मंत्री दादा भुसे ने की पीड़ितों से मुलाकात
एकनाथ शिंदे सरकार में मंत्री दादा भुसे ने शुक्रवार नासिक जिले में शुक्रवार को एक निजी बस और ट्रक की भिड़ंत में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। जिला संरक्षक मंत्री भुसे ने सिन्नर के विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे घायल पीड़ितों से मुलाकात की और उनके परिजनों से भी बात की। पीड़ितों से मिलने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए भुसे ने कहा, अंबरनाथ स्थित एक पैकेजिंग कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए शिरडी यात्रा का आयोजन किया था। यात्रा के लिए पंद्रह बसों की व्यवस्था की गई थी।
मंत्री ने कहा, राज्य सरकार घायल पीड़ितों के इलाज का सारा खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा, नासिक-औरंगाबाद राजमार्ग पर हाल ही में हुए हादसे के बाद अधिकारी शहर और जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान के लिए काम कर रहे हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति भवन ने मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, "नासिक शिरडी राजमार्ग पर हुआ सड़क हादसा बेहद परेशान करने वाला है जिसमें महिलाओं एवं बच्चों सहित बेशकीमती जानें गयीं।''
राष्ट्रपति ने कहा, "मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और जान गंवाने वालों के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।"