महाराष्ट्र के सतारा जिले में मंगलवार तड़के एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रक से भिड़ गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 1:10 बजे खंडाला तहसील के शिरवल में पुणे-बंगलूरू राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के सतारा-पुणे मार्ग पर हुआ। दुर्घटना के कारण इस व्यस्त मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने क्या बताया?
हाईवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'एक कार पुणे से सतारा की ओर जा रही थी, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और इसके बाद दूसरी लेन में चली गई, जहां उसकी ट्रक से टक्कर हो गई।' अधिकारी के अनुसार, कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुणे जिले के वेदांत अर्जुन वारिंगे (19), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (19), निखिल बालू राउत (20) और आदित्य बालासाहेब गरुड़ (19) के रूप में हुई है।
कार में सवार दो अन्य लोग, दोनों की उम्र 20 वर्ष के करीब है और ये पुणे के कामशेत के निवासी हैं। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बाद में क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया।