लातूर में दो बसों की टक्कर में दो की मौत, 11 घायल
महाराष्ट्र के लातूर जिले में गुरुवार को दो बसों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। सहायक निरीक्षक महावीर जाधव ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना सुबह 5 बजे औसा तहसील के उजनी के पास तुलजापुर-लातूर राजमार्ग पर हुई।
उन्होंने बताया कि ट्रेवल एजेंसियों की दो बसें दुर्घटना का शिकार हुईं। इनमें से एक बस के क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। उनकी पहचान नामदेव सूर्यवंशी (40) और नितिन देवरसे (35) के रूप में हुई है। टक्कर के कारण एक बस पलट गई, जिससे दोनों वाहनों में सवार 11 यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को विलासराव देशमुख सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं है।
एनसीएलटी मुंबई के डिप्टी रजिस्ट्रार रिश्वतखोरी में गिरफ्तार
सीबीआई ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी), मुंबई बेंच के डिप्टी रजिस्ट्रार को एक होटल के स्वामित्व विवाद को अनुकूल तरीके से निपटाने में मदद करने के लिए एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि डिप्टी रजिस्ट्रार चरण प्रताप सिंह के अलावा करसन गणेश अहीर को भी गिरफ्तार किया गया जो कथित तौर पर आरोपी अधिकारी की ओर से रिश्वत की राशि (1 लाख रुपये असली करेंसी और बाकी नकली करेंसी) ले रहा था। एजेंसी ने होटल मालिक की शिकायत पर 14 मई को चरण प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था जिसका अपने भाइयों के साथ स्वामित्व विवाद चल रहा था।
पुणे : खुद की गाड़ी पर की फायरिंग शिव सेना युवा नेता गिरफ्तार
शिवसेना के युवा विंग नेता निलेश घरे को उनकी अपनी गाड़ी पर फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, घरे ने अपनी जान को खतरा बताकर पुलिस सुरक्षा और बंदूक का लाइसेंस हासिल करने के लिए यह घटना अंजाम दी।19 मई को पुणे के वारजे इलाके में घरे की खड़ी गाड़ी पर दो लोगों ने फायरिंग की थी, जब वह गाड़ी से उतर चुके थे। घटना में किसी के जख्मी होने की खबर नहीं है। शुरुआत में वारजे पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 25 मई को तीन लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में घरे के इसमें शामिल होने की बात स्वीकार की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, निलेश घरे को बुधवार को मुख्य आरोपी के साथ साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घारे का कार्यालय वारजे में है। पुलिस को उनकी गाड़ी पर फायरिंग की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि घारे को इस घटना की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी। अब तक इस मामले में चार लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।