दुर्घटनाग्रस्त विमान के केबिन क्रू में शामिल थे एनसीपी नेता तटकरे के रिश्तेदार
महाराष्ट्र एनसीपी प्रमुख सुनील तटकरे ने बताया कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार वरिष्ठ केबिन क्रू सदस्य अपर्णा महादिक उनकी रिश्तेदार थीं। उन्होंने बताया कि वह छोटी बहन की बहू थीं। उनका परिवार मुंबई के गोरेगांव में रहता है। तटकरे ने बताया कि अपर्णा का पति और उनका भतीजा भी एअर इंडिया का केबिन क्रू है। हादसे के वक्त वह दिल्ली में था। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में 242 लोग सवार थे। एअर इंडिया के अनुसार, 230 यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई थे। विमान में सवार अन्य 12 लोगों में दो पायलट और 10 चालक दल के सदस्य थे।
भिवंडी में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया, UP के व्यक्ति पर FIR
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना मार्च 2024 में हुई थी। पीड़िता रीता साहनी 22 मार्च को कल्हेर इलाके में अपने घर में लटकी मिली थी। हाल ही में रीता की बहन ने मामले में शिकायत दी है। उसे आरोपी के नाम के कुछ नोट मिले थे। जिसमें लिखा कि वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले नवनीत राजपूत के साथ रिलेशनशिप में थी। वह किसी और से शादी कर रहा था। पीड़िता ने अपने नोट में व्यक्ति पर गुमराह करने और धमकाने का आरोप लगाया था। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुणे में वृद्धा नाले में गिरी, एक दिन बाद मिला शव
पुणे के नार्हे इलाके में एक 65 वर्षीय महिला की लापता होने के एक दिन बाद शुक्रवार को उसका शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार महिला भारी बारिश के दौरान नाले में गिर गई थी। भारती विद्यापीठ पुलिस थाने के निरीक्षक राहुल खिलारे ने बताया कि मृतका की पहचान फुरसुंगी निवासी शोभा माहिमाने के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात अपने परिजनों के साथ कोल्हापुर से कार से लौट रही थीं।
अधिकारी ने बताया, उनके रिश्तेदार पिंपरी जा रहे थे, इसलिए शोभा माहिमाने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर नवले ब्रिज के पास रात करीब 10 बजे गाड़ी से उतरीं ताकि वे फुरसुंगी जा सकें। तभी तेज बारिश के बीच सड़क पार करते समय वह हाईवे और सर्विस रोड के बीच स्थित एक नाले में गिर गईं ।