पुणे में बोले पर्यटन मंत्री- शनिवार वाड़ा का अनुभव बेहतर..
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को पुणे स्थित ऐतिहासिक शनिवारवाड़ा में ऑडियो गाइड सिस्टम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पेशवाओं से जुड़ी पुणे की पेशवाई और शनिवारवाड़ा का ऐतिहासिक महत्व बहुत बड़ा है, इसलिए यहां आने वाले पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाया जाएगा। शेखावत ने बताया कि यह धरोहर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अंतर्गत आती है और हर साल इसे करीब 10 लाख पर्यटक देखने आते हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑडियो गाइड सिस्टम तीन भाषाओं, हिंदी, अंग्रेज़ी और मराठी में शुरू किया गया है, जिसके जरिए 40 मिनट की यात्रा में शनिवारवाड़ा का पूरा इतिहास सुनाया जाएगा।
निकाय चुनाव तैयारियों पर शिंदे का जोर
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कमर कसने को कहा। शिंदे ने कहा कि पार्टी को हर गांव में शिवसेना का दफ्तर स्थापित करने के लिए अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनावों में महायुति सरकार को बड़ी सफलता मिली है और अब ध्यान स्थानीय चुनावों पर होना चाहिए। शिंदे ने कार्यकर्ताओं से जोश के साथ कहा कि हमें स्थानीय चुनावों में भगवा झंडा फहराना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लड़की बहन योजना पर बोलते हुए उन्होंने साफ किया कि यह योजना बंद नहीं होगी, विपक्ष सिर्फ अफवाह फैला रहा है। वहीं विपक्षी नेताओं के लगातार पाला बदलने पर तंज कसते हुए शिंदे ने कहा कि जिस तरह नेता इधर आ रहे हैं, एक दिन विपक्ष पूरी तरह खाली हो जाएगा।"