लातूर में बारिश के बाद बाढ़, महिला CRPF जवान सहित चार लोग बहे
महाराष्ट्र के लातूर जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में चार लोग तेज बहाव में बह गए। यह जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय (डीआईओ) ने दी। मामले में डीआईओ की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पटोड़ा (खुर्द) और मल्हीपारगा के बीच एक तेज धार वाले नाले को पार करते समय एक ऑटो-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में तीन लोग बह गए, जिनमें एक महिला सीआरपीएफ कर्मचारी भी शामिल हैं।
बहने वालों की पहचान सीआरपीएफ की जवान संगीता सूर्यवंशी, वैभव पुंडलिक गायकवाड़ और विठ्ठल धोंडिबा गवले के रूप में हुई है। घटना के बाद देर रात तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं मिला। एक अन्य घटना में तिरू नदी के उफान में 28 वर्षीय युवक, सुधर्शन घोंशेट्टे बह गया। उसकी तलाश के लिए अलग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मुंबई के स्कूल में चार साल की बच्ची के साथ गलत व्यवहार, एक महिला कर्मचारी गिरफ्तार
मुंबई के एक जाने माने स्कूल में चार साल की एक बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। गोरेगांव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को हुई। बच्ची को उसकी दादी ने स्कूल छोड़ा था। घर लौटने पर बच्ची ने दर्द की शिकायत की। इसके बाद, परिवार ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया और स्कूल प्रशासन को सूचित किया। साथ ही, उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज की।
पुलिस ने बच्ची की शिकायत के आधार पर पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज किया और स्कूल की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसका इस घटना में क्या रोल थाछ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा, स्कूल की तीन अन्य महिला सहायक कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर 47 वर्षीय व्यक्ति ने की आत्महत्या
मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक से एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के बांद्रा-वर्ली सी लिंक से कूदकर 47 साल के एक नकली आभूषण विक्रेता अमित चोपड़ा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव बाद में सांताक्रूज के पास समुद्र में मिला।
पुलिस ने बताया कि अंधेरी (पश्चिम) में रहने वाले चोपड़ा ने अपने घर से सी लिंक तक जाने के लिए एक कैब ली थी। वहां पहुंचकर उन्होंने अचानक चिल्लाया कि उन्हें सांप ने काट लिया, जिसके बाद कैब चालक ने गाड़ी रोक दी। इसके बाद चोपड़ा तेजी से कैब से उतरे और समुद्र में कूद गए। इसके बाद कैब चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोपड़ा का स्लिंग बैग और मोबाइल फोन कैब में ही छूट गया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया। सुबह मछुआरों ने समुद्र में उनका शव देखा और उसे जुहू चौपाटी लाया गया। सांताक्रूज़ पुलिस ने पहले इसे आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया, लेकिन बाद में जाँच के लिए यह केस बांद्रा पुलिस को सौंप दिया गया।
महिला IPS अधिकारी से हुई बातचीत पर मचा विवाद, अब अजित पवार ने दी हल्की प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बुधवार को महिला IPS अधिकारी से हुई फोन पर बातचीत को लेकर हुए विवाद को हल्के में लेते हुए सफाई दी। यह बातचीत सोलापुर जिले में मुरुम मिट्टी की खुदाई को लेकर हुई थी, जिसकी एक वीडियो कुछ दिन पहले सामने आई थी। पुणे में राजस्व विभाग के 'सेवा पखवाड़ा' कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर पवार ने कहा कि अगर मुरुम मिट्टी का इस्तेमाल किसानों को खेत तक पहुंचने के रास्ते बनाने के लिए किया जा रहा है, तो उस पर रॉयल्टी नहीं ली जाएगी। यह राज्य सरकार का फैसला है। बता दें कि इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद थे।
इसके साथ ही मामले में पवार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर यह फैसला एक महीने पहले ले लिया गया होता, तो यह विवाद बढ़ता ही नहीं। पवार ने कार्यक्रम में मौजूद पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से भी हंसी में कहा कि इस फैसले की जानकारी अपने मातहतों और सोलापुर पुलिस तक भी पहुंचा दें।
पुणे से अगवा किया गया तीन साल का बच्चा पंजाब के लुधियाना से बरामद
पुणे जिले के रांजणगांव एमआईडीसी इलाके से पांच दिन पहले अगवा किए गए तीन साल के बच्चे को पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एक नि:संतान दंपती को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। पुलिस के अनुसार, काजल पडघन नाम की महिला अपने तीन साल के बेटे और भाई प्रमोद पाटिल के साथ रांजणगांव एमआईडीसी क्षेत्र की एक इमारत में रहती थी और वहीं काम भी करती थी। काजल अक्सर अपने बेटे को उसी इमारत में रहने वाले एक दंपती पूजा यादव और उनके पति अर्जुन यादव के पास छोड़ देती थी।
12 सितंबर को भी काजल ने अपने बेटे को पूजा यादव के पास छोड़ा और काम पर चली गई। शाम को जब वह और उसका भाई घर लौटे, तो न तो बच्चा मिला और न ही वह दंपती। काजल को शक हुआ और जब उसने देखा कि यादव दंपती के फोन भी बंद हैं, तो उसने 15 सितंबर को चाकण एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दंपती के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने एक विशेष टीम बनाई। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी दंपती का पता पंजाब के लुधियाना में लगाया। पुणे पुलिस की टीम तुरंत पंजाब पहुँची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को उनके पास से सकुशल बरामद कर लिया गया और उसकी मां से मिला दिया गया।