फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: ठाणे में 117 अवैध निर्माण ध्वस्त; अस्पताल में सफाई कर्मचारियों से हाथ से मैला उठवाने का आरोप

Sat, 26 Jul 2025 05:24 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने पिछले महीने 151 अवैध निर्माण में से 117 को ध्वस्त कर दिया और 34 अन्य में अवैध निर्माण को हटा दिया। नगर निकाय ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार अतिक्रमण विरोधी टीमों ने 19 जून से अब तक 151 अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसमें शील क्षेत्र में एमके कंपाउंड में 21 इमारतों को ध्वस्त करना भी शामिल है। उपायुक्त शंकर पटोले ने बताया कि टीएमसी ने अब तक 117 अनधिकृत ढांचों को ध्वस्त कर दिया है। 34 अन्य ढांचों में किए गए निर्माण को हटा दिया है। ध्वस्त की गई संरचनाओं में चालें (टेनेमेंट), विस्तारित शेड और निर्माण, चबूतरे और टर्फ शामिल हैं।

विज्ञापन


श्रमिक संघ का आरोप- ठाणे अस्पताल में सफाई कर्मचारियों को हाथ से मैला ढोने के लिए मजबूर किया जा रहा 
श्रमिक संघ ने शनिवार को आरोप लगाया कि ठाणे क्षेत्रीय मानसिक अस्पताल के सफाई कर्मचारियों को मैला ढोने के काम के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह रोजगार के निषेध और उनके पुनर्वास अधिनियम 2013 के प्रावधानों का उल्लंघन है। श्रमिक जनता संघ के महासचिव जगदीश खैरालिया ने दावा किया कि श्रमिकों को पुणे स्थित ठेकेदार फर्म द्वारा मूल वेतन, सुरक्षा उपकरण और अनिवार्य स्वास्थ्य सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है। सफाई कर्मचारी नंगे हाथों से मल साफ कर रहे हैं। यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अमानवीय भी है। 2008 से वहां काम करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया गया है। छह साल में केवल एक बार ही वर्दी वितरित की गई है और जैविक कचरे से निपटने के दौरान कर्मचारियों को कभी भी सुरक्षात्मक गियर या सुरक्षा उपकरण प्रदान नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भुगतान की जाने वाली मजदूरी न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत निर्धारित दरों से कम है, और यहां तक कि अक्सर इसमें कानूनी रूप से अनिवार्य प्रत्येक माह की 7 तारीख से भी अधिक देरी होती है। श्रमिक जनता संघ के महासचिव ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव, श्रम और स्वास्थ्य विभागों को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि इन श्रमिकों को न्याय मिल सके।

 

ठाणे में तीन बहनों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से मौत, मां से पूछताछ जारी
ठाणे जिले के शाहपुर तहसील में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते तीन मासूम बहनों की मौत हो गई। यह दुखद घटना असनोली गांव के टालेपाड़ा इलाके में हुई। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले की जानकारी दी।मृत बच्चियों की पहचान काव्या बेरे (10), दिवा बेरे (8) और गर्गी बेरे (5) के रूप में हुई है। तीनों बहनें 21 जुलाई को तेज पेट दर्द, उल्टी और चक्कर जैसी शिकायतों के बाद बीमार पड़ीं। उनकी मां पहले उन्हें एक स्थानीय प्राइवेट डॉक्टर के पास लेकर गईं, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, फिर मुंबई और नासिक के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

काव्या और गर्गी की मौत 24 जुलाई को हो गई, जबकि दिवा ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस ने कहा है कि यह मामला अभी संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के रूप में देखा जा रहा है। असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। फिलहाल बच्चियों की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। खिनवली पुलिस स्टेशन इस मामले की जांच कर रही है।

आर्थिक मामलों की सचिव अनुराधा ठाकुर आरबीआई बोर्ड में नियुक्त
केंद्र सरकार ने आर्थिक मामलों की सचिव अनुराधा ठाकुर को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) बोर्ड में नियुक्त किया है। आरबीआई ने शुक्रवार को घोषणा की कि ठाकुर ने अजय सेठ का स्थान लिया है। वे 30 जून को सेवानिवृत्ति हो गए थे। 1994 बैच की हिमाचल प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी ठाकुर ने एक जुलाई को आर्थिक मामलों के विभाग का प्रभार संभाला था। यह नियुक्ति 24 जुलाई से प्रभावी है। आर्थिक मामलों के सचिव के अलावा सरकार ने केंद्रीय बोर्ड में वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू को भी नामित किया है।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मुंबई में शातिर गिरफ्तार
मुंबई में एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया गया है, जिसने न्यूजीलैंड और अज़रबैजान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लोगों से कुल 35.90 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले की जानकारी दी। आरोपी का नाम मोहम्मद शफीक मोहम्मद हनीफ खान (उम्र 42 वर्ष) है, जो ठाणे के मुंब्रा इलाके का रहने वाला है। उसने दक्षिण मुंबई के अग्रिपाड़ा में एक फर्जी जॉब कंसल्टेंसी ऑफिस खोल रखा था।

पुलिस के मुताबिक, शफीक ने नौकरी के इच्छुक लोगों से पैसे लेकर नकली वीजा, फर्जी फ्लाइट टिकट और जाली अपॉइंटमेंट लेटर दिए। जब कुछ लोगों को दस्तावेजों पर शक हुआ, तो ठगी का खुलासा हुआ पीड़ितों की शिकायत पर अग्रिपाड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया, साथ ही क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने भी जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि शफीक ने हरियाणा, पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल के कम से कम 17 लोगों से और 67 लाख रुपये इसी तरह ठगे हैं। उस पर पहले से ठाणे और करनाल (हरियाणा) में भी केस दर्ज हैं।

पूर्व विधायक की खेल अकादमी को किया जाएगा नीलाम
एक विशेष मनी लॉन्ड्रिंग रोधी अदालत ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल स्थित करनाला नगरी सहकारी बैंक के लेनदारों को पुनर्भुगतान के लिए पूर्व विधायक विवेकानंद शंकर पाटिल से जुड़ी संपत्तियों की नीलामी का आदेश दिया। इन संपत्तियों में पनवेल में एक कई एकड़ में बनी खेल अकादमी और एक प्लॉट शामिल है। इन संपत्तियों को 512 करोड़ रुपये से अधिक के धोखाधड़ी मामले में जांच एजेंसियों ने जब्त किया था। पाटिल इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। उन्होंने पनवेल का तीन बार और उरण का एक बार प्रतिनिधित्व किया था। नवी मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने पाटिल की कुछ पैतृक संपत्तियों समेत कुल 87 संपत्तियों को जब्त किया था।

मुंबई CST रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी के बाद कुछ नहीं मिला
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CST) को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एक व्यक्ति ने मुंबई डीजीपी कार्यालय में कॉल कर बताया कि स्टेशन पर शाम को बम रखा जाएगा। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और मुंबई पुलिस ने पूरे स्टेशन परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। कोलाबा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान करने में जुटी है। स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

कारगिल विजय दिवस पर सीएम सिद्धारमैया ने किया 75 फीट ऊंचे 'वीरगल्लु' का अनावरण
बंगलूरू में कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ के मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने नेशनल मिलिट्री मेमोरियल में 75 फीट ऊंचे 'वीरगल्लु' (वीर पत्थर) का अनावरण किया। यह स्मारक कारगिल युद्ध के शहीदों की बहादुरी और बलिदान को समर्पित है। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश उनका कर्ज कभी नहीं चुका सकता। इस अवसर पर सेना के वीर जवानों को सम्मानित भी किया गया।

गणेशोत्सव पर कोकण रेलवे की खास सेवा, कार समेत यात्रा की सुविधा
गणेशोत्सव के अवसर पर कोकण रेलवे ने यात्रियों के लिए 'रो-रो' सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस सेवा के तहत यात्री अपनी कारों को लेकर ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। कोकण रेलवे मैनेजर संतोष कुमार झा ने बताया कि 20 डिब्बों वाली विशेष ट्रेन 20 वाहनों को ढोने में सक्षम होगी। साथ ही 2nd और 3rd AC कोच में यात्रा व कैटरिंग सुविधा भी मिलेगी। यह सेवा 23 अगस्त से 11 सितंबर तक वैकल्पिक दिनों में चलेगी। वाहन ढोने का शुल्क ₹7,875 और रजिस्ट्रेशन शुल्क ₹4,000 रखा गया है।

डिजिटल अरेस्ट के जरिए 95 लाख की ठगी करने वाले दो भाई गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक 74 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जरिए 95 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो भाइयों को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद इकबाल बलासाहेब (47) और शैन इकबाल बलासाहेब (41) ने पीड़ित को धमकाकर यह रकम वसूली थी। लखनऊ साइबर क्राइम ब्रांच और मीरा-भायंदर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 24 जुलाई को दोनों को पकड़ा गया। उन्हें धोखाधड़ी, धमकी और आईटी एक्ट के तहत आरोपों में लखनऊ पुलिस को सौंपा गया है।

जलगांव में 50 करोड़ का एम्फेटामाइन ड्रग बरामद
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में पुलिस ने 39 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग जब्त की है। इसका बाजार मूल्य लगभग 50 करोड़ रुपये आंका गया है। मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट के तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पितवार रात चालीसगांव के राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह ड्रग मिली। यह ड्रग दिल्ली से इंदौर, धुले, चालीसगांव व छत्रपति संभाजीनगर के रास्ते से बंगलूरू जा रही थी। एम्फेटामाइन एक प्रकार का नशीला पदार्थ है। इसे स्पीड और क्रिस्टल मेथ जैसे नामों से जाना जाता है। यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करता है। पुलिस ने बंगलूरू में ड्रग प्राप्त करने वाले की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की है।

CBI ने पुणे-मुंबई से चल रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ किया, 3 गिरफ्तार
सीबीआई ने पुणे और मुंबई से संचालित हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अमेरिकी नागरिकों को ठगने के लिए अमेरिकी एजेंसियों और भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों का झूठा पहचान बनाकर काम कर रहा था। आरोपियों ने अवैध कॉल सेंटर के ज़रिए लोगों से बिटकॉइन और गिफ्ट कार्ड के माध्यम से 500 से 3000 डॉलर तक की ठगी की। छापेमारी में मोबाइल, लैपटॉप, नकद और नशे की चीजें जब्त की गईं। 

 

विज्ञापन

नागपुर एयरपोर्ट पर बैग से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। यवतमाल निवासी और एक राजनीतिक दल की जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल श्रीकृष्ण पोराड के बैग से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीआईएसएफ द्वारा बैग की जांच के दौरान हथियार मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी दिल्ली जाने वाला था, लेकिन हथियार रखने की संतोषजनक वजह नहीं बता पाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।

फोन टैपिंग के डर से मंत्रियों ने बंद किए मोबाइल? रोहित पवार का दावा, अजित पवार ने मांगा सबूत
राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने दावा किया है कि महाराष्ट्र सरकार के कुछ मंत्रियों ने फोन टैपिंग के डर से अपने मोबाइल बंद कर दिए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कई मंत्रियों के नंबर बंद हैं और अफवाह है कि वे निगरानी से बचना चाहते हैं। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर आरोप हैं तो सबूत भी पेश करें। यह विवाद शिवसेना मंत्रियों की संभावित बर्खास्तगी की अटकलों के बीच उठा है।

गूगल मैप की गलती से कार खाई में गिरी, महिला सुरक्षित बचाई गई
नवी मुंबई के बेलापुर में शुक्रवार तड़के एक महिला की कार खाई में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, महिला गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए उलवे की ओर जा रही थी। रास्ता भटकने से वह पुल के बजाय नीचे चली गई और कार खाई में गिर गई। बेलापुर के सहायक पुलिस निरीक्षक नारायण पालमपल्ले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और मरीन सुरक्षा गार्ड की टीम मौके पर पहुंची और नाव की मदद से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के वक्त वह कार में अकेली थी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें