Maharashtra: 'मेरे सिंदूर का क्या हुआ?' महिला ने बीड एसपी ऑफिस में पिया जहर, जानें क्या है पूरा मामला?
Wed, 16 Jul 2025 07:01 PM IST
शुभम कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छत्रपति संभाजीनगर
सार
'मेरे सिंदूर का क्या हुआ?'....ये बोलते हुए महाराष्ट्र के बीड एसपी ऑफिस में एक महिला ने जहर पी लिया। महिला पिछले 21 महीनों से अपने पति के हत्यारों को सजा दिलवाने की मांग कर रही है। इसी सिलसिले में जब महिला बुधवार को बीड एसपी ऑफिस पहुंची तो पहले उसने आत्मदाह की धमकी दी। इसके बाद जहर पी लिया।
महाराष्ट्र के बीड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने से नाराज होकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में जहर पी लिया। महिला की पहचान ज्ञानेश्वरी मुंडे के रूप में हुई है, जो महादेव मुंडे की पत्नी हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, परली निवासी महादेव मुंडे को 19 अक्तूबर 2023 को अगवा कर लिया गया था। तीन दिन बाद उनका शव मिला, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस देरी से दुखी होकर उनकी पत्नी ने आत्महत्या की कोशिश की। वहीं इससे पहले मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर की बात करते हैं, लेकिन सरकार मुझे बताए कि मेरे सिंदूर का क्या हुआ?
पहले आत्मदाह की कोशिश, फिर जहर खाया
बता दें कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे ज्ञानेश्वरी मुंडे एसपी कार्यालय पहुंचीं। वो अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थीं और खुद को आग लगाने की तैयारी में थीं। हालांकि पुलिस ने समय रहते ज्वलनशील पदार्थ को जब्त कर लिया, लेकिन तभी उन्होंने एक बोतल से जहर पी लिया। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वो आईसीयू में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं।