फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- महाराष्ट्र में प्रेम और नफरत करने वालों के बीच लड़ाई

Tue, 05 Nov 2024 06:16 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Maharastra Vidhan Sabha Chunav 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
विज्ञापन
महाराष्ट्र चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक सुनील राउत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सुनील राज्यसभा सांसद संजय राउत के भाई हैं। उनके खिलाफ प्रतिद्वंद्वी शिवसेना नेता सुवर्णा करंजे के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए एफआईआर दर्ज की गई है। सुनील राउत और करंजे मुंबई की विक्रोली विधानसभा सीट पर एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं।

विज्ञापन


शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार ने कथित तौर पर 27 अक्तूबर को उपनगरीय विक्रोली के टैगोर नगर इलाके में एक कार्यक्रम में विवादित टिप्पणी की थी। बाद में इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। करंजे की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को सुनील राउत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, जिसमें 79 (महिला की गरिमा का अपमान) भी शामिल है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

मामला दर्ज होने पर सुनील राउत ने कहा, '23 नवंबर को एक मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।' वहीं, संजय राउत ने कहा, 'रहने दो। केवल एक मामला दर्ज किया गया है। चुनाव के दौरान हमारे खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, फिर हमें भी जेल भेजा जाएगा। हम इन सब से डरने वाले नहीं हैं। हम 23 नवंबर के बाद उनका पूरा हिसाब चुकता कर लेंगे।'

विज्ञापन

महाविकास अघाड़ी के नेता - फोटो : एएनआई
नामांकन वापस न लेने पर बागी नेताओं पर कार्रवाई
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को पांच बागी नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया। पांचों ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन वापस नहीं लिए थे। इन नेताओं में भिवंडी पूर्व के विधायक रूपेश म्हात्रे, विश्वास नांदेकर, चंद्रकांत घुगुल, संजय अवारी और प्रसाद ठाकरे शामिल हैं।

दरअसल, महा विकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की एनसीपी) से 14 नेताओं ने पार्टी के आदेश की अवहेलना करते हुए नामांकन दाखिल किया था। सोमवार की समय सीमा तक अपना नामांकन वापस लेने वालों में कांग्रेस के मुख्तार शेख भी शामिल थे, जिन्होंने पुणे के कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन वापस ले लिया और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार रवींद्र धांगेकर को अपना समर्थन देने की घोषणा की।

कांग्रेस उम्मीदवार ने वापस लिया नाम
कोल्हापुर उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में राजपरिवार की मधुरिमा राजे छत्रपति के समय सीमा से कुछ मिनट पहले नाम वापस ले लिया। इससे पार्टी ने पश्चिमी महाराष्ट्र के अपने गढ़ में प्रतिनिधित्व खो दिया। उन्हें पूर्व पार्षद राजेश लाटकर के स्थान पर टिकट दिया गया था। 

कांग्रेस के सात बागियों ने नामांकन वापस लिया
जिन सात कांग्रेस बागियों ने अपना नामांकन वापस लिया, उनमें नासिक सेंट्रल से हेमलता पाटिल, बायकुला से मधु चव्हाण और नंदुरबार से विश्वनाथ वाल्वी शामिल हैं। केवल दो एनसीपी (एसपी) बागी मैदान में हैं।

प्रफुल्ल पटेल - फोटो : ANI
हम अपने फैसले पर अड़े हुए: नवाब मलिक पर प्रफुल्ल
एनसीपी नेता और मानखुर्द शिवाजी नगर से उम्मीदवार नवाब मलिक के बारे में पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि नवाब मलिक हमेशा से हमारे साथी रहे हैं। उनके खिलाफ आरोप अभी तक साबित नहीं हुए हैं। आरोप साबित होने या फैसला आने के बाद ही हमें इस बारे में सोचना चाहिए। हर पार्टी में ऐसे लोग होते हैं जिनके खिलाफ कोई न कोई कार्रवाई होती है, उनमें से कुछ मुख्यमंत्री भी हैं। यहां तक कि मौजूदा सीएम भी। इसलिए मैं कहता हूं कि हमने उन्हें टिकट दिया है क्योंकि वे हमारे पुराने साथी हैं। अगर किसी को इससे अलग लगता है तो यह अलग बात है, लेकिन हम अपने फैसले पर अड़े हुए हैं।

हीना गावित ने भाजपा से दिया इस्तीफा
भाजपा से इस्तीफा देने और निर्दलीय उम्मीदवारी पर हीना गावित ने कहा कि मैंने अक्कलकुवा विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है और इसलिए मैंने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैंने यह इस्तीफा इसलिए दिया है क्योंकि मैं नहीं चाहती कि मेरे कारण महायुति नेताओं को कोई परेशानी हो। नंदुरबार निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के नेता और पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं। मैंने अपने नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेताओं को भी यह बात बताई है।
विज्ञापन

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव राज्य से प्रेम करने वालों और उससे नफरत करने वालों के बीच की लड़ाई है। कोल्हापुर के राधानगरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि जो लोग राज्य से प्रेम करते हैं, वे विपक्षी महा विकास आघाडी के साथ हैं, जिसमें शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं।

उन्होंने कहा, आगामी चुनाव राज्य से प्यार करने वालों और उससे नफरत करने वालों के बीच की लड़ाई है।उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर सत्ता के लिए लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। ठाकरे ने दावा किया कि भाजपा की मदद करने वाले “राज्य के दुश्मन” हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें