मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से डिजिटल तरीके से ठाकरे के संबोधन की सूचना दिए जाने के बाद मुंबई में शाम साढ़े पांच बजे से लोग सब्जियां और जरूरी सामान खरीदने के लिए दुकानों की तरफ निकल पड़े।
बता दें कि पिछले एक पखवाड़े से महाराष्ट्र में रोज संक्रमण के मामले में तेज बढ़ोतरी हो रही है। मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों के अलावा औरंगाबाद जैसे जिलों में भी संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। राज्य में इस महीने की शुरुआत में रात्रि और सप्ताहांत कर्फ्यू सहित सीमित पाबंदी लगाई गई थी।
ठाणे में खरीदारी करने दुकान पर पहुंचे एक व्यक्ति ने कहा कि लॉकडाउन के समय के बारे में कुछ पता नहीं है, यह भी नहीं पता है कि कितनी सख्त पाबंदी लगाई जाएगी। इसलिए जरूरी सामान खरीद लेना ठीक रहेगा।
हालांकि, एक दुकानदार ने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की घोषणा के बाद जिस तरह लोग जल्दबाजी में जरूरी सामान खरीदने दुकानों के लिए निकले थे, उस तरह की स्थिति इस बार नहीं है।
एक और खरीदार ने कहा कि लॉकडाउन नहीं भी लगाया गया तो कड़ी पाबंदी तो लागू की ही जाएगी, इसलिए 10 दिनों का सामान खरीदकर रख लेना ठीक रहेगा। खरीदारी के लिए लोगों के घरों से निकलने के कारण वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई। सड़कों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ गई है।
- बुधवार से पूरे राज्य में धारा 144 लागू होगी, आने-जाने पर पाबंदी
- बुधवार रात आठ बजे से होगी 'ब्रेक द चेन' मुहिम की शुरुआत
- प्रदेश में मीडियाकर्मियों को रहेगी आने-जाने की अनुमति
- लोकल ट्रेन और बस सेवा केवल आवश्यक सेवाओं के लिए होगी
- बैंकिंग और ई-कॉमर्स सेवाएं जारी रहेंगी, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे
- आर्थिक मदद के लिए साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये का पैकेज
- 12 लाख मजदूरों को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी
- राज्य के रिक्शा चालकों को 1500 रुपये नकद सहायता मिलेगी
- आदिवासियों को 2000 रुपये की आर्थिक मदद देने का फैसला
- प्रदेश के पंजीकृत फेरीवालों को भी आर्थिक मदद देगी सरकार
- शिव भोजन थाली के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा
- सभी गरीब और जरूरतमंद लोगों को अगले एक महीने के लिए 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा
सिनेमा हॉल, मनोरंजन पार्क, जिम, खेल परिसर बंद रहेंगे
सिनेमा हॉल, थिएटर, ऑडिटोरियम, मनोरंजन पार्क, जिम, खेल परिसर बंद रहेंगे। फिल्मों, सीरियलों और विज्ञापनों की शूटिंग पर भी रोक रहेगी। सभी दुकानें, मॉल, शॉपिंग सेंटर भी 14 अप्रैल की शाम सात बजे से एक मई तक बंद रहेंगे। ई-कॉमर्स सेवा को केवल जरूरी सामान और सेवाओं की डिलीवरी करने की अनुमति होगी। किसी धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक या राजनीतिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं होगी। अगले एक महीने के लिए सभी गरीबों और जरूरतमंदों को तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल वितरित किया जाएगा।
ठाकरे ने कहा कि राज्य में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 60,212 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को लगातार बेहतर कर रहे हैं, लेकिन इस समय इस पर काफी दबाव है। राज्य में मेडिकल ऑक्सीजन, बेड की कमी है इसके साथ ही रेमडेसिविर की मांग में भी तेजी आई है। ठाकरे ने स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगने के साथ सेवानिवृत्त हो चुके चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से भी मदद करने की अपील की।
प्रधानमंत्री से बात करूंगा : ठाकरे
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मैं प्रधानमंत्री से बात करूंगा और उसने अनुरोध करूंगा कि आस-पास के राज्यों से ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारतीय वायु सेना की सहायता मुहैया कराएं। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क मार्ग से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है, लेकिन वर्तमान हालात में संसाधन कम पड़ गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि संकट के इस समय में हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है और इसके लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।