फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: रायगढ़ किले में प्री-वेडिंग शूट पर कार्रवाई के निर्देश; मुंबई छात्र मौत मामले में एक गिरफ्तार

Wed, 15 Apr 2026 02:48 AM IST
Nirmal Kant न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की मंत्री अदिति तटकरे ने मंगलवार को कहा कि रायगढ़ किले में हुए प्री-वेडिंग शूट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने रायगढ़ कलेक्टर किशन जावले और पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल को कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा कर किले की पवित्रता और ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखने के लिए नियम बनाने की बात कही।
विज्ञापन


उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों के साथ भी बातचीत की। इसमें किले की गरिमा बनाए रखने के लिए तुरंत दिशानिर्देश बनाने पर जोर दिया गया। रायगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संभाजीराजे छत्रपति से भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बातचीत में यह सुझाव दिया गया कि किले में प्री-वेडिंग शूट, फोटोशूट और निजी आयोजनों पर रोक लगाई जाए।

इसी बीच संभाजीराजे छत्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि क्या रायगढ़ किले के लिए हर बात पर नियम बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोगों में नैतिक जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कई जोड़े शादी से पहले और बाद में किले में आते हैं, इसमें कोई गलत बात नहीं है। लेकिन अब यह गतिविधियां बड़े आयोजनों का रूप लेती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज सदर और समाधि स्थल जैसे पवित्र स्थानों पर ऐसे शूट बढ़ रहे हैं।
विज्ञापन

मुंबई छात्र मौत मामले में खुलासा, कल्याण से एक शख्स गिरफ्तार 

मुंबई में एक कॉन्सर्ट के दौरान नशीली दवा की अधिक मात्रा लेने से दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वनराई पुलिस के अनुसार, मामले में एक कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया गया है, जिसने मृतक छात्रों को एमडीएमए (एक नशीला पदार्थ) की गोलियां दी थीं। मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र ने दोनों मृतकों को प्रति गोली 1600 रुपये के हिसाब से नशीली दवाएं बेची थीं। जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्रों ने कुल चार गोलियां ली थीं, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

मामले में एक अन्य आरोपी को भी कल्याण से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी ने कॉलेज छात्र को 6 से 7 एमडीएमए (नशीली दवा) की गोलियों की आपूर्ति की थीं। पुलिस का कहना है कि बाकी बची गोलियां आरोपी छात्र ने अपने समूह के अन्य लोगों को दी होंगी या खुद इस्तेमाल की होंगी। इस एंगल से भी जांच जारी है। पुलिस ने यह भी आशंका जताई है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 5 से 6 टीमों का गठन किया गया है, जो मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को खंगालने की कोशिश कर रही है।

महाराष्ट्र में मराठी नहीं बोलने पर रद्द होगा रिक्शा-टैक्सी लाइसेंस

महाराष्ट्र में मराठी नहीं बोलने पर ऑटो-रिक्शा और टैक्सी का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंगलवार को कहा कि राज्य में एक मई महाराष्ट्र दिवस से सभी लाइसेंस प्राप्त रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी जानना अनिवार्य होगा। परिवहन मंत्री के इस आदेश के बाद महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा और टैक्सी चलाने वाले उत्तर भारतीयों में हलचल मच गई है। 

बिश्नोई गैंग की आरटीओ अधिकारी को धमकी...

महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी अनिवार्य करने के मुद्दे पर मुंबई से सटे मीरा-भायंदर के उप प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के अधिकारी प्रसाद नलावडे को बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है। धमकी देने वाले शख्स ने ऑटो रिक्शा-टैक्सी के परमिट, बैच और लाइसेंस के दस्तावेज के वेरिफिकेशन पर नाराजगी जताई है और धमकी दी कि आप कहां रहते हो, हमें पता है। आपको अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पुलिस ने नलावडे की शिकायत पर एनसीआर दर्ज की है।  

म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स के अत्यधिक सेवन से एमबीए के दो विद्यार्थियों की मौत

मुंबई के गोरेगांव में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स के अत्यधिक सेवन से एमबीए के दो विद्यार्थियों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवती भी शामिल है। यह घटना यहां नेस्को सेंटर में हुई, जहां शनिवार की रात कॉन्सर्ट चल रहा था।

पुलिस ने घटना के सिलसिले में कार्यक्रम के तीन आयोजकों और एक संदिग्ध ड्रग्स सप्लायर सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों  शहर के एक प्रबंधन संस्थान में पढ़ाई करते थे। वे उन 15 छात्रों के समूह का हिस्सा थे, जो म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल हुआ था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस समूह के कुछ सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल में जाने से पहले एक्स्टसी (एमडीएमए) का सेवन किया था और फिर कॉन्सर्ट के दौरान शराब भी पी। इसके बाद कई छात्रों को बेचैनी होने लगी और उन्हें जोगेश्वरी और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार को दो विद्यार्थियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र की हालत अब स्थिर है।  

अमरावती अश्लील वीडियो कांड : मुख्य आरोपी को 21 तक पुलिस कस्टडी

अमरावती जिले के वायरल अश्लील वीडियो और यौन शोषण मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद (19) के खिलाफ पॉक्सो और आईटी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। उसे सोमवार को कोर्ट ने उसे 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस जांच में आरोपी अयान ने कई नाबालिग और युवतियों से दोस्ती कर यौन शोषण किया। उनकी आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए। 180 युवतियों के शोषण और 350 से अधिक अश्लील वीडियो सामने आने की बात कही जा रही। मामला परतवाड़ा क्षेत्र में आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने की सूचना मिलने के बाद उजागर हुआ।

त्र्यंबकेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर 3,000 की ठगी, ट्रस्टी किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी करने के मामले में मंदिर के एक ट्रस्टी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुरुषोत्तम कडलाग को तड़के 1 बजे पकड़ा गया। मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोप है कि मंदिर के आसपास सक्रिय एजेंट श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का लालच देकर उनसे 3,000 रुपये तक वसूलते थे, जबकि आधिकारिक दर्शन पास मात्र 200 रुपये का है।  

टीसीएस में यौन उत्पीड़न व धर्मांतरण का मामला, फरार आरोपी निदा खान समेत 9 आरोपियों के बैंक खाते खंगाले

नासिक स्थित टीसीएस में मुस्लिम कर्मचारियों द्वारा हिंदू महिला कर्मचारियों के यौन शोषण और धर्म परिवर्तन मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है। पुलिस अब फरार आरोपी निदा खान समेत गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों को खंगाल रही है, ताकि ये पता लगाया जा सके कि क्या उन्हें इस अपराध के लिए पैसे मिले थे।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एसआईटी मामले की जांच कर रहा है। इस पूरे मामले में एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को टीसीएस की महिला मैनेजर की पुलिस हिरासत 15 अप्रैल तक बढ़ा दी। जांचकर्ताओं के अनुसार अब तक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 6 पुरुष और 1 महिला है।

टीसीएस भी जांच में जुटी...टीसीएस ने रविवार को कहा कि कंपनी ने लंबे समय से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जोर-जबरदस्ती को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है। कंपनी ने नासिक में यौन उत्पीड़न में कथित रूप से शामिल कर्मचारियों के निलंबन की पुष्टि की है। सोमवार को ‘टाटा संस’ के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने यौन उत्पीड़न को ‘बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक’ बताया। उन्होंने बताया कि टीसीएस की मुख्य परिचालन अधिकारी आरती सुब्रमणियन के नेतृत्व में इस मामले की गहन जांच चल रही है ताकि तथ्यों का पता लगाया जा सके और इस स्थिति के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

फरार आरोपी निदा खान की तलाश तेज
जांचकर्ताओं के मुताबिक, फरार महिला कर्मचारी निदा खान की तलाश तेज कर दी गई है। शिकायतकर्ताओं ने अपने सीनियर पर मानसिक और यौन उत्पीड़न तथा एचआर डिपार्टमेंट पर उनकी शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और महिला मैनेजर के रूप में हुई है, जिन्हें इस मामले के सामने आने के बाद में कंपनी से निलंबित कर दिया गया था।
विज्ञापन

मुंबई मेट्रो साइट पर 400 टन की क्रेन गिरी, ट्रैफिक प्रभावित

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में मेट्रो निर्माण के दौरान एक भारी क्रेन गिरने से इलाके में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकारियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 4.30 बजे हुई, जब प्री-कास्ट बीम उठाते समय 400 टन की क्रेन पलट गई। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन ठेकेदार कंपनी जे इंफ्रा प्रोजेक्ट्स पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शुरुआती जांच में गियर फेल होने की बात सामने आई है। क्रेन हटाने के लिए दूसरी भारी मशीन लगाई गई है और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें