फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: प्याज किसानों का हल्ला बोल, एफपीओ के बजाय एपीएमसी से खरीदारी की मांग; भ्रष्टाचार का आरोप

Sat, 05 Jul 2025 03:10 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जाने-माने शिक्षाविद् डॉ. उमाकांत दाश को पुणे के गोखले राजनीति और अर्थशास्त्र संस्थान (जीआईपीई) का नया कुलपति बनाया गया है। यह जानकारी संस्थान ने शुक्रवार को दी। संस्थान ने बताया कि डॉ. दाश 29 जुलाई 2025 से अगले पांच साल के लिए इस पद पर काम शुरू करेंगे। इससे पहले, नवंबर 2024 में कुलपति अजीत रानाडे ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से यह पद खाली था। अभी फिलहाल डॉ. शंकर दास अंतरिम कुलपति के रूप में काम कर रहे हैं। गोखले संस्थान की स्थापना 1930 में 'सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी' ने की थी। यह संस्था 1905 में स्वतंत्रता सेनानी गोपाल कृष्ण गोखले ने शुरू की थी। करीब 95 साल पुराने इस संस्थान में पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहे हैं। इसमें चांसलर के पद को लेकर विवाद हुआ और फंड के गलत इस्तेमाल के आरोप में एक पदाधिकारी की गिरफ्तारी भी हुई।

विज्ञापन


मुंबई में पति के थप्पड़ मारने से नाराज पत्नी ने लगाई फांसी
मुंबई के साकीनाका में एक 23 वर्षीय महिला ममता ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घटना 28 जून को हुई। महिला ने अपनी सास के साथ झगड़ा किया था, जिसके चलते पति ने उसको थप्पड़ मार दिया था, जिससे ममता नाराज हो गई और उसने अपने फ्लैट में फांसी लगा ली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  पुलिस ने बताया कि मृतक ममता और पति राजेश मौर्य के बीच अक्सर झगड़ा होता था। मौर्य दहेज की मांग करता था। अधिकारी ने बताया कि मृतका के बाई ने 29 जून को साकीनाका पुलिस से मौर्य के खिलाफ शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौर्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न का मामला दर कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ममता के माता-पिता उत्तर प्रदेश में रहते हैं। उसने अपने पहले पति को तलाक दे दिया था और फिर मौर्य से शादी कर ली थी। 

अमित शाह ने गुजरात के लोगों की प्रशंसा की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गुजरात के लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुजराती दुनिया में जहां भी गए हैं, उन्होंने अपने गृह राज्य को गौरवान्वित किया है और समुदाय हमेशा विवादों से दूर रहा है। शाह पुणे में जयराज स्पोर्ट्स एंड कन्वेंशन सेंटर के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब गुजराती देश के किसी अन्य राज्य में जाते हैं, तो वे न केवल अपनी संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखते हैं, बल्कि उस समाज का अभिन्न अंग भी बन जाते हैं और उसकी प्रगति में योगदान देते हैं। गुजराती में बोलते हुए शाह ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य के मूल निवासियों ने अपनी उद्यमशीलता, कौशल और कड़ी मेहनत से वैश्विक मंच पर गुजरात का कद बढ़ाया है।

प्याज किसानों का हल्ला बोल, एफपीओ के बजाय एपीएमसी से खरीदारी की मांग; भ्रष्टाचार का आरोप
महाराष्ट्र के प्याज किसानों ने राज्य सरकार से अपील की है कि प्याज की खरीदी सीधे कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी ) से की जाए, न कि किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के जरिए। किसानों का आरोप है कि एफपीओ के जरिए खरीदारी में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है और असली किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने केंद्र सरकार से भी इसमें हस्तक्षेप करने और प्याज खरीदी के नियम बदलने की मांग की है। किसान संगठनों का कहना है कि एफपीओ मॉडल असफल रहा है और इसका फायदा बिचौलियों को मिल रहा है। वहीं, एपीएमसी के जरिए खरीदारी से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को बेहतर दाम मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र सरकार ने भी केंद्र से एपीएमसी के जरिए सीधी खरीदी की इजाजत मांगी है।

 

ठाणे में बड़ी कार्रवाई, पान मसाला और तंबाकू का अवैध जखीरा जब्त; दुकानदार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल में पुलिस ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस मामले में 48 वर्षीय दुकानदार रामसिंह तेवड़ा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को रामसिंह की दुकान पर छापेमारी की, जहां दो लाख रुपये से ज्यादा कीमत के प्रतिबंधित पान मसाला और चबाने वाले तंबाकू के कई ब्रांड बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एफडीए के नियमों के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

रेलवे पुलिस ने यात्री को वापस किया 3.2 लाख रुपये वाला बैग
पालघर जिले की सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) टीम ने एक बैग ढूंढकर उसके मालिक को लौटाया, जिसमें ₹3.2 लाख नकद थे। यह बैग यात्री ने लोकल ट्रेन में छोड़ दिया था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जीआरपी के बयान में कहा गया, अभिषेक शुक्ला (30 वर्षीय) शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बोईसर रेलवे स्टेशन पर चर्चगेट जाने वाली ट्रेन से उतरते समय बैग भूल गए थे। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। सफाले रेलवे स्टेशन पर जीआरपी कर्मियों को सूचित किया गया, जिन्होंने ट्रेन के वहां पहुंचने पर बैग बरामद कर लिया। सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग शुक्ला को वापस कर दिया गया, जिन्होंने पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। 


 

मुंबई हवाई अड्डे पर यात्री के पास से बरामद किए गए 45 जंगली जानवर
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को एक यात्री के पास से 45 जंगली जानवर बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि इनमें रैकून, ब्लैक फॉक्स और इगुआना जैसे जानवर शामिल थे। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब यात्री थाई एयरवेज की उड़ान से तड़के मुंबई पहुंचा। शक के आधार पर उसे रोका गया और उसके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीमा शुल्क विभाग की टीम ने उसके लगेज से 45 जानवर बरामद किए, जिनमें रैकून, हाईरैक्स (जो खरगोश जैसे दिखते हैं), ब्लैक फॉक्स और इगुआना शामिल थे। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि इनमें से कई जानवरों की पहले ही दम घुटने से मौत हो चुकी थी। उन्हें जिस तरीके से तस्करी करके लाया जा रहा था, वह बेहद अमानवीय था।

नवी मुंबई कोर्ट ने 7 बांग्लादेशियों को अवैध प्रवास का दोषी ठहराया, 28 के बाद देश निकाला
नवी मुंबई की एक अदालत ने शनिवार को भारत में अवैध रूप से रहने का दोषी मानते हुए सात बांग्लादेशी नागरिकों को छह महीने की जेल की सजा सुनाई और 28 जुलाई के बाद उन्हें देश से निकालने का आदेश दिया। बेलापुर कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पीए साने ने अनीस शेख (32), पन्नू अब्दुल शेख (38), अजीजुर शेख (43), मंजूर शेख (34), फारूक हुसैन (35), बिलपाप शेख (32) और इमोन अली (19) को पासपोर्ट कानून और विदेशी अधिनियम के तहत दोषी ठहराते हुए प्रत्येक पर 1000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

अतिरिक्त लोक अभियोजक योगेंद्र पाटिल ने बताया कि इन सातों लोगों को नेरुल, नवी मुंबई में छापे के दौरान गिरफ्तार किए गए थे। वरिष्ठ इंस्पेक्टर ब्रह्मानंद नाईकवाडी ने बताया कि अब तक नेरुल पुलिस स्टेशन सीमा में अवैध प्रवासियों के रूप में रह रहे 38 बांग्लादेशियों को देश से निकाला जा चुका है।
 
 

मुंबई लोकल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास डिब्बा शुरू 
मध्य रेलवे ने मुंबई में लोकल ट्रेन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष और नया डिब्बा शुरू किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। मध्य रेलवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह डिब्बा ट्रेन के मुंबई छोर से छठे डिब्बे में है। इसमें बीच का लगेज डिब्बा अब पूरी तरह से बदला गया है। इसका ढांचा और अंदरूनी सजावट दोनों ही वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बदले गए हैं। यह कदम रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उठाया गया है। इस खास डिब्बे को मध्य रेलवे के माटुंगा वर्कशॉप में तैयार किया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया, यह डिब्बा वरिष्ठ नागरिकों को चढ़ने और उतरने में मदद करेगा, खासकर भीड़भाड़ वाले समय में। इससे उनकी यात्रा ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित होगी। 
 
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने पॉडकास्ट सीरीज 'महाराष्ट्रधर्म' की घोषणा की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को एक नई पॉडकास्ट सीरीज ‘महाराष्ट्रधर्म’ की घोषणा की। यह पॉडकास्ट रविवार से शुरू होगी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, कुछ नया शुरू कर रहा हूं... ‘महाराष्ट्रधर्म’ — एक नई पॉडकास्ट सीरीज़। और कुछ नया शुरू करने के लिए आषाढ़ी एकादशी से पवित्र दिन और कौन सा हो सकता है? मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पॉडकास्ट का पहला एपिसोड 6 जुलाई को सुबह 11 बजे उनके सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जाएगा। आषाढ़ी एकादशी के दिन लाखों श्रद्धालु राज्यभर से पंढरपुर स्थित विठ्ठल मंदिर की वार्षिक यात्रा पूरी करते हैं। यह दिन हिंदू पंचांग के अनुसार बेहद शुभ माना जाता है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें