निता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (एनएमएसीसी) द्वारा न्यूयॉर्क में 12 सितंबर 2025 से आयोजित होने वाला ‘इंडिया वीकेंड’ अब टाल दिया गया है। आयोजकों ने बताया कि यह फैसला अप्रत्याशित परिस्थितियों के चलते लिया गया है। NMACC ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बयान जारी कर कहा कि पिछले कई महीनों से हमने इस भव्य उत्सव की तैयारी में दिल और जान लगाई थी। भारत की सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मकता को न्यूयॉर्क ले जाने का सपना था, जिसे हम आपके साथ मिलकर साकार करना चाहते थे। इस कार्यक्रम को टालने का निर्णय लेना हमारे लिए बेहद कठिन रहा है।
क्या बोली निता अंबानी?
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन निता अंबानी ने इस बयान में भरोसा दिलाया कि यह कोई रद्दीकरण नहीं, बल्कि सिर्फ थोड़ा विराम है। उन्होंने कहा, "यह सपना मेरे दिल के बहुत करीब है। हमारा लक्ष्य है कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर मनाया जाए। हम जल्द ही नए उत्साह, गर्व और उद्देश्य के साथ लौटेंगे। इसके साथ ही निता अंबानी ने सभी कलाकारों, मेहमानों, प्रायोजकों, और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि आपका विश्वास और समर्थन हमारे लिए प्रेरणा है। हम अपने इस मिशन को जारी रखेंगे।
ठाणे में नाले में मिला अज्ञात महिला का कटा हुआ सिर
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार को भिवंडी के इदगाह रोड पर एक नाले में 25 से 30 साल की एक अज्ञात महिला का कटा हुआ सिर मिला। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे कुछ राहगीरों ने नाले में महिला का कटा हुआ सिर देखा, जो एक कसाईखाने के पास था। सिर पर नाक और कानों में धातु के गहने थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को जांच के लिए अस्पताल भेजा।
नागपुर के व्यक्ति से 1.4 करोड़ रुपये की साइबर ठगी
नागपुर के एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने उसे निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर 1.4 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता जो एक निजी कंपनी में मैनेजर है, 25 जुलाई को फेसबुक और व्हाट्सएप पर निवेश से जुड़ा एक लिंक देखकर फंस गया। शुरुआत में उसने 1 लाख रुपये निवेश किए और बदले में 4 लाख रुपये का रिटर्न भी मिला। इसके बाद भारी मुनाफे के लालच में उसने रिश्तेदारों और दोस्तों से पैसे उधार लेकर कुल 1.4 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने उसे एक फर्जी ऑनलाइन खाता दिखाया, जिसमें भारी मुनाफा दर्ज था। लेकिन जैसे ही उसने पैसा निकालने की कोशिश की, उन्होंने संपर्क बंद कर दिया। जब व्यक्ति को ठगी का एहसास हुआ तो उसने नागपुर साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
महाराष्ट्र : बाल सुधारगृह से 6 लड़कियां फरार, 2 पकड़ी गईं
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर स्थित सरकारी बाल सुधारगृह से छह लड़कियां फरार हो गईं। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर दो को ढूंढ लिया। घटना बुधवार दोपहर हुई। आरोप है कि बालिकाओं ने किसी तरह मुख्य द्वार की चाबी हासिल कर ली और गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के भोजन पर जाने के दौरान भाग निकलीं। अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद डीसीपी सचिन गोरे के नेतृत्व में तलाश अभियान चला। मीरा-भयंदर में दो लड़कियों को उनके घर से बरामद कर सुधारगृह वापस लौटाया गया।
शाह ने परिवार के साथ किए लालबाग के राजा के दर्शन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सपरिवार लालबाग के राजा के दर्शन किए। उन्होंने सपरिवार भगवान गणेश की पूजा अर्चना की और मन्नत मांगा कि गणपति बप्पा सभी पर कृपादृष्टि बनाए रखें। शाह ने दर्शन करने के बाद अपनी पोस्ट में कहा कि लालबाग के राजा का दर्शन करने से सारे दुखों का निवारण हो जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। शाह दक्षिण मुंबई में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के सरकारी आवास 'वर्षा' बंगले पर भी गए। उनके घर पर स्थापित गणपति बप्पा के दर्शन किए और आरती उतारी। उसके बाद कैबिनेट मंत्री आशिष शेलार के द्वारा बांद्रा में स्थापित गणेश पंडाल गए और बप्पा का दर्शन किया।
ओवरहेड उपकरण में खराबी से पश्चिम रेलवे की सेवाएं बाधित
महाराष्ट्र के पालघर जिले में बोईसर और वंगांव के बीच शनिवार शाम ओवरहेड उपकरण में तकनीकी खराबी आने से मुंबई से सूरत की ओर जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही दो घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रही। यह जानकारी पश्चिम रेलवे ने दी। इस घटना के कारण कुछ ट्रेनें रद्द और आंशिक रूप से रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई लंबी दूरी की गाड़ियां देर से चलीं। जिले की आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि बोईसर और वंगांव के बीच रेलवे की हाई-टेंशन तार टूट गई थी। यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए कदम ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) से तालमेल करके अतिरिक्त छह बसें चलाई गईं। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि रात 10 बजकर 6 मिनट पर सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।
मुंबई पुलिस ने 1.25 करोड़ ठगने वाले दो पकड़े
मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने जलगांव से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने ठगों की मदद की, जिन्होंने एक 72 साल की महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' करके करीब 1.25 करोड़ रुपये का चूना लगाया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी रोहित सोनार और हितेश पाटिल ने अपने बैंक खातों का इस्तेमाल ठगों को करने दिया, ताकि महिला से ठगे गए पैसे विदेशों में भेजे जा सकें। घटना 18 अगस्त की है। महिला को एक अनजान शख्स का फोन आया, जिसने खुद को 'डीसीपी संजय अरोरा' बताया। उसने महिला पर मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि या तो वह पैसा दे, वरना उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। डरी-सहमी महिला ने अलग-अलग खातों में लगभग 1.25 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन कुछ समय बाद जब कोई आधिकारिक जांच सामने नहीं आई तो महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि ठगे गए पैसों का एक हिस्सा रोहित सोनार के खाते में गया, जबकि हितेश पाटिल ने विदेश में बैठे साइबर ठगों को अपने बैंक खाते की जानकारी दी थी। दोनों को इस काम के लिए कमीशन भी मिला। फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है।
मनोज जरांगे को मुंबई पुलिस ने एक दिन का समय दिया
मुंबई पुलिस ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल को उनके विरोध प्रदर्शन के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। वह आजाद मैदान में एक दिन और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रख सकते हैं।
ठाणे में प्रेमी के साथ वीडियो कॉल के दौरान महिला ने आत्महत्या की
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 23 वर्षीय महिला ने अपने प्रेमी के साथ वीडियो कॉल के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस सूत्र ने रविवार को बताया कि उत्पीड़न और ब्लैकमेल के आरोपों के बाद उसे हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना गुरुवार को टिटवाला इलाके में हुई।
टिटवाला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'हमने महिला के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रहे हैं। उसके परिवार का आरोप है कि उसने इसी तरह कई अन्य लड़कियों को धोखा दिया है।' पुरुष और महिला की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई, दोस्ती हुई और फिर दोनों के बीच रिश्ता बन गया। महिला के परिवार के बयान का हवाला देते हुए, अधिकारी ने कहा, "प्रेमी ने कई बहाने बनाकर उसके गहने ले लिए थे। जब उसने उससे गहने वापस मांगे, तो उसने उसके निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।"
अधिकारी ने बताया कि उत्पीड़न सहन न कर पाने के कारण महिला ने अपने घर में फांसी लगा ली। अधिकारी ने बताया कि उसके परिवार ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने उसका फोन चेक किया, तो पता चला कि जब उसने आत्महत्या की, तब वह अपने प्रेमी के साथ वीडियो कॉल पर थी। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि महिला का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
गडकरी बोले- चक्रधर स्वामी की शिक्षाएं जीवन के लिए प्रेरणा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि महानुभाव पंथ के संस्थापक चक्रधर स्वामी की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। नागपुर में आयोजित भव्य महानुभाव पंथीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि व्यक्ति में बदलाव उसके संस्कारों से आता है और यही संस्कार जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि चक्रधर स्वामी ने सत्य, अहिंसा, शांति, मानवता और समानता का संदेश दिया था। गडकरी के अनुसार, 'सत्य हमारे जीवन का आधार है और हमें इसका पालन करना चाहिए। हमें नकारात्मकता फैलाने के बजाय सकारात्मकता का प्रसार करना चाहिए और किसी को आहत नहीं करना चाहिए।' गडकरी ने यह भी कहा कि समाज में ईमानदारी, विश्वसनीयता और समर्पण जैसे मूल्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इन्हें जीवन में उतारकर ही हम बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।
मराठा आंदोलन से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की
महाराष्ट्र में व्यापारियों ने चल रहे मराठा आंदोलन पर चिंता जताई है और सामान्य स्थिति बहाल करने तथा दक्षिण मुंबई में व्यवसायों को दीर्घकालिक नुकसान से बचाने के लिए सरकार या उच्च न्यायालय से हस्तक्षेप करने की मांग की है। फेडरेशन ऑफ रिटेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एफआरटीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष वीरेन शाह ने कहा कि आजाद मैदान में भारी भीड़ के कारण दक्षिण मुंबई में पूरी तरह अराजकता फैल गई है और दुकानों तथा बाजारों में सप्ताहांत की बिक्री प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा, 'मुंबई अपहृत महसूस कर रही है।' वीरेन शाह ने कहा कि अनियंत्रित यातायात और बढ़ती भीड़ ने शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे दैनिक जीवन और व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा, 'यह गतिरोध जारी नहीं रह सकता। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार से बातचीत या उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप की तत्काल आवश्यकता है। अन्यथा, दक्षिण मुंबई के व्यापार और आजीविका को दीर्घकालिक नुकसान विनाशकारी होगा।' आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे शुक्रवार से दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर हैं और उनका कहना है कि जब तक मराठा समुदाय को ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण नहीं दिया जाता, वह महानगर नहीं छोड़ेंगे।