महाराष्ट्र में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और उसकी फिल्म शाखा ने नवी मुंबई के वाशी स्थित एक मल्टीप्लेक्स के बाहर मराठी भाषा के कथित अपमान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मनसे नेता सचिन कदम ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीवीआर आईनॉक्स थिएटर के प्रबंधन से शिकायत की कि उनके मूवी जॉकी चैटबॉट डिस्प्ले बोर्ड और मोबाइल ऐप पर मराठी विकल्प या तो गायब था या आखिरी स्थान पर था। मनसे ने इसे मराठी भाषा का अपमान बताया। कदम का दावा है कि प्रबंधन ने सुधार कर माफी मांगी।
फर्जी पासपोर्ट के साथ नेपाली-बांग्लादेशी गिरफ्तार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक नेपाली नागरिक और एक बांग्लादेशी निवासी को फर्जी भारतीय पासपोर्ट इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। साहार पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय कृष्णा मर्पन तामांग (नेपाल) और 67 वर्षीय निरंजन नाथ सुबल चंद्रनाथ (बांग्लादेश) ने कोलकाता में जाली दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाए थे और इनसे कई देशों की यात्रा की थी। शुक्रवार को निरंजन नाथ मस्कट से लौटे तो दस्तावेजों में गड़बड़ी पकड़ में आई। पूछताछ में फर्जीवाड़ा कबूल किया। तामांग उड़ान भरने की तैयारी में पकड़ा गया। दोनों पर भारतीय दंड संहिता व पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।
मुंबई: ड्रग्स तस्करी मामले में महिला गिरफ्तार, पहली बार लगाया गया मकोका
मुंबई पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह वही मामला है जिसमें पहली बार महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार की गई महिला का नाम कायनात जब्बार शेख-कुरैशी (26 वर्षीय) है। उसे मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम ने दहिसर इलाके से पकड़ा। पुलिस अधिकारी ने बताया, एएनसी की बांद्रा इकाई ने पहले अदनान आमिर शेख को 766 ग्राम मेफेड्रोन (एक नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया था। वह एक संगठित गिरोह चला रहा था। अधिकारी ने आगे बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर कायनात को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया।
मुंबई हवाई अड्डे पर 39 किलोग्राम से ज्यादा हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार
मुंबई के हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने रविवार को 39.2 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। यह गांजा दो यात्रियों के पास से मिला, जो थाईलैंड के बैंकॉक से मुंबई आए थे।
डीआरआई की मुंबई इकाई की टीम ने इन दोनों भारतीय नागरिकों को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा। अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों यात्रियों के सामान की जांच की गई। जांच में उनके बैग में 39 पैकेट मिले, जिनमें हरी रंग की एक संदिग्ध सामग्री छिपा कर रखी गई थी। जांच में पुष्टि हुई कि यह हाइड्रोपोनिक गांजा है। यह एक प्रकार का उच्च गुणवत्ता वाला गांजा है, जिसे खास तकनीक से पानी में उगाया जाता है।
डीआरआई के अधिकारियों ने उस तीसरे व्यक्ति को भी हिरासत में लिया, जो हवाई अड्डे पर यह मादक पदार्थ लेने आया था। तीनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।