नागपुर जिले के खापा थाना क्षेत्र के एक गावं में पिता ने 'बेटा नहीं, बेटी चाहिए थी’ इस बात को लेकर अपने नवजात बच्चे सत्यम भजन कवरेती (1) की आंगन में पटक कर हत्या कर डाली। यह घटना 25 मई की रात वाकोडी गांव के श्मशान घाट के पास झोपड़पट्टी परिसर में करीब 9 बजे हुई।
मंगलवार की रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी मथुरा करवेती से भजन (पति) शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पत्नी ने मना किया तो फिर वह मारपीट करने लगा और बोला मुझे ‘बेटा नहीं, बेटी चाहिए थी’। यह कहते हुए अपने बेटे सत्यम को उठाकर घर के आंगन में बाहर पहुंचा और वहां रखे पत्थर पर पटक-पटक कर मार दिया और फिर झूले में सुला दिया।
बुधवार की सुबह घटना का पता चलने पर गांव के सरपंच ने इसकी जानकारी खापा पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर जाकर पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सावनेर लाया गया। जहां पोस्टमार्टम नहीं होने से नागपुर के मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर किया गया। वहीं, झाड़ियों में छिपे आरोपी भजन को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने पत्नी मथुरा भजन कवरेती (32) की शिकायत के बाद आरोपी को भादंवि की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।
आरोपी 7 साल पूर्व वाकोडी गांव में आया था मजदूरी करने
आरोपी गत 7 साल पूर्व वाकोडी गांव में मजदूरी करने आया था। नशे का आदी होने से उसकी पहले दो पत्नी भाग गई। यह आरोपी की तीसरी पत्नी है। मोहल्ले में चर्चा के अनुसार आरोपी पत्नी पर शक करता था। शक के चक्कर में ही उसने बेटे की हत्या करने की चर्चा है। पीआई अजय मानकर के मार्गदर्शन में पुलिस घटना की आगे की जांच कर रही है।