फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: कांग्रेस ने 387 सदस्यीय समिति का किया एलान; राज्य में घट सकती है गड्ढों के लिए जुर्माने की राशि

Wed, 30 Jul 2025 02:02 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) ने हर्षवर्द्धन सपकाल के नए राज्य इकाई प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के पांच महीने बाद 387 सदस्यीय जंबो समिति नियुक्त की है। नई समिति में 36 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति, 16 वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 38 उपाध्यक्ष, पांच वरिष्ठ प्रवक्ता, 108 महासचिव, 95 सचिव, 87 कार्यकारी समिति के सदस्य शामिल हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष हैं। धीरज देशमुख को वरिष्ठ प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे और पृथ्वीराज चव्हाण, मुंबई कांग्रेस प्रमुख और लोकसभा सदस्य वर्षा गायकवाड़, राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल, इमरान प्रतापगढ़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, माणिकराव ठाकरे राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य हैं।

विज्ञापन

 

पूर्व मंत्री अण्णासाहेब डांगे भाजपा में शामिल, फडणवीस ने किया स्वागत
महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अण्णासाहेब डांगे बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। डांगे का पश्चिमी महाराष्ट्र के धनगर समुदाय में अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है। अण्णासाहेब डांगे पहले भी भाजपा में रह चुके हैं और 1995 से 1999 तक शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार में मंत्री रहे थे। इसके बाद वे करीब दो दशक तक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ जुड़े रहे। डांगे सांगली जिले के ईश्वरपुर (पूर्व में इस्लामपुर) के रहने वाले हैं।

फडणवीस ने किया स्वागत
मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल किया और बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान फडणवीस ने बताया कि उन्होंने जलसंकट से जूझ रहे इलाकों के लिए 'टैंकर मुक्त अभियान' में डांगे के साथ काम किया है और उनके नेतृत्व से वे तब से प्रभावित रहे हैं जब वे भाजपा की युवा शाखा में थे। डांगे की घर वापसी से पश्चिम महाराष्ट्र में भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सामाजिक आधार मिलने की उम्मीद की जा रही है।

विज्ञापन

वृद्ध के घर से 85 लाख का सोना चोरी
पुलिस ने नवी मुंबई में 64 वर्षीय एक व्यक्ति के घर से 85.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, बिस्कुट और सिक्के कथित तौर पर चुराने के आरोप में तीन महिला घरेलू सहायकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि नेरुल इलाके में स्थित व्यक्ति के घर में अप्रैल और जून के बीच चोरी हुई। इस अवधि के दौरान तीनों महिलाएं उनके घर पर काम करती थीं। महिलाओं ने कथित तौर पर लगभग 900 ग्राम वजन के सोने के आभूषण, बिस्कुट और सिक्के चुरा लिए। इनकी कुल कीमत 85 लाख रुपये है। दो आरोपी नेरुल के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा पड़ोसी मुंबई में रेलवे कर्मचारी क्वार्टर का निवासी है।
 

DRI ने 6.5 करोड़ रुपये के 160 टन चीनी खिलौने, नकली कॉस्मेटिक और जूते जब्त किए
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई टीम ने करीब 160 टन वजन के चीनी खिलौने, नकली कॉस्मेटिक और बिना ब्रांड वाले जूते जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 6.5 करोड़ रुपये से ज्यादा है। ये सामान अलग-अलग बंदरगाहों पर छिपाकर लाए जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें खास जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने मुंद्रा बंदरगाह, हजीरा बंदरगाह, गुजरात के कांडला विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) और फरीदाबाद (हरियाणा) के एक कंटेनर डिपो पर जांच की। वहां से 10 कंटेनरों में छिपाकर लाए जा रहे खिलौने और अन्य सामान पकड़े गए। जांच में पता चला कि इन कंटेनरों में बड़ी मात्रा में खिलौने, कुछ नकली कॉस्मेटिक और जूते छिपे हुए थे। 

शिक्षिका ने छात्र को किया अश्लील वीडियो कॉल, गिरफ्तार
नवी मुंबई में एक महिला शिक्षिका को पुलिस ने इसलिए गिरफ्तार किया, क्योंकि उसने एक नाबालिग छात्र को सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो कॉल की थी। यह घटना तब सामने आई जब छात्र ने अपने माता-पिता को इस बारे में बताया। छात्र की बात सुनने के बाद माता-पिता ने कोपरखैरने पुलिस स्टेशन में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने महिला शिक्षिका के खिलाफ बच्चों को यौन अपराधों से बचाने वाले पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत ने उसे एक दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस शिक्षिका ने किसी और छात्र के साथ भी ऐसा किया है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में पीएसी का गठन किया, कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
कांग्रेस ने मंगलवार को राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का गठन किया और अपनी महाराष्ट्र इकाई के पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 36 सदस्यीय पीएसी में राज्य के एआईसीसी प्रभारी रमेश चेन्निथला अध्यक्ष हैं और महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, बालासाहेब थोराट, सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराय चव्हाण, रजनी पाटिल, माणिकराव ठाकरे, नाना पटोले, वर्षाताई गायकवाड़, इमरान प्रतापगढ़ी, नितिन राउत और अमित देशमुख सहित अन्य इसके सदस्य हैं। महाराष्ट्र के प्रभारी एआईसीसी सचिव और महाराष्ट्र के एआईसीसी सचिव एवं संयुक्त सचिव पीएसी के पदेन सदस्य होंगे। पार्टी ने अभय छाजेड को महाराष्ट्र कांग्रेस का कोषाध्यक्ष भी नियुक्त किया। महाराष्ट्र कांग्रेस के अंतर्गत 87 सदस्यीय कार्यकारी समिति का भी गठन किया गया।

मुंबई में सरकारी अधिकारी ₹1.75 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी को 1.75 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत उसने एलपीजी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई न करने के बदले मांगी थी। एक अधिकारी ने बताया कि कार्यालय की तलाशी के दौरान अधिकारियों ने उसके बैग से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए। उन्होंने बताया कि आरोपी विनायक वसंत निकम को एसीबी मुंबई ने दक्षिण मुंबई के चर्चगेट इलाके में स्थित उसके कार्यालय में पकड़ा। उन्होंने बताया कि विभाग के मुख्य निरीक्षण अधिकारी के पद पर तैनात निकम को अपराध में उसकी भूमिका साबित होने के बाद एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस नेता सुरेश वारपुडकर बीजेपी में शामिल 
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सुरेश वारपुडकर मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। इससे महाराष्ट्र के परभणी जिले में बीजेपी को मजबूती मिली है। बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मुंबई में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में सुरेश वारपुडकर का स्वागत किया। रवींद्र चव्हाण ने कहा कि सुरेश वारपुडकर सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रभावित होकर वारपुडकर ने भाजपा जॉइन की है, जिससे महाराष्ट्र और भारत के विकास के सपने को आगे बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वारपुडकर के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है, जिससे परभणी जिले में भाजपा की ताकत और संगठन दोनों मजबूत होंगे। चव्हाण ने यह भरोसा भी दिलाया कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं को सम्मान दिया जाता है, और सुरेश वारपुडकर और उनके साथियों को भी पूरा सम्मान मिलेगा।

नाबालिग की पहचान बताने के दबाव पर बॉम्बे हाईकोर्ट की नाराजगी
बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुलिस पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि नाबालिग लड़कियों का गर्भपात करने वाले डॉक्टरों से जबरन उनकी पहचान बतवाना, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन और पीड़िता व डॉक्टरों के लिए परेशान करने वाला है। यह टिप्पणी हाईकोर्ट की दो जजों की पीठ जस्टिस रेवती मोहिते देरे और नीला गोखले ने 28 जुलाई को की, जब एक मुंबई के स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनकॉलजिस्ट) की याचिका पर सुनवाई हुई।

क्या है मामला?
याचिका में डॉक्टर ने कोर्ट से निर्देश मांगा था कि वह एक नाबालिग लड़की का गर्भपात कर सकते हैं, बिना उसकी पहचान पुलिस को बताए। डॉक्टर के वकील मीनाज़ काकालिया ने सुप्रीम कोर्ट के 2022 के फैसले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि अगर गर्भपात की जरूरत है तो डॉक्टर को लड़की की पहचान या व्यक्तिगत जानकारी पुलिस को देने की ज़रूरत नहीं है।

13 हफ्ते की गर्भवती है नाबालिग
याचिका के अनुसार, पीड़िता ने अपनी मर्जी से एक परिचित लड़के के साथ संबंध बनाए थे और वह अब 13 हफ्ते की गर्भवती है। लड़की और उसके माता-पिता गर्भपात करवाना चाहते हैं, लेकिन भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए उसकी पहचान उजागर नहीं करना चाहते।

पुणे पोर्श हादसा मामला: आरोपी पिता की जमानत याचिका खारिज, अदालत ने कहा- गवाहों से छेड़छाड़ की आशंका
मई 2024 में हुए चर्चित पोर्श कार हादसे में नाबालिग चालक के पिता को कोर्ट ने बुधवार को बड़ी राहत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने उनकी अस्थायी जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी पिता ने अपनी 79 वर्षीय मां की गंभीर तबीयत और उनकी रीढ़ की सर्जरी का हवाला देकर जमानत मांगी थी। मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश केपी क्षीरसागर ने कहा कि मामले की गंभीरता और गवाहों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए अभी आरोपी को जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता। आदेश में यह भी कहा गया कि आरोपी की मां की तबीयत नाजुक नहीं है और परिवार के अन्य सदस्य उनकी देखभाल कर सकते हैं।

प्रॉसिक्यूटर ने क्या तर्क दिया?
विशेष सरकारी वकील शिशिर हिराय ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी की मां की बीमारी उम्र से जुड़ी है और वह गंभीर स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सर्जरी एक "प्लान की गई प्रक्रिया" है और बाकी परिजन पिता, बहन, पत्नी, बेटा, बहनोई देखभाल करने के लिए उपलब्ध हैं।

चार करोड़ की मेफेड्रोन के साथ फूड डिलीवरी एजेंट और राजमिस्त्री गिरफ्तार
पुलिस ने ठाणे में अलग-अलग अभियानों में 3.97 करोड़ रुपये मूल्य की दो किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) दवा जब्त की है। मामले में एक फूड डिलीवरी एजेंट और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने बताया कि पुलिस ने एक प्रसिद्ध कंपनी में काम करने वाले फूड डिलीवरी एजेंट इरफान अमानुल्लाह शेख (36) को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के उल्वे से गिरफ्तार किया।आरोपी के पास से 1.522 किलोग्राम एमडी की व्यावसायिक मात्रा बरामद हुई। वहीं मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने दिवा गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास जाल बिछाया। उसी दिन शाम लगभग 5.50 बजे आरोपी को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य कार्रवाई में मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शाहरुख सत्तार मेवासी उर्फ रिजवान (28) को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि उसके वाहन की तलाशी लेने पर 662 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत 92,68,000 रुपये है।

मुंबई में ठेला लगाने की जगह को लेकर हॉकर से मारपीट, एक गिरफ्तार
मुंबई के गोरेगांव इलाके में बुधवार को ठेला लगाने की जगह को लेकर हुए विवाद में एक हॉकर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दो भाइयों और उनके साथी ने विक्रेता विक्टर परेरा के साथ कथित रूप से मारपीट की। यह विवाद जगह के बंटवारे को लेकर हुआ था, जहां चव्हाण नामक युवक फूलों की दुकान लगाना चाहता था। आरोपी भाइयों की पहचान अक्षय शिवमणि पाटिल और सागर शिवमणि पाटिल के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास और वसूली जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के साथी रोहन चव्हाण को गिरफ्तार कर लिया है। चव्हाण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पाटिल भाइयों की तलाश जारी है और मामले की जांच चल रही है।

विज्ञापन

महाराष्ट्र में घट सकती है गड्ढों के लिए जुर्माने की राशि
आगामी गणेशोत्सव के लिए सड़कें खोदने पर भारी जुर्माने को लेकर गणेश मंडलों में आक्रोश के बीच, मुंबई उपनगरीय जिले के संरक्षक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बुधवार को संकेत दिया कि नगर निगम जुर्माने को 15,000 रुपये प्रति गड्ढा से घटाकर 2,000 रुपये कर सकता है। मंत्री लोढ़ा ने कहा, 'मैं जुर्माने को 2,000 रुपये करने के लिए बीएमसी आयुक्त से मिलूँगा।'

बृहन्मुंबई नगर निगम ने 21 जुलाई के एक परिपत्र के माध्यम से पंडाल लगाने के लिए सड़कें खोदने पर जुर्माने की राशि को बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रति गड्ढा कर दिया। कई गणेश मंडलों ने जुर्माने में भारी वृद्धि का विरोध किया। 11 दिवसीय गणेश उत्सव 27 अगस्त से 6 सितंबर के बीच मनाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें