महाराष्ट्र के ठाणे जिले से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने रविवार को उन्हें फोन कर कथित तौर पर धमकी दी। इसके बाद विधायक ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पदाधिकारी के मुताबिक, जब पार्टी के एक कार्यकर्ता ने फोन पर उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की, तो उसने उसे भी धमकी दी। जितेंद्र आव्हाड मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
महाराष्ट्र में महायुति सरकार के सहयोगी दल शिवसेना और भाजपा के बीच विवाद सामने आया है। राज्य के परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को पत्र लिखकर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता और मीरा-भायंदर के कुछ पार्षदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। सरनाईक के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब दो बजे नरेंद्र मेहता के साथ 40-50 पार्षद और सैकड़ों समर्थक मीरा-भायंदर नगर निगम आयुक्त राधाबिनोद शर्मा के सरकारी आवास पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने आयुक्त पर दबाव बनाने की कोशिश की। इससे पहले नगर निगम की बैठक में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया गया था।
सरनाईक ने क्या मांग की?
उन्होंने विधायक की सदस्यता रद्द करने, संबंधित पार्षदों को अयोग्य घोषित करने और समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए IAS अधिकारियों के संगठन की विशेष समिति बनाने की अपील की।