अकोला में मिली मूर्तियां, एएसआई को दी सूचना
अकोला में मकान बनाने के लिए खुदाई के दौरान तीन प्राचीन मूर्तियां मिली हैं और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को इसकी सूचना दे दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मूर्तिजापुर तालुका के माणा गांव में शुक्रवार को मिली मूर्तियां जैन धर्म से जुड़ी हैं और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित रख लिया है।
माना पुलिस थाने के निरीक्षक कैलाश भगत ने कहा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को मूर्तियों के बारे में सूचित कर दिया गया है क्योंकि वे इस क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं। मुर्तिजापुर के विधायक हरीश पिंपले ने कहा कि खुदाई जैन समुदाय के सदस्यों की मौजूदगी में हुई।
रामनवमी का जुलूस देख रही महिला की सीढ़ियों से गिरने से मौत
नागपुर में रामनवमी का जुलूस देख रही 53 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर धक्का-मुक्की के बाद मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीन महिलाओं द्वारा बहस के दौरान धक्का दिए जाने के बाद वह सीढ़ियों से गिर गईं, जिस पर वह खड़ी थीं।
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात को हुई और मृतका की पहचान रामकिशोरी बिंकर के रूप में हुई है। उसने रामनवमी के जुलूस के दौरान तीनों आरोपियों और उसके रिश्तेदार के बीच लड़ाई को रोकने का प्रयास किया था। धंतोली पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई, जिसके बाद तीनों महिलाओं पर लापरवाही और अन्य अपराधों के कारण मौत का आरोप लगाया गया।