गणेशोत्सव में दिखेगी भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'स्वदेशी' की झलक
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इस बार गणेशोत्सव में 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'स्वदेशी' की झलक दिखाई देगी। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गणेशोत्सव मंडलों को गणेशोत्सव में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया को दिखाई गई भारतीय सेना के शौर्य और स्वदेशी उत्पादों के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए। बुधवार को फडणवीस ने गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें गणेशोत्सव की झांकी, कानून-व्यवस्था और प्रतिमाओं के विसर्जन सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई। महाराष्ट्र सरकार ने गणेशोत्सव को राजकीय उत्सव का दर्जा दिया है। इसलिए राज्य सरकार ने गणेशोत्सव मनाने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सरकारी अतिथि गृह- सह्याद्री में सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करके इस गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही, यह आशा भी व्यक्त की कि 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित दृश्य जवानों को समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि गणेशोत्सव के दौरान गणेश भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि गणेशोत्सव के दौरान ईद-ए-मिलाद त्योहार भी पड़ता है। इसलिए उत्सव मनाते समय कानून-व्यवस्था का ध्यान रखा जाना चाहिए। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) डॉ. पंकज भोयर, गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम, मुख्य सचिव राजेश कुमार उपस्थित थे।
मुंबई को आजादी के दिन मिलेगा नया तोहफा: खोला जाएगा मरीन लाइंस से वर्ली तक 5.25 किमी लंबा नया समुद्री किनारा
मुंबईवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को मुंबई को एक नया और खूबसूरत समुद्री किनारा मिलने जा रहा है। मरीन लाइंस से वर्ली तक फैले इस 5.25 किमी लंबे सी-फेस को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यह इलाका मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट का हिस्सा है और दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव के बाद पहली बड़ी समुद्री सार्वजनिक जगह है, जिसे लगभग 90 साल बाद तैयार किया गया है।