महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट के घर घुसने की कोशिश
महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने दावा किया है कि रविवार रात एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। यह घटना मुंबई के लिंक रोड स्थित उनके आवास पर रात करीब 10:30 बजे से 11 बजे के बीच घटी। मंत्री संजय शिरसाट ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआत में मुझे लगा कि कोई नशे में धुत व्यक्ति हंगामा कर रहा है। लेकिन बाद में पुलिस से जानकारी मिली कि वह व्यक्ति आपराधिक पृष्ठभूमि वाला है, जो समता नगर से मेरे घर गलत इरादे से आया था। शिरसाट ने आगे कहा कि अभी जांच चल रही है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा।
जलना में एनसीपी कार्यालय को जलाने की कोशिश, छावा संगठन के पांच कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के जलना जिले में छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कार्यालय को आग लगाने की कोशिश की। यह घटना रविवार देर रात की है और पुलिस ने इस मामले में पांच कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग पेट्रोल की बोतल लेकर एनसीपी कार्यालय पहुंचे और शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हालांकि वहां मौजूद स्टाफ की सूझबूझ से समय पर आग बुझा दी गई और बड़ा हादसा टल गया।
नारेबाजी भी की गई
आरोपियों ने मौके पर एनसीपी नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार तथा पार्टी के राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस घटना से कुछ घंटे पहले लातूर में एनसीपी कार्यकर्ताओं और छावा संगठन के सदस्यों के बीच झड़प हो गई थी। छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
नवी मुंबई में एमएनएस और अन्य दलों का विरोध, भाजपा विधायक के कार्यालय से गुजराती बोर्ड हटवाया गया
नवी मुंबई के सीवुड्स इलाके में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) और अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने एक गुजराती बोर्ड को हटवा दिया। यह बोर्ड गुजरात के भाजपा विधायक वीरेंद्रसिंह जाडेजा के जनसंपर्क कार्यालय के बाहर लगा था। विरोध के बाद पुलिस की मौजूदगी में यह बोर्ड हटाया गया। बता दें कि भाजपा विधायक वीरेंद्रसिंह जाडेजा गुजरात के रापर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके नवी मुंबई स्थित कार्यालय के बाहर गुजराती भाषा में एक पट्टिका (बोर्ड) लगी थी, जिसे लेकर एमएनएस और अन्य दलों ने आपत्ति जताई थी। पिछले हफ्ते एमएनएस ने बोर्ड हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया था।