महाराष्ट्र के जलगांव में कंटेनर ट्रक से टकराने के बाद कार सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीनों एक दोस्त को छोड़कर लौट रहे थे। आखिर रास्ते में हादसा कैसे हुआ कि तीनों की जान चली गई? पढ़िए इस रिपोर्ट में।
महाराष्ट्र के जलगांव में बंभोरी पुल के पास एक कार कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों को जलगांव के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां के दृश्य सामने आए हैं।
विज्ञापन
जलगांव सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कैजुअल्टी मेडिकल अधिकारी डॉ. निरंजन देशमुख ने बताया, कार चला रहे तीन लोग एक कंटेनर से टकरा गए थे। इसके बाद तीनों को जल्द से जल्द जलगांव के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) लाया गया। तीनों की जांच करने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। तीनों के शव फिलहाल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखे गए हैं। उनका पोस्टमार्टम होने के बाद जांच शुरू होगी।
मृतकों के भाई ने क्या कहा?
तीनों मृतकों के भाई सुशील चौधरी ने बताया, तीनों चचेरे भाई अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए जलगांव आए थे। वापस लौटते समय उनकी कार की एक ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जलगांव के जिला परिषद सदस्य ने क्या बताया?
जलगांव जिला परिषद सदस्य प्रतापराव गुलाबराव पाटिल ने बताया, आज धारंगांव तालुका के बंभोरी के पास एक हादसा हुआ। इसमें तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पंकज चौधरी, हरीश चौधरी और रवि चौधरी के रूप में हुई है। तीनों जलगांव से अपने घर झुरखेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान बंभोरी के पास हादसा हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिली है। मामले से जुड़ी और जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि तीनों अपने-अपने परिवारों में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे। बताया जा रहा है कि मृतकों की उम्र 28 से 32 साल के बीच थी। हादसे में शामिल वाहनों और दुर्घटना की परिस्थितियों के बारे में अभी और जानकारी मिलने का इंतजार है।