corona virus: महाराष्ट्र में 125 मामले
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के तीन और मामले सामने आने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 125 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये तीन नए मामले नागपुर, मुंबई और ठाणे से सामने आए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि दूसरी ओर राज्य में कोरोना वायरस के 15 रोगियों को पूरी तरह ठीक होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि तीन नए मरीजों का यात्रा इतिहास खंगाला जा रहा है।
कोरोना से ठीक हुए बुजुर्ग दंपत्ति चिंता के बीच घर लौटे
कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होने के बाद एक बुजुर्ग दंपत्ति को अस्पताल से छुट्टी मिल गई लेकिन वह तमाम चिंता के बीच अपने घर लौटे। वहीं 26 साल के एक श्रमिक ने अपने गांव लौटने के लिए बिना कुछ खाना खाए 135 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की।
पूर्वी उपनगर घाटकोपर के बुजुर्ग दंपत्ति के विदेश यात्रा से लौटने के बाद उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इस दंपति को इस बात की चिंता थी कि पड़ोस में रहने वाले और अन्य लोग उनके लौटने पर कैसा व्यवहार करेंगे। लेकिन जल्दी ही उनका डर दूर हो गया। दंपति ने कहा कि हमारे साथ अच्छा व्यवहार किया गया। सभी ने सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए हमारा हाल-चाल पूछा।
बीएमसी कमिर्यों ने उनके प्रवेश करने से पहले ही घर की सफाई कर दी थी। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें अगले 14 दिनों के लिए भोजन और मदद की पेशकश भी की क्योंकि हमें घर में पृथक रहना है। इस बीच, एक भाई-बहन को मंगलवार को छुट्टी मिली और दोनों का अनुभव भी ऐसा ही था।
दोनों ने विदेश की यात्रा की थी और पिछले हफ्ते दोनों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। महिला ने कहा कि हम अपने पड़ोसियों की प्रतिक्रिया को लेकर चिंतित थे और भय था कि लोग हमसे कट कर रहेंगे।