आईटी की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने रविवार को अपने नासिक दफ्तर में यौन उत्पीड़न में शामिल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। बहुराष्ट्रीय कंपनी की यह सफाई उसके नासिक दफ्तर में आठ महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म बदलने के आरोपों के बाद आई है। इस हफ्ते के शुरू में पुलिस ने टीसीएस के नासिक दफ्तर के आठ कर्मचारियों की शिकायतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया था।
इन कर्मचारियों ने दावा किया था कि वरिष्ठ सहकर्मियों ने उनका मानसिक और यौन उत्पीड़न किया और उनकी शिकायतों को कंपनी के मानव संसाधन विभाग (एचआर) ने नजरअंदाज कर दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कंपनी की महिला एचआर प्रबंधक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, टीसीएस की किसी भी तरह के उत्पीड़न और जबरदस्ती के खिलाफ लंबे वक्त से शून्य सहिष्णुता नीति है। हमने हमेशा कार्यस्थल पर अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और भलाई के सबसे ऊंचे मानक सुनिश्चित किए हैं।