोट छोड़ कर गई है, जिसमें लिखा था कि इन बच्चों का कोई माता-पिता नहीं है, कृपया इन्हें सुरक्षित यवतमाल पहुंचा दें। नोट में बच्चों के दादा का मोबाइल नंबर और पता भी लिखा था।
बस कंडक्टर ने बच्चों को रोते और अकेला देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने बच्चों को संरक्षण में लेकर शिरूर कासार तहसील के बाल गृह भेज दिया। पुलिस ने दादा से संपर्क किया, लेकिन वह बच्चों की बजाय बहूं के फरार होने, मोबाइल और नकदी को लेकर ज्यादा चिंतित नजर आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पालघर में सरकारी वकील 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, कोर्ट परिसर में एसीबी ने दबोचा
महाराष्ट्र के पालघर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को एक सरकारी वकील को कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपेश अजित पुरंदरे (47) के रूप में हुई है। वह वसई स्थित संयुक्त सिविल न्यायालय (उच्च स्तर) में विशेष सहायक सरकारी अभियोजक के पद पर कार्यरत थे। वह श्रेणी-2 अधिकारी हैं।
पालघर जिले के अधिकार क्षेत्र वाली ठाणे एसीबी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 20 मई को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद मामले की जांच और सत्यापन प्रक्रिया शुरू की गई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, जांच के दौरान यह सामने आया कि पुरंदरे ने संपत्ति वापसी से संबंधित एक आवेदन पर बयान दाखिल करने के बदले शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
इसके बाद एसीबी ने गुरुवार को जाल बिछाया और दोपहर करीब 12:30 बजे वसई कोर्ट भवन के भूतल पर स्थित सरकारी अभियोजक कार्यालय में आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।