भाजपा MLC के विकास कोष से 3.6 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने की कोशिश, चार पर केस
भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड के विकास कोष से 3.60 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने की कोशिश के मामले में चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है। यह घटना तब सामने आई जब लाड ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरी से मराठवाड़ा के बीड जिले में रकम ट्रांसफर करने की कोशिश की। लाड का कहना है कि इन लोगों ने उनके नकली लेटरहेड, फर्जी हस्ताक्षर और उनकी आवाज की नकली रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया। पुलिस को शक है कि यह आवाज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई थी। एक सतर्क अधिकारी को इस गड़बड़ी का शक हुआ और मामला सामने आ गया। अब साइबर ठगी और अन्य अपराधों के तहत चारों आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र में ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते खड़े ट्रक
- फोटो : पीटीआई
महाराष्ट्र में दूसरे दिन भी जारी रही ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल
महाराष्ट्र में जुर्माना वसूली की ई-चालान प्रणाली के खिलाफ ट्रक ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस हड़ताल में आज से और अधिक संगठनों के शामिल होने की संभावना है। ट्रांसपोर्टरों की एक कार्य समिति, वहातुकदार बचाओ कृति संगठन के संयोजक उदय बर्गे ने बृहस्पतिवार शाम को बताया कि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, इसलिए हड़ताल जारी रहेगी। ट्रक चालक बुधवार से हड़ताल कर रहे हैं। बस ऑपरेटरों ने भी हड़ताल का समर्थन किया है। हालांकि, वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अपील के जवाब में इसमें शामिल नहीं हुए हैं। ट्रांसपोर्टरों की प्रमुख मांगों में कुछ महीनों से पुराने ई-चालान को खत्म करना, जबरन वसूली उपायों पर रोक लगाना और मौजूदा जुर्माने को माफ करना आदि शामिल हैं।
पुणे में पेशवा बाजीराव प्रथम की मूर्ति का अनावरण करेंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पुणे के पास स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में पेशवा बाजीराव प्रथम की घुड़सवार प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अपने एक दिवसीय पुणे दौरे के दौरान वह जयराज खेल और सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, कोंढवा क्षेत्र में बालासाहेब देवरस अस्पताल का दौरा करेंगे और पीएचआरसी हेल्थ सिटी के भूमिपूजन समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा, एनडीए में, शाह का कैडेट मेस में कैडेटों से बातचीत करने का कार्यक्रम भी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी की आवाजाही के लिए यातायात प्रतिबंधों के कारण कटराज-उरुली देवाची मार्ग पर स्थित अधिकांश स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे।
ठाणे में अवैध रेत खनन में इस्तेमाल किए गए 30 लाख रुपये के उपकरण नष्ट किए गए
ठाणे में अवैध रेत खनन में इस्तेमाल किए गए 30 लाख रुपये के उपकरण नष्ट किए गए। तहसीलदार सचिन शेजल ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को गश्त के दौरान डोंबिवली में कल्याण रेतीबंदर और कुंभारखान पाड़ा के बीच को एक टीम को खाड़ी से रेत निकाल रहे दो बजरे और चार सक्शन पंप मिले थे। फिर इसकी सूचना मिलने के बाद प्रवर्तन दल इलाके में पहुंचा। जिसके बाद अधिकारियों को देखकर बजरे पर सवार और सक्शन पंप चलाने वाले कर्मचारी उपकरण छोड़कर भाग गए। चूंकि दो बजरे और चार सेक्शन पंप भारी थे, इसलिए उन्हें खाड़ी बेसिन से निकालना संभव नहीं था। इसलिए, बजरों के इंजन में चीनी और रेत भर दी गई और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया, और बजरों में आग लगा दी गई। उन्होंने बताया कि टीम ने पम्पिंग उपकरण को भी नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। उन्होंने बताया कि नष्ट किए गए उपकरणों की कुल लागत लगभग 30 लाख रुपये है।