भाजपा के वोट बचाने को अन्य राज्यों में नहीं फैले: आदित्य ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को तत्कालीन सहयोगी भाजपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया। एक कार्यक्रम में बोलते हुए ठाकरे ने कहा 'भाजपा के कारण हम दूसरे राज्यों में नहीं फैले, हमने खुद को रोके रखा। हम बाहर नहीं गए क्योंकि हम अपने सहयोगियों के वोट नहीं काटना चाहते थे।' अतीत में अविभाजित शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन में होने के बावजूद गोवा जैसे पड़ोसी राज्यों में चुनाव लड़ा है। 2024 के लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में उनकी पार्टी की तुलना में कांग्रेस और राकांपा (सपा) के बेहतर प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर, ठाकरे ने कहा, 'अगर मेरे सहयोगी अच्छा प्रदर्शन करेंगे तो मुझे खुशी होगी। यह वह सिद्धांत है जिसका मेरे दादाजी ने पालन किया, मेरे पिता ने भी इसका पालन किया है।' उन्होंने कहा, महाराष्ट्र में अगर राकांपा (सपा) और कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो हमें खुशी होगी क्योंकि हम सहयोगी हैं।
लोकसभा चुनाव में जीत कर लेकर नहीं थी आश्वस्त: सुप्रिया सुले
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) की नेता सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने बारामती लोकसभा चुनाव एक फकीर की तरह लड़ा और वह जीत के प्रति 100 प्रतिशत आश्वस्त नहीं थीं। बारामती सांसद ने कहा कि यह संभवतः असंभव है कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) नवंबर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा पेश करेगी। एमवीए के प्रमुख घटक राकांपा (सपा) की कार्यकारी अध्यक्ष सुले ने कहा कि गठबंधन चुनाव के बाद सही व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएगा। सुले ने अपनी भाभी सुनेत्रा पवार को हराकर लगातार चौथी बार बारामती लोकसभा सीट जीती है।